आपने Amazon से कोई प्रोडक्ट ऑर्डर किया जैसे कोई स्मार्टफोन तो वो Open Box Delivery के साथ आएगा. माने पार्सल वाले भईया आपके सामने फोन का डिब्बा ओपन करेंगे. फोन चालू करके देख लेंगे. पूरी तरह से संतुष्ट होने पर ही आप ओटीपी देंगे. लेकिन, मान लीजिए अगर फोन या प्रोडक्ट ऑन ही नहीं हुआ तो? कोई बात नहीं. भईया खुद ही रिटर्न रिक्वेस्ट बना देंगे. प्रोडक्ट वापस जाएगा और आपके पैसे वापस आ जाएंगे. लेकिन उतने नहीं जितने आपने दिए थे. एक निश्चित रकम की कटौती होगी. क्या बात कर रहे हो. अरे हम नहीं कर रहे बल्कि खुद Amazon कह रहा.
Amazon पर प्रोडक्ट रिटर्न अब फ्री नहीं, प्रोसेसिंग फीस कस्टमर्स से ही वसूलेगी कंपनी
Amazon से जमकर शॉपिंग करते हैं और अक्सर ही किसी न किसी प्रोडक्ट को रिटर्न भी करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. अब प्रोडक्ट रिटर्न करने पर भी पूरा पैसा वापस नहीं होगा. एक निश्चित रकम की कटौती प्रोडक्ट लौटाने के बाद भी होगी.

CreditCardsInd नाम के एक्स अकाउंट ने इस कटौती की डिटेल शेयर की. इन्होंने अमेजन से 24075 रुपये का कोई प्रोडक्ट ऑर्डर किया था. उनके मुताबिक जो प्रोडक्ट आया था वो डेड ऑन अराइवल था, माने ऑन ही नहीं हुआ. अमेजन ने प्रोसेस के मुताबिक उनका पैसा तो रिफ़ंड कर दिया, लेकिन शिपिंग और प्रोसेसिंग फीस के 19 और 199 रुपये काट लिए.

अमेजन ने भी उनकी पोस्ट पर जवाब दिया है. पोस्ट के मुताबिक, हम समझते हैं कि आपको पूरा रिफंड नहीं मिला, क्योंकि इसमें से 'ऑफर प्रोसेसिंग फीस' काट ली गई थी. एक बार आपका ऑर्डर शिप हो जाने के बाद, 'ऑफर प्रोसेसिंग फीस' रिफंड नहीं की जाती है.

यूजर का कहना है कि कस्टमर केयर का कहना है कि ये शुल्क वापस नहीं किए जाते, भले ही प्रोडक्ट खराब हो और उसे दरवाजे पर ही लौटा दिया गया हो. उनका सीधा सा सवाल है कि अगर प्रोडक्ट काम नहीं करता है और मैंने कभी डिलीवरी ली ही नहीं, तो फिर मैं इसके लिए पैसे क्यों दे रहा हूं.
प्रोसेसिंग फीस काटकर ही पैसा लौटाया जाएगाअब कस्टमर जो कह रहा वो हैं तो सही. शिपिंग का पैसा काटना तो फिर भी समझ आता है, क्योंकि आने-जाने में पैसा खर्च होता है. हालांकि जब प्रोडक्ट दरवाजे से ही वापस आ गया तो फिर ये भी नहीं लगना चाहिए लेकिन प्रोसेसिंग फीस काटना एकदम ही समझ नहीं आता. हालांकि, अमेजन पर सवाल उठाने का कोई फायदा नहीं क्योंकि उन्होंने नियम कायदे वाली सेफ्टी शील्ड पहले ही ऐप में लगा रखी होगी. वैसे कई बार अगर किसी अकाउंट से कुछ ज्यादा ही ऑर्डर कैंसिल हो रहे या रिटर्न आ रहे तो प्लेटफॉर्म कुछ पैसा वसूलते हैं.
ये भी पढ़ें: सिम नहीं तो WhatsApp नहीं, एक जनवरी से चैटिंग बंद
माने ऑर्डर पहुंच जाएगा तो भी अमेजन पैसा कमाएगा. ऑर्डर कैंसिल हुआ तो अमेजन पैसा छाप लेगा. चित भी मेरी पट भी मेरी, अंटा मेरे बाप का.
बाकी आप देख लो.
वीडियो: एक PNR पर कन्फर्म और वेटिंग टिकट, TTE रोक सकता है सफर? जानिए रेलवे का नियम











