हार्दिक पंड्या. मुंबई इंडियंस के नए नवेले कप्तान. हार्दिक ने अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस नई जर्नी की शुरुआत की. और पहले ही मैच में उनको हार का सामना करना पड़ा. मोटेरा में हुए इस मैच में गुजरात ने मुंबई को आखिरी ओवर में छह रन से हरा दिया. इस हार के बाद कैप्टन हार्दिक पंड्या ने दर्शकों की तारीफ की. साथ में इस चेज़ पर भी बात की.
अहमदाबाद में हार हार्दिक बोले- ये गड़बड़ हो गई, बाकी दर्शकों को...
हार्दिक पंड्या की टीम मुंबई इंडियंस गुजरात टाइटंस से आईपीएल 2024 का अपना पहला मैच हार गई. इस हार के बाद कैप्टन पंड्या ने अपनी ग़लतियां गिनाने के साथ फ़ैन्स का खास भी शुक्रिया अदा किया.

ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हार्दिक बोले,
'आखिरी पांच ओवर्स में 43 रन चेज़ करने के लिए हमने खुद को बैक किया था. लेकिन ये उन दिनों में से एक था जब हमने मोमेंटम खो दिया. यहां पर आकर अच्छा लगा क्योंकि यह एक ऐसा स्टेडियम है जिसका आप आनंद ले सकते हैं, माहौल को काफी जीवंत महसूस कर सकते हैं. और जाहिर तौर पर खूब सारे दर्शक आए थे और उन्हें भी अच्छा खेल देखने को मिला.'
इसके साथ हार्दिक ने तिलक वर्मा द्वारा राशिद के ओवर में ना लिए सिंगल पर भी बात की. और कहा,
'मुझे लगता है कि उस समय तिलक को वो ज्यादा सही लगा होगा. मैं उसको पूरे तरीके से बैक करता हूं, कोई परेशानी नहीं है. अभी हमको 13 गेम्स और खेलने हैं.'
ये भी पढ़ें - हार्दिक ने रोहित को दौड़ाया, मीमर्स की बात सच हो गई!
हार्दिक के बाद मैच जीतने वाले कप्तान शुभमन गिल ने भी ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत की. शुभमन की आईपीएल में कप्तान के तौर पर ये पहली जीत है. इस जीत पर शुभमन बोले,
'मुझे लगता है जिस तरीके से लड़कों ने खुद पर काबू रखा और जिस तरीके से हमने डेथ ओवर्स में गेंदबाजी की. खासतौर से ड्यू के आने पर, मुझे लगता है कि ये स्पेशल था. ड्यू के साथ स्पिनर्स ने जिस तरीके से गेंदबाजी की, उन्होंने तय किया की हम गेम में बने रहें. ये सब सिर्फ बैटर्स पर प्रेशर बनाने के बारे में था.'
शुभमन ने साथ में सीनियर बोलर मोहित शर्मा की भी तारीफ की और उनके लिए कहा,
‘वो पिछले साल हमारे साथ जुड़ने के समय से ही काफी अहम रहे हैं. और उम्मीद करते हैं कि वो अपनी इस फॉर्म को बरकरार रखेंगे.’
मुंबई के खिलाफ के प्लान का ज़िक्र करते गिल बोले,
'हम बस उनको अंडर प्रेशर महसूस कराना चाहते थे. प्लान सिर्फ उन पर प्रेशर बढ़ाने का था और उनके मिस्टेक करने का इंतजार करने का. मुझे लगा था कि 170 एक अच्छा टोटल है लेकिन हमने 10-15 रन कम बनाए. इतने पर भी, वो जरूरी रन रेट से ज्यादा रन बना रहे थे. लेकिन पुरानी गेंद और पिच के स्लो होने की वजह गेंद हिट कर पाना मुश्किल था.'
अंत में, मैच का हाल शॉर्ट में बताएं तो टॉस गंवा गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी. टीम ने साई सुदर्शन के 45 और कप्तान शुभमन गिल के 31 रन के दम पर 20 ओवर्स में 168 रन बनाए. जवाब में, मुंबई को पहला झटका पहले ही ओवर में लग गया. ईशान किशन बिना बोर्ड पर बिना कुछ जोड़े ही वापस पविलियन लौट गए.
इसके बाद रोहित शर्मा और नमन धीर ने मिलकर टीम के लिए तेजी से रन जोडे. 20 रन बानकर धीर के आउट होने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने ये काम जारी रखा. लेकिन इस बीच 43 रन की पारी खेल रोहित आउट हो गए. अब चेज़ का ज़िम्मा ब्रेविस के साथ तिलक वर्मा पर आ गया. लेकिन यहां मोहित शर्मा ने डेवाल्ड ब्रेविस को 46 रन पर आउट कर मैच खोल दिया.
और फिर बाकी के मुंबई बैटर्स का मैदान पर आना-जाना लगा रहा. टीम 20 ओवर्स में नौ विकेट खोकर कुल 162 रन ही बना पाई. और गुजरात ने छह रन से मैच को अपने नाम कर लिया.
वीडियो: धोनी ने कप्तानी छोड़ी, लेकिन अभी और दर्द देने वाले है!











