धोनी के अलावा कौन से तीन खिलाड़ी CSK रिटेन करने वाली है?
विदेशी खिलाड़ी को लेकर बड़ी टेंशन है.
Advertisement

IPL 2022 के लिए CSK इन खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है. (फोटो – पीटीआई)
IPL 2022 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. सभी फ्रेंचाइज़ के पास अपने चार बेहतरीन खिलाड़ियों को रिटेन करने का समय सिर्फ 30 नवंबर तक का है. ऐसे में सभी टीमें इन खिलाड़ियों का चुनाव करने में लगी हुई हैं. इन टीमों में सबसे बड़ा नाम है चैम्पियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स का. चेन्नई के पास इतने सारे स्टार प्लेयर्स हैं कि चार खिलाड़ियों को चुनने में कुछ परेशानी तो होगी ही. इस स्टोरी में हम आपको उन चार खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे जिन्हें खबरों में सबसे ज़्यादा चर्चा की जा रही है. खबरों के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स आने वाले साल के लिए अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को रिटेन करने वाली है. ये संभव भी है क्योंकि धोनी की कप्तानी में ही टीम ने चार बार ट्रॉफी जीती है. धोनी का बल्ला भले ही नहीं चल रहा लेकिन उनकी रणनीति का जवाब अब भी टीमों के पास नहीं है. धोनी खुद से मना करें वो बात अलग है नहीं तो धोनी के अलावा किसी और कप्तान की तरफ़ CSK की टीम बिल्कुल नहीं देखेगी.
#किन खिलाड़ियों को लेगी चेन्नई?
धोनी के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को टीम में वापस रखने का मन बना रही है. रविंद्र जडेजा हमेशा से टीम के अहम प्लेयर रहे हैं. और इनके बीते साल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो जड्डू ने 16 मैच में 145.51 के स्ट्राइक रेट से 227 रन बनाए. वहीं 7.06 की इकॉनमी से 13 विकेट भी निकाले. धोनी के बाद रविन्द्र जडेजा CSK टीम के फिक्स खिलाड़ी रहेंगे. चेन्नई अपनी टीम के युवा ओपनर रुतुराज गायकवाड़ को भी रिटेन करने का प्लान कर रही है. रुतुराज का IPL 2021 शानदार गुज़रा है. 16 मैच में उन्होंने 635 रन बनाए. जो कि पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा थे. साथ ही इसमें एक शतक भी शामिल रहा. रुतुराज चेन्नई टीम के उन युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं. जिन्हें CSK और टीम इंडिया का फ्यूचर कहा जा रहा है. बातें तो यहां तक चल रही हैं कि वो धोनी के बाद टीम के कप्तान भी हो सकते हैं. इन तीन भारतीय खिलाड़ियों के साथ चेन्नई चौथे खिलाड़ी के रुप में मोईन अली या सैम करन के नाम पर विचार कर रही है. दोनों ही खिलाड़ी इंग्लैंड से आते हैं और दोनों ही ऑल-राउंडर हैं. फर्क बस इतना है कि मोईन अली बैटिंग लाइन में ऊपर खेलते हैं और स्पिन गेंदबाज़ी करते हैं. वहीं सैम करन का रोल निचले क्रमें आकर पावर हिटिंग करने का है. जबकि वो तेज़ गेंदबाज़ी करते हैं. मोईन अली का बीता सीजन बढ़िया रहा था. उन्होंने 15 मैच में 137.30 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए थे. साथ ही 6.35 की इकॉनमी से छह विकेट भी निकाले थे.
वहीं, सैम करन का सीजन इतना अच्छा नहीं गुजरा था. उन्होंने नौ मैच खेले थे, जिसमें कुल 56 रन बनाए और नौ विकेट निकाले थे. लेकिन उससे पहले के CSK के लिए उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें टीम में चुना जा सकता है. इसके अलावा उम्र भी सैम करन के साथ है और वो CSK के साथ लंबी पारी खेल सकते हैं.
#रिटेन पॉलिसी क्या है?
चेन्नई सुपर किंग्स भी बाकी सभी टीमों की तरह सिर्फ चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है. जिसमें ज्यादा से ज्यादा तीन भारतीय या फिर दो विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं. अगर चेन्नई तीन भारतीयों के साथ जाती है तो फिर सिर्फ एक विदेशी खिलाड़ी की जगह बन पाएगी.
Advertisement









