RCB हार गई है. ख़ैर, इसमें नया क्या है. चेपॉक में ये आखिरी बार कब जीते थे, कम ही लोगों को याद होगा. IPL2024 के पहले मैच में भी पुरानी ही कहानी दोहराई गई. चेन्नई सुपरकिंग्स ने रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से धो दिया. टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला करने वाले डु प्लेसी ने मैच के बाद कहा कि उनके बल्लेबाजों से भारी मिस्टेक हुई.
डु प्लेसी बोले,
पिच इतनी भी... CSK से हारे फ़ाफ़ डु प्लेसी ने अपने बल्लेबाजों में बड़ी कमी निकाल दी!
CSKvsRCB मैच का नतीजा वही रहा, जो इतने सालों से चेपॉक में रहता आया है. RCB एक बार फिर से हार गई. और इस हार के बाद उनके कप्तान फ़ाफ़ डु प्लेसी ने अपनी बैटिंग में कमी निकाल दी.

‘जब भी आप खेलते हैं, छह ओवर्स के बाद थोड़ी डिप आती है. बीच के ओवर्स में चेन्नई एक बहुत अच्छी टीम है, वो अपने स्पिनर्स से आपके रन रोक लेते हैं. शायद हम 15-20 रन शॉर्ट रह गए, पिच इतनी खराब नहीं थी जितना हम पहले 10 ओवर्स में खेले.’
चेन्नई की बैटिंग की तारीफ करते हुए डु प्लेसी बोले,
‘चेज़ में वो हमेशा आगे थे, हमने रोकने की कोशिश की, कुछ विकेट्स निकाले, लेकिन अंत में हमने रन ही कम बनाए थे. इस पिच पर हमेशा ही पहले बैटिंग करनी चाहिए. बीते साल पहले बैटिंग करने वालों के लिए चीजें मुश्किल थीं. हमारे स्पिनर्स की गेंद थोड़ी ग्रिप कर रही थी. दिनेश के लिए सीजन ऐसे सेट अप करना अच्छी बात है, खासतौर से ऐसे व्यक्ति के लिए जिसने बहुत सी क्रिकेट नहीं खेली हो. अनुज से बहुत उम्मीदें हैं. उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया.’
यह भी पढ़ें: 18 मार्च को स्ट्रेचर पर मैदान से गया, 22 को सिर्फ़ 10 गेंदों में RCB को ढहा दिया!
मैच के बाद जीते कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने कहा कि उनकी टीम पूरे कंट्रोल में थी. वह बोले,
‘मैं टोटल कंट्रोल कहूंगा, दो-तीन ओवर छोड़कर शुरू से ही. 10-15 रन कम होते तो और सही रहता, लेकिन मैं सोचता हूं कि उन्होंने अंत में बहुत शानदार खेला. मैं सोचता हूं कि मैक्सवेल और फ़ाफ़ के विकेट लेना बड़ा टर्निंग पॉइंट था. हमको तीन जल्दी विकेट्स मिले और इससे हमें अगले ओवर्स में कंट्रोल लेने में मदद मिली. यह असली टर्निंग पॉइंट था.’
रुतु ने ये भी कहा कि कप्तानी करने में उनको मजा आया. पिछले अनुभव का ज़िक्र करते हुए रुतु ने कहा,
‘मुझे ये करने में हमेशा मजा आया. कभी भी ये प्रेशर जैसा नहीं लगा. मेरे पास इसका पिछला भी अनुभव था, कभी भी प्रेशर नहीं लगा. जाहिर तौर पर मेरे पास माही भाई भी थे. मैं सोचता हूं कि मेरी स्क्वॉड में सारे लोग नेचुरल स्ट्रोकप्लेयर हैं. अजिंक्य रहाणे भी बहुत पॉजिटिव खेल रहे हैं. सभी को अपने रोल्स पता हैं. सबने अच्छी बैटिंग की, लेकिन मैं सोचता हूं कि अगर टॉप थ्री से कोई 15 ओवर तक खेल जाता तो आसान रहता.’
बात मैच की करें तो RCB ने पहले बैटिंग करते हुए 173 रन बनाए थे. टीम के लिए युवा अनुज रावत ने 25 गेंदों पर 48 रन बनाए. जबकि दिनेश कार्तिक और फ़ाफ़ डु प्लेसी ने 38 और 35 रन की पारियां खेलीं. जवाब में CSK ने 18.4 ओवर्स में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया.
वीडियो: विराट कोहली ने IPL 2024 के पहले मैच में ही इतना बड़ा रिकॉर्ड बना दिया













