The Lallantop

आईपीएल 2019: शनिवार के दिन आये 2 नतीजों की वजहें

अपने ही बल्लेबाज़ों की लम्बी इनिंग्स के चलते हारी मुंबई.

Advertisement
post-main-image
मुंबई इंडियंस की फाइल फोटो.
आईपीएल 2019. 36वां मैच. खेला जा रहा था जयपुर में और मैच था राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियन्स के बीच में. चूंकि दिन शनिवार का था इसलिए मैच दो थे. 37वां मैच खेला गया किंग्स इलेवन पंजाब और डेल्ही कैपिटल्स के बीच. दोनों ही मैचों में चेज़ करने वाली टीमें विजेता साबित हुईं. दोनों ने ही अपने-अपने मैच 5-5 विकेट से जीते. मुंबई को राजस्थान ने और पंजाब को दिल्ली ने हराया. पहले मैच की बात करें तो मुंबई एक अच्छा मैच जीत कर आई थी. इस मैच में उसे राजस्थान ने पहले बैटिंग करने के लिए बोला. मुंबई ने शुरुआत अच्छी की लेकिन फिर एक वक़्त ऐसा आया जब उनके ही बैट्समैन उनकी दिक्कत बन गए. सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों में 34 रन बनाए. इस इनिंग्स की वजह से मुंबई इंडियन्स सिर्फ़ 161 रन ही बना पाई. हालांकि वो एक अच्छी पार्टनरशिप में शामिल थे लेकिन उनकी अपनी इनिंग्स ने एक एंड से गेम को काफ़ी स्लो कर दिया जबकि मुंबई बड़े आराम से 180-190 तक जा सकती थी. उनके साथ थे क्विंटन डिकॉक जिन्होंने शानदार बैटिंग की और 47 गेंदों में 65 रन बनाए. जवाब में इस मैच से ही टीम की कमान संभालने वाले स्टीव स्मिथ ने बढ़िया इनिंग्स खेली और टीम को एक अच्छी जीत दिलाई. दूसरे मैच में पंजाब की टीम में क्रिस गेल के अलावा और कोई भी अच्छी परफॉरमेंस नहीं दिखी. 100 से कुछ ज़्यादा रनों के स्कोर पर जब गेल का विकेट गिरा तो गेल 69 रन बना चुके थे. ये बताता है कि किस तरह से उनके सिवा और कोई भी रन नहीं बना रहा था. गेल ने 37 गेंदों में ये रन बनाए. जवाब में श्रेयस अय्यर की अच्छी इनिंग्स  की बदौलत दिल्ली ने ये मैच जीत लिया. इन दोनों मैचों की कुछ अच्छी परफॉरमेंस देखते हैं:

1. क्विंटन डिकॉक

Quinton de Kock IPL 2019 MI vs RR मुंबई इंडियन्स के लिए अच्छी परफॉरमेंस दे रहे हैं. लगातार. साउथ अफ़्रीका के विकेट कीपर बैट्समैन हैं और इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते थे. इस आईपीएल में 5 मैचों में 30+ का स्कोर बना चुके हैं और 3 बार 50 का आंकड़ा पार किया है. रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर अच्छी पार्टनरशिप की. विकेट्स के दोनों ओर रन बनाए. धवल कुलकर्णी के एक ओवर में डिकॉक ने 18 रन बनाए. उस पूरे ओवर में 19 रन आये. इस दौरान पहली चार गेंदों पर डिकॉक ने 3 चौके और फिर एक छक्का मारा. इस ओवर ने मुंबई का रन रेट 4.33 रन प्रति ओवर से 8 रन प्रति ओवर कर दिया था. ये इनिंग का चौथा ओवर था. मुंबई के बाकी बल्लेबाज़ों के बारे में यहां से अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि चौथे ओवर के बाद 17वें ओवर में जाकर ऐसा मौका आया जब एक ही ओवर में दो चौके लगे हों. इस बीच कितने ही ओवर बिना बाउंड्री के गए और डिकॉक को छोड़ कोई भी बैट्समैन कम्फर्टेबल नहीं दिखाई दिया. आईपीएल में मुंबई इंडियन्स 10 मैच खेल चुकी है और उस दौरान डिकॉक ने 378 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट रहा है 137 का और 81 रनों का हाइएस्ट स्कोर है. अपनी फ्रेंचाईज़ी के लिए इस सीज़न में उन्होंने सबसे ज़्यादा रन बनाए हैं.

2. श्रेयस गोपाल

Shreyas बैंगलोर के क्रिकेटर हैं जो कि राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं. साल 2014 में मुंबई इंडियन्स ने 10 लाख रुपये में खरीदा था और 2018 में राजस्थान ने 20 लाख रुपये में. एक वक़्त था जब आंखों में बैट्समैन बनने का सपना था लेकिन अभी रास्थान के प्रीमियर स्पिन ऑप्शन बने हुए हैं. श्रेयस ने मैच में 4 ओवर फेंके और मात्र 21 रन दिए. उनकी इकॉनमी 6 से भी कम की रही और एक कप्तान के तौर पर आप अपने बॉलर से इससे ज़्यादा और कुछ नहीं मांग सकते हैं. उन्होंने दो बड़े विकेट भी लिए. डिकॉक और रोहित शर्मा. दोनों ही ओपनर और रोहित का विकेट तो उन्होंने पॉवरप्ले में ही लिया. पूरे टूर्नामेंट में इकोनॉमिकल बॉलिंग करने के मामले में श्रेयस गोपाल टॉप 10 में शामिल हैं. उन्होंने 9 मैचों में 32 ओवर फ़ेंके हैं और कुल 10 विकेट लिए हैं.

3. श्रेयस और धवन की पार्टनरशिप

shreyas iyer shikhar dhawan IPL 2019 KXIP vs DC एक दिल्ली का लौंडा और दूसरा मुंबई का कूल डूड. दोनों साथ में दिल्ली के लिए खेल रहे हैं और क्या खूब खेल रहे हैं. धवन जितने भी रन्स बनाते जा रहे हैं इंडियन क्रिकेट के लिए बेहतर है. क्यूंकि वर्ल्ड कप सामने खड़ा है और धवन हमेशा आईसीसी टूर्नामेंट्स के हीरो रहे हैं. श्रेयस अय्यर ने एक अच्छी कैप्टंस इनिंग्स खेली और जीतने वाला शॉट भी उन्हीं के बल्ले से आया. इन दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की पार्टनरशिप बनाई. दिल्ली का एक ओपनर लगातार फ्लॉप हो हो रहा है. लेकिन अय्यर और धवन इसका कोई लोड नहीं ले रहे हैं और लगातार परफॉर्म कर रहे हैं. दोनों ने आंखें खोल के बैटिंग की और कहीं भी ऊट-पटांग शॉट्स खेलने की कोशिश नहीं की. जब धवन आउट हुए और दिल्ली का दूसरा विकेट गिरा तो टीम को मात्र 48 रन चाहिए थे. हाथ में साढ़े 6 ओवर थे. ये मैच जीतने के लिए बहुत होता है. हालांकि एक एंड से दिल्ली के विकेट्स गिरते रहे और ऐसे में एक कप्तान के नाते श्रेयस ने इग्ज़ाम्पल सेट करने वाली पारी खेली और अंत तक टिके रहे. शनिवार के मैचों के बाद पॉइंट्स टेबल की स्थिति भी देख लेते हैं. चेन्नई, जिसे कि बुड्ढों की टीम कहा जा रहा था, टॉप पर है और इस बात का सबूत पेश कर रही है कि टी-20 भले ही यंग क्रिकेटर्स का खेल कहा जाता हो लेकिन एक स्ट्रेटेजिक माइंड और ढेर सारा अनुभव उन्हें कहां से कहां पहुंचा सकता है. मुंबई इंडियन्स, भले ही मैच हार गई लेकिन दूसरे नंबर पर है और उसके 10 मैचों में 12 पॉइंट्स हैं. राजस्थान ने मुंबई को हराया लेकिन अपनी पोज़ीशन बेहतर नहीं कर सकी. 9 मैचों में 6 पॉइंट्स के साथ राजस्थान रॉयल्स टेबल में सेकण्ड लास्ट स्पॉट पर है. डेल्ही कैपिटल्स ने पंजाब को हराया और तीसरे नंबर पर है. 10 मैचों में 6 मैच जीतकर वो मुंबई से नेट रन रेट के मामले में पीछे है. किंग्स इलेवन पंजाब 10 मैचों में 10 पॉइंट्स के साथ चौथे स्पॉट पर है.

Advertisement
Advertisement