पटियाला के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NSNIS) में तैनात कजाकिस्तानी साइकिलिंग कोच मैक्स्ट एसेयबयेय पर यौन उत्पीड़न के आरोप में FIR दर्ज की गई है. उन पर एक नाबालिग खिलाड़ी का उत्पीड़न करने का आरोप है. एसपी सिटी मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(2), 351(3) और POCSO Act के तहत केस दर्ज किया गया है.
भारत में रह रहे विदेशी साइकिलिंग कोच पर नाबालिग के यौन शोषण का आरोप, FIR दर्ज
NIS पटियाला के साइकिलिंग कोच पर नाबालिग खिलाड़ी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है. चार साल पहले साइकिलिंग कोच आरके शर्मा पर भी महिला खिलाड़ी के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था.

मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को 18 सितंबर को इस मामले की शिकायत मिली. कथित घटना 13 सितंबर की है. पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की तलाश कर रही हैं. उसके दिल्ली में होने की सूचना मिली थी. वहां छापेमारी की गई, लेकिन कोच वहां मौजूद नहीं था. हालांकि, पुलिस ने उसका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया है.
आजतक से जुड़े रिपोर्टर मुनीश के मुताबिक, नाबालिग के भी मेडिकल टेस्ट कराए गए हैं. रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस ने नाबालिग की पहचान गोपनीय रखने और पीड़ित परिवार से सीधे संपर्क न करने की अपील की है.
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने इस मामले पर निराशा जाहिर की है. उन्होंने कहा,
स्पोर्ट्स में ऐसा होना बहुत गलत बात है. हमारे बच्चे, खासकर लड़कियों के साथ ऐसा होना गलत है. अगर किसी व्यक्ति ने ऐसा किया है, तो उसे कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए. कोई कहीं का भी हो, लेकिन कानून सबके लिए है. आप यहां काम कर रहे हो तो आपको यहां के कानून जानते हैं. ऐसा नहीं कि उनको नहीं पता था. कोच का अपने स्टूडेंट्स के साथ पवित्र रिश्ता होता है. जो हुआ, वैसा नहीं होना चाहिए था.
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारत का पहला गोल्ड, महिला क्रिकेट टीम ने 147 रनों से जीता फाइनल
यह पहला मौका नहीं है जब साइकिलिंग कोच पर इस तरह के आरोप लगे हैं. साल 2022 में भारतीय साइकिलिंग टीम के चीफ कोच आर.के. शर्मा पर भी महिला खिलाड़ी ने अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे. इसके बाद SAI (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने तत्काल प्रभाव से उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था. एक बार फिर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने से भारतीय साइकिलिंग में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
वीडियो: CommonWealth Games 2026: लवप्रीत सिंह ने कौन सा मेडल जीता?











