The Lallantop

RCB की हार में इंडियन टीम का भला देख रहे हैं गावस्कर

गावस्कर के इस लॉजिक से चलें तो इस IPL में सिर्फ विदेशी खिलाड़ी खेलने चाहिए

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
आईपीएल का 12वां सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए किसी बुरे सपने की तरह रहा है. अब तक 6 मैच खेली है और जीत का खाता तक नहीं खोल सकी है. कप्तान विराट कोहली पर सवाल उठ रहे हैं. कोहली ने बैटिंग करते हुए भी इस सीजन में कुछ ख़ास नहीं किया है. अब तक 6 मैच में करीब 34 की औसत से 203 रन ही बना सके हैं. सुनील गावस्कर ने बेंगलोर और विराट कोहली को लेकर एक कमेंट किया है जो चर्चा में है. सोमवार को मिड-डे में अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखा-
यदि बेंगलोर की टीम आईपीएल के प्ले ऑफ में नहीं पहुंचती है जैसा कि अभी के हालात को देखकर लगता है तो यह भारतीय टीम के लिए आशीर्वाद जैसा साबित हो सकता है. यह इसलिए क्योंकि भारतीय टीम को वर्ल्ड कप 2019 के लिए अपनी बैट्री चार्ज करने के लिए एक हफ्ते से ज्यादा का वक्त मिल जाएगा. इसका मतलब यह हो सकता है कि आईपीएल में जो उनके भाग्य में नहीं था, वह उनके लिए विश्व कप में रखा गया है. भारतीय टीम को यही चाहिए भी. वर्ल्ड कप चार साल में एक बार खेला जाता है और आईपीएल हरेक साल. इसलिए वर्ल्ड कप जीतना आईपीएल की तुलना में बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है.
गावस्कर ने सिलेक्शन कमिटी से कहा है कि हार्दिक पंड्या के रूप में टीम को चौथे तेज़ बॉलर के साथ आगे बढ़ना चाहिए. विजय शंकर को एक्स्ट्रा ऑलराउंडर के तौर पर देखा जा सकता है. शंकर ने कुछ मौके गवाएं हैं लेकिन जो बैट्समैन टीम के लिए दावेदारी कर रहे हैं उनका भी लगभग यही हाल है. गावस्कर ने बेंगलोर की बॉलिंग पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा है कि लेग स्पिनर युजवेंद्र चाहल के अलावा किसी भी बॉलर के पास बैट्समैन को रोकने की क्षमता नहीं है.
हार्दिक पंड्या और विजय शंकर
हार्दिक पंड्या और विजय शंकर

वर्ल्ड कप से ठीक पहले आईपीएल को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. आईपीएल के तुरंत बाद वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम आईपीएल के आखिरी के मैचों से पहले ही अपने खिलाड़ियों को वापस बुला लेगी. भारतीय टीम की ओर से जो भी खिलाड़ी वर्ल्ड कप में चुने जाएंगे, उसमें से करीब-करीब सभी खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं. बीसीसीआई खुद ही होस्ट है, ऐसे में अगर वर्ल्ड कप में जाने वालों खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने से रोकती है तो विदेशी खिलाड़ी क्यों ही खेलने आएंगे! एक डर यह भी है लगातार डेढ़ महीने तक आईपीएल खेलने के बाद वर्ल्ड कप खेलना है. ऐसे में खिलाड़ी थके हुए होंगें और यह हो सकता है कि वर्ल्ड कप में अपना बेस्ट न दें सकें. अगर कोई खिलाड़ी आईपीएल खेलते हुए चोटिल होता है तो यह तो बहुत बड़ा नुकसान है.


वीडियो- विराट कोहली की टीम RCB ने हार के मामले में 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है

Advertisement
Advertisement