लखनऊ सुपरजाएंट्स वाले अभी कप्तानी में कोई बदलाव नहीं चाहते हैं. उनका पूरा फ़ोकस अगले दो मैच जीतने पर है. ये दावा किया है टीम के असिस्टेंट कोच लांस क्लूज़नर ने. क्लूज़नर दिल्ली और लखनऊ के बीच होने वाले मैच से पहले मीडिया से बात कर रहे थे. इस बातचीत में उन्होंने राहुल और टीम के मालिक संजीव गोयनका के वायरल वीडियो पर भी सफाई दी.
चाय की प्याली... राहुल-गोयनका विवाद पर क्या बोल गए लखनऊ के कोच?
Sanjiv Goenka LSG के मालिक हैं. इन्होंने हाल ही में अपने कप्तान KL Rahul को सुना दिया था. अब इस मामले में LSG के असिस्टेंट कोच लांस क्लूज़नर ने रिएक्ट किया है. क्लूज़नर ने इस पूरे मामले को हल्का बता दिया.

हैदराबाद के खिलाफ़ मिली दस विकेट की हार के बाद, गोयनका ने राहुल को मैदान में ही सुना दिया था. ये वीडियो भयंकर वायरल हुआ. लोगों ने गोयनका को जमकर सुनाया. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कॉमेंट्स भी बंद कर दिए. तमाम लोगों से राहुल को खूब सपोर्ट मिला. इस मामले पर क्लूज़नर बोले,
'निश्चित रूप से कप्तानी के आसपास कोई चर्चा नहीं हुई है. मुझे दो क्रिकेट प्रेमियों के बीच हुई तगड़ी चर्चा में कोई समस्या नहीं दिखती. यह चाय की प्याली में आए तूफान जैसा है.'
लखनऊ वाले अभी पॉइंट्स टेबल में सातवें नंबर पर हैं. और क्लूज़नर ने स्वीकार किया कि इस सीज़न टीम में निरंतरता का अभाव दिखा. हालांकि उन्हें उम्मीद है कि बचे हुए मैचेज़ में टीम वापसी करेगी. क्लूज़नर ने कहा,
'हम बस थोड़ी और निरंतरता लाना चाहेंगे. अगर हम IPL जीतना चाहते हैं, हमें शायद लगातार पांच मैच जीतने होंगे. जो मैं सोचता हूं कि शायद RCB ने कर भी दिया है. इसलिए ये पक्के तौर पर संभव है. यह बस लंबे वक्त का प्लान है, अभी और आकांक्षाएं पालने से पहले, हमें कल का मैच जीतना होगा.'
यह भी पढ़ें: चार सौ करोड़... गोयनका-राहुल विवाद पर विरेंदर सहवाग की दो टूक!
राहुल इस सीजन 460 रन बना चुके हैं. LSG के लिए उनसे ज्यादा रन किसी ने नहीं बनाए हैं. लेकिन राहुल की स्ट्राइक रेट पर बहुत सवाल हैं. इस पर क्लूज़नर बोले,
'मैं सोचता हूं कि IPL का ये सीजन राहुल के लिए बहुत मुश्किल रहा है क्योंकि हमने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए हैं. जिससे वह तेज नहीं खेल पाए. इसलिए, मैं सोचता हूं कि KL के आसपास की बैटिंग यूनिट उतनी अच्छी नहीं रही, जितनी होनी चाहिए थी.'
इससे पहले, राहुल-गोयनका का वीडियो सामने आने के बाद एक सोर्स के हवाले से ख़बरें चली थीं कि टीम का कप्तान बदला जा सकता है. नाम ना जाहिर करने की शर्त पर सोर्स ने कहा था,
'दिल्ली के खिलाफ़ होने वाले मैच से पहले पांच दिन का गैप है. अभी के लिए, कोई फैसला नहीं लिया गया है. लेकिन ऐसा समझा जा रहा है कि अगर बचे हुए दो मैचेज़ में राहुल सिर्फ़ अपनी बैटिंग पर फोकस करना चाहते हैं. तो मैनेजमेंट को समस्या नहीं होगी.'
ये ख़बर खूब चली. और कुछ ही दिन बाद IANS ने इसका खंडन छापा. इस ख़बर में सोर्स ने कहा,
'यह सब सिर्फ़ अफ़वाहें हैं कि राहुल को कप्तानी से हटा दिया जाएगा. और ऑक्शन में हम उन्हें अपने पास नहीं रखेंगे. बीता मैच हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन अभी टीम और मालिकों के बीच सब ठीक है. राहुल अच्छे स्पेस में हैं और दिल्ली के खिलाफ़ गेम से पहले आराम कर रहे हैं.'
दिल्ली के खिलाफ़ होने वाला मैच ऑलमोस्ट नॉकआउट है. अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए दोनों ही टीम्स को ये मैच जीतना ही होगा.
वीडियो: संजू का थ्रो सीधे पीठ पर, रविंद्र जडेजा आउट क्यों दिए गए?









