The Lallantop

दिल्ली की हार से पहले, ऋषभ पंत ने ये क्या रूप दिखा दिया!

पंत जिस तरह आउट हुए वो काफी गुस्से में थे. ड्रेसिंग रूम की तरफ जाते वक्त उनका गुस्सा सामने आ गया. पंत ने रास्ते में लगे कुशन पर अपना बल्ला दे मारा.

Advertisement
post-main-image
ऋषभ पंत ने अपनी पारी में 26 गेंदों में 28 रन बनाए. (फोटो- ट्विटर)

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2024 के 9वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 12 रनों से हरा दिया है. मैच के हीरो रहे रियान पराग. लेकिन दूसरी तरफ खबर दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने भी बनाई. आउट होने के बाद पंत (Rishabh Pant got angry after getting out) खुद से नाखुश दिखे. इतना कि जब मैदान से बाहर गए तो गुस्से में कुछ ऐसा किया जिसके कुछ वीडियोज़ अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

Advertisement

185 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने 13 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए थे. कप्तान ऋषभ पंत 25 गेंद पर 28 रन बनाकर खेल रहे थे. टीम को मैच जीतने के लिए 81 रनों की जरूरत थी. 14वां ओवर कराने आए लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल. चहल ने ओवर की पहली गेंद विकेट से काफी दूर कराई. पंत को लगा कि वो गेंद को कट कर लेंगे. वो शॉट खेले. लेकिन गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और सीधे विकेटकीपर संजू सैमसन के ग्लव्स में गई. पंत कैच आउट हो चुके थे.

पंत जिस तरह आउट हुए वो काफी गुस्से में थे. ड्रेसिंग रूम की तरफ जाते वक्त उनका गुस्सा सामने आ गया. पंत ने रास्ते में लगे कुशन पर अपना बल्ला दे मारा. उनके इस रिएक्शन की कई क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

Advertisement

ऋषभ पंत की पारी भी कुछ खास नहीं रही. उन्होंने 26 गेंदों में 28 रन बनाए. इस दौरान दो चौके और एक छक्का लगाया. पंत के अलावा ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड वॉर्नर ने 44 और 49 रन की पारी खेली. लेकिन दिल्ली की टीम मैच नहीं जीत पाई. 12 रनों से टीम को मैच में हार का सामना करना पड़ा. दिल्ली कैपिटल्स की ये लगातार दूसरी हार है. पहला मैच दिल्ली की टीम पंजाब के खिलाफ हारी थी.

मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए पंत ने कहा,

Advertisement

निश्चित तौर पर निराश हूं. इस मैच से हम सीख सकते हैं. बोलर्स ने 15वें-16वें ओवर तक अच्छी बोलिंग की. डेथ ओवर्स में बैटर्स कभी-कभी तेजी से रन बना लेते हैं, इस मैच में ऐसा नहीं हो पाया. मार्श और वॉर्नर ने हमें अच्छी शुरुआत दिलाई थी. लेकिन बीच के ओवरों में हमने कुछ विकेट्स खो दिए. उम्मीद है कि हम अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करेंगे.

रियान पराग ने 84 रन की शानदार पारी खेली

मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीता और बोलिंग करने का फैसला किया. राजस्थान की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रन बनाए. टीम के लिए रियान पराग ने सबसे ज्यादा 84 रन की पारी खेली. आर अश्विन ने 19 गेंद पर 29 रन बनाए. ध्रुव जुरेल ने 20 और हेटमायर ने 14 रन जोड़े. दिल्ली के लिए खलील अहमद, मुकेश कुमार, अक्षर पटेल, एनरिक नॉर्टजे और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाए.

185 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम पांच विकेट खोकर 173 रन ही बना सकी. ओपनर वॉर्नर ने 49 और मिशेल मार्श ने 23 रन बनाए. कप्तान पंत ने 28 और स्टब्स ने 44 रन की पारी खेली. राजस्थान के लिए बर्गर और चहल ने दो-दो विकेट झटके. पेसर आवेश खान ने एक विकेट लिया. मैच में शानदार पारी के लिए रियान पराग को प्लेयर ऑफ दी मैच का अवार्ड मिला. 

वीडियो: 'बैटिंग में गड़बड़ हो गई', अपनी वापसी और दिल्ली की हार पर कप्तान ऋषभ पंत ने क्या कहा?

Advertisement