The Lallantop

महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बैटिंग कोच माइक हसी की ये बात सुन, CSK फैन्स निराश हो जाएंगे!

Mahendra Singh Dhoni अभी तक IPL 2024 में बैटिंग करने नहीं उतरे हैं. इसको लेकर टीम के बैटिंग कोच Mike Hussey ने अपनी राय रखी है. क्या बोले?

Advertisement
post-main-image
महेंद्र सिंह धोनी की बैटिंग ऑर्डर को लेकर माइक हसी का बयान सामने आया है (फोटो: PTI)

IPL 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की टीम शुरुआती दोनों मुकाबले जीत चुकी है. लेकिन टीम के फैन्स को अभी भी एक चीज का बेसब्री से इतंजार है. वो है महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को बल्ला थामे मैदान पर देखने का. धोनी RCB और GT के खिलाफ हुए दोनों मैचों में से किसी मुकाबले में बैटिंग करने नहीं उतरे. इसको लेकर अब टीम के बैटिंग कोच माइक हसी (Mike Hussey) ने अपनी राय रखी है.

दरअसल, IPL 2023 के बाद धोनी ने घुटनों की सर्जरी करवाई है. IPL 2023 के दौरान वो घुटनों में परेशानी की वजह से बैटिंग पोजिशन में काफी नीचे आते थे. वहीं इस सीजन अभी तक वो बैटिंग को लिए मैदान पर आए ही नहीं हैं. इसको लेकर हसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा,

Advertisement

“कोच स्टीफन फ्लेमिंग की तरफ से प्लेयर्स को सीधा निर्देश है कि मैच को जितना हो सके, आगे तक ले जाया जाए. इम्पैक्ट प्लेयर नियम आने की वजह से हम एक अतिरिक्त बल्लेबाज और गेंदबाज को मौका दे सकते हैं. इस वजह से बैटिंग ऑर्डर काफी नीचे तक रहता है. मेरे हिसाब से महेंद्र सिंह धोनी का बैटिंग पोजिशन फिलहाल नंबर 8 है, जो वाकई हैरान करने वाला है. लेकिन धोनी प्रैक्टिस मैच के दौरान फॉर्म में नजर आ रहे हैं.”

दरअसल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सीजन के अपने पहले मुकाबले के आखिरी ओवर्स में धोनी ने रविंद्र जडेजा को अपने से पहले बल्लेबाजी करने भेजा था. जबकि 26 मार्च को गुजरात के खिलाफ मैच में धोनी ने युवा बल्लेबाज समीर रिजवी और जडेजा को पहले बैटिंग के लिए भेज दिया. और अब हसी ने जिस तरह का बयान दिया है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि आगे आने वाले मैचों में भी धोनी बैटिंग ऑर्डर में नीचे ही आते रहेंगे.

Advertisement

ये भी पढ़ें: रोहित ने मयंक अग्रवाल का बनाया मजाक, एक फ्लाइंग Kiss ने फैन्स को कौन सा 'दुख' याद दिला दिया?

GT के खिलाफ लिया गजब का कैच

भले ही धोनी बैटिंग के लिए नहीं आते हों, लेकिन 26 मार्च को गुजरात के खिलाफ मैच में धोनी ने एक कमाल का कैच पकड़ा. दरअसल गुजरात की पारी का आठवां ओवर डेरल मिचल डाल रहे थे. ओवर की तीसरी गेंद मिचल ने ऑफ स्टंप के बाहर डाली. विजय शंकर इसे ड्राइव करना चाहते थे. लेकिन गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पीछे की ओर निकल गई. जिसे धोनी ने बिना किसी गलती के फुल लेंथ डाइव मारकर लपक लिया.

IPL 2023 में की थी जबर बैटिंग

माही की बात करें तो IPL 2023 उनके लिए अच्छा रहा था. इस दौरान माही ने कुछ मैचे में उपयोगी पारी खेली थी. धोनी ने इस दौरान 16 मैच में 34.67 की औसत और 185.71 बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 103 रन बनाए थे. धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने IPL 2023 का खिताब अपने नाम किया. इसके साथ ही CSK पांच बार IPL खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन गई. मुंबई इंडियंस के नाम भी IPL के पांच खिताब दर्ज हैं.

Advertisement

वीडियो: मुरली कार्तिक ने यश दयाल को लेकर दिया बेतुका बयान, फैन्स ने कसकर लताड़ दिया!

Advertisement