The Lallantop

34 गेंद पर 91 रन बनाते वक्त हार्दिक पांड्या ने पिच पर अपने भाई से क्या कहा?

पांड्या की बैटिंग पर सचिन ने तारीफ भी की और मुंबई इंडियन्स को सुनाया भी

Advertisement
post-main-image
हार्दिक पंड्या
आईपीएल 2019 का 47 वां मुकाबला. मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियन्स के बीच. जो खेला गया कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान में. ये मैच दर्शकों के लिए फुल पैसा वसूल रहा. दोनों तरफ से धुंआधार चौके-छक्के पड़े. पहले बैटिंग के लिए उतरी केकेआर टीम ने विस्फोटक शुरुआत की. शुभमान गिल के 76 और क्रिस लिन के 54 रन के बदौलत कोलकाता की पारी ज़बरदस्त रन रेट से आगे बढ़ ही रही थी. जिसमें आंद्रे रसेल की पारी ने चार चांद लगा दी. रसेल ने 8 छक्कों के साथ 80 रन की पारी खेली. कोलकाता की पारी जब खत्म हुई तब बोर्ड पर 232 रन टंग चुके थे.
अब बारी मुंबई की थी. शुरुआत बहुत की घटिया रही. 58 रन के स्कोर पर मुंबई के 4 विकेट गिर गए. जिसके बाद मैदान पर आए हार्दिक पांड्या. क्या ज़बरदस्त बैटिंग की उन्होंने. 34 गेंदों में 9 छक्के और 6 चौकों की बदौलत धुंआधार 91 रन कूट दिए. हार्दिक पांड्या जितनी देर क्रीज़ पर मौजूद थे उतनी देर कोलकाता की सांस अटकी रही. एक वक्त ऐसा लग भी रहा था कि मुंबई मैच बचा ले जाएगी. लेकिन जब टीम का स्कोर जब 185 रन था तब हार्दिक आउट हो गए और आखिर में मुंबई की टीम 34 रनों से हार गई.
हार्दिक पांड्या को सुपर स्ट्राइक ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.
हार्दिक पांड्या को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.

मैच खत्म होने के बाद 80 रन बनाने वाले आंद्रे रसेल को 'मैन ऑफ द मैच' का अवॉर्ड दिया गया, वहीं हार्दिक पांड्या को 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच' का अवार्ड मिला. मैच के अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान हार्दिक पांड्या ने कहा:
लगातार रन बनाने के बाद मैंने कृणाल को कहा कि मैं 100 रन के करीब हूं. मैं लकी रहा. सब कुछ बस होता चला गया. सच कहूं तो इस तरह के टोटल स्कोर के साथ आपके पास ज्यादा सोचने का टाइम नहीं बचता है. बस जाना होता है और स्कोर करना होता है. मैं जानता था कि हमारे पास ज्यादा टाइम नहीं था. मैंने भी जाकर वैसा ही किया. मैंने अपने खेल को पूरा एन्जॉय किया और एक खास बात. ऐसी पारी के लिए आपके पास कॉन्फिडेंस का होना बहुत ज़रूरी है. मैंने कॉन्फिडेंस के साथ खेला. किसी भी इंसान के लिए ऐसा लगातार करना मुश्किल होता है. मेरा प्लान बस टोटल स्कोर के पास पहुंचना था उसके बाद जीत हासिल करना था. टोटल के पास तो पहुंचा लेकिन हम जीत हासिल नहीं कर पाए.
हार्दिक पांड्या मैच नहीं जितवा पाए लेकिन उनकी पारी के चर्चे सोशल मीडिया पर खूब हुई. ट्विटर पर काफी देर तक ट्रेंड करते रहे. यहां तक कि बॉलीवुड के भी कई सितारों ने हार्दिक पांड्या की बैटिंग की तारीफ की. ट्विटर पर रणवीर सिंह ने लिखा:
फाइनली केकआर ने खुद को अजूबा साबित किया. हार्दिक पांड्या की शानदार लड़ाई. क्या शानदार बैटिंग की. जबरदस्त ऑलराउंड परफॉर्मेंस.
हार्दिक पांड्या की तारीफ सचिन तेंदुलकर ने भी जमकर की. उन्होंने लिखा:
हार्दिक पांड्या की शानदार बैटिंग. लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि उन्हें टीम के बाकी खिलाड़ियों से सपोर्ट नहीं मिला. जीत के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स टीम को बधाई
मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 34 रनों की जीत के साथ कोलकाता ने अभी भी प्लऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है.


Advertisement
Advertisement