आईपीएल 2019. शनिवार का दिन यानी दो मैच. पहला मैच राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियन्स के बीच. और दूसरा किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच. दोनों ही केस में बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने मैच जीत लिया. और यहां अगर आपने खुद ही ये मान लिया कि बैंगलोर ने पहले बैटिंग की थी तो आप गलत हैं. बैंगलोर ने फाइनली आईपीएल में अपना खाता खोल लिया है. 7 मैचों में अब उसकी पहली जीत दर्ज़ हो गई है और पॉइंट्स टेबल में उसके दो पॉइंट्स हो गए हैं. उधर, दिन के पहले मैच में राजस्थान ने मुंबई को हरा दिया. मुंबई ने पहले बीटिंग की और 187 रन बनाए. राजस्थान ने बड़े आराम से आख़िरी ओवर में ये टार्गेट चेज़ कर लिया. दोनों मैचों से आने वाली कुछ स्पेश परफॉरमेंस के बारे में बात करते हैं -
1. डि कॉक

मुंबई की तरफ़ से ओपनिंग करने के लिए आये थे क्विंटन डि कॉक. पिछले साल तक आरसीबी के लिए खेलते थे. मुंबई उन्हें लेकर काफ़ी ख़ुश होगी. टूर्नामेंट में ठीक-ठाक रन्स बना रहे हैं और एक वर्ल्ड क्लास विकेट कीपर तो हैं ही. राजस्थान के ख़िलाफ़ डि कॉक ने 52 गेंदों में 81 रन बनाए. मुंबई की शुरुआत काफ़ी अच्छी रही और रोहित शर्मा जो कि वापसी कर रहे थे, उनके साथ डि कॉक की ओपनिंग पार्टनरशिप लम्बी चली. मुंबई का पहला विकेट 11वें ओवर में गिरा और तब तक मुंबई की टीम अपने सैकड़े के पास पहुंच चुकी थी. डि कॉक ने अपनी इनिंग्स में 6 चौके और 4 छक्के मारे.
2. जॉस बटलर

आईपीएल 2019 के अपने पहले ही मैच से खबरों में आने वाले जॉस बटलर ने आज 89 रन बनाए. इसके लिए उन्होंने 43 गेंदें लीं और इस दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ 8 चौके और 7 छक्के मारे. उन्होंने बुरी गेंदों को तो मारा ही, साथ ही अच्छी गेंदों पर भी बेहद शानदार शॉट्स लगाए. बटलर ने दो अच्छी पार्टनरशिप्स में हिस्सेदारी की. पहले रहाणे के साथ ओपनिंग पार्टनरशिप में 60 रन बनाए और फिर संजू सैमसन के साथ मिलकर 87 रन जोड़े. इस तरह से 187 रनों का पीछा कर रही टीम 2 विकेट्स पर 147 रन बनाकर खड़ी थी. मुंबई की रीढ़ इन्हीं दो पार्टनरशिप्स ने तोड़ दी थी. इसके बाद अरुन लाल की भाषा में कहें तो, "सिर्फ़ औपचारिकताएं' ही शेष" थीं.
3. क्रिस गेल

बात आ गई है दूसरे मैच की. क्रिस गेल पंजाब से खेलते हैं. पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में थे. वही बैंगलोर जिससे आज पंजाब का मैच था. कोहली के लिए अच्छी बात ये है कि उन्होंने खाता खोल लिया है. ये कहिये कि उनकी टीम ने खाता खोल लिया है. लेकिन इससे पहले क्रिस गेल ने शानदार बैटिंग की. शुक्रवार को हमने देखा कि कैसे शिखर धवन 97 रनों पर रुक गए और नॉट-आउट निकले. वैसे ही आज क्रिस गेल एक और टी-20 सेंचुरी से बस एक कदम दूर रह गए. वो 99 नॉट आउट पर वापस लौटे. पहले बैटिंग कर रही पंजाब की इनिंग्स की आख़िरी गेंद पर गेल ने चौका जड़ा और वो 95 रनों से 99 पर पहुंचे. गेल हालांकि शुरुआत में जिस तरह से खेल रहे थे, उन्हें सेंचुरी बहुत जल्दी मार देनी चाहिए थी. लेकिन इनिंग्स के बीच में वो थोड़ा सुस्त पड़ गए और 28 गेंदों में पहले 50 रन बनाने वाले गेल अगले 49 रनों के लिए 36 गेंद ले लेते हैं.
4. डिविलियर्स और कोहली की पार्टनरशिप

दो वर्ल्ड क्लास प्लेयर्स. क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में ये दोनों ही खिलाड़ी बड़ा नाम हैं. हालांकि एबी डिविलियर्स रिटायरमेंट ले चुके हैं लेकिन फिर भी वो टी-20 लीग्स में खेल रहे हैं. कोहली और डिविलियर्स ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 85 रनों की पार्टनरशिप बनाई. कोहली ने आज एक और हाफ़-सेंचुरी मारी और 53 गेंदों में कुल 67 रन बनाए. वहीं डिविलियर्स ने बिना आउट हुए 38 गेंदों में 155 के स्ट्राइक रेट से 59 रन बनाये. कोहली ने अपनी इनिंग्स में 8 चौके मारे जबकि डिविलियर्स ने 5 चौके और 2 छक्के मारे. डिविलियर्स को ही मैन ऑफ़ द मैच डिक्लेयर किया गया. टूर्नामेंट में रन्स बनाने के मामले में विराट कोहली छठे नंबर पर आ गये हैं. उन्होंने कुल 7 इनिंग्स में 38.57 के औसत से 270 रन बनाए हैं. आईपीएल 2019 में ये कोहली की दूसरी हाफ़ सेंचुरी थी. वहीं डिविलियर्स 7 मैचों में 3 हाफ़ सेंचुरी मार चुके हैं. ये सारे बल्लेबाज़ थे. शनिवार को हुए मैचों में जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर की बात ज़रूर करनी पड़ेगी. आर्चर ने मुंबई के तीन विकेट्स निकाले और तीनों ही बड़े विकेट्स थे. जोफ्रा के शिकार में रोहित शर्मा, डिकॉक और पोलार्ड शामिल थे. पोलार्ड का कम रन बनाकर आउट होना भी राजस्थान के पक्ष में ही रहा. वहीं जसप्रीत बुमराह ने रन्स ही नहीं दिए. उनकी इकॉनमी 6 से कम की थी. बुमराह ने मैच में 4 ओवर फेंके जिसमें 23 रन दिए और उन्हें 2 विकेट्स मिले. बात पॉइंट्स टेबल की भी कर लेते हैं जिसमें कि कोई भी खास बदलाव आया ही नहीं है. हर टीम वहीं है जहां से उसने दिन शुरू किया था. आज के दिन बॉटम में मिलने वाली दो टीमें 8 पॉइंट्स कमा लेने वाली टीमों पर भारी पड़ीं.