Prabhas की लास्ट रिलीज़ The Raja Saab बॉक्स ऑफिस डिजास्टर रही थी. बावजूद इसके, उनकी पॉपुलैरिटी टस-से-मस नहीं हुई है. जुलाई की तरह अगस्त 2026 में भी उन्हें देश का सबसे चहेता सुपरस्टार बताया गया है. इस दौरान उन्होंने Shah Rukh Khan, Salman Khan, Yash और Ranveer Singh जैसे एक्टर्स को पीछे छोड़ दिया.
शाहरुख-सलमान सबको पछाड़ देश के सबसे पॉपुलर सुपरस्टार बन गए प्रभास!
देश की सबसे महंगी फिल्म 'रामायण' को लीड करने वाले रणबीर कपूर को टॉप 10 में भी जगह नहीं मिल पाई. सलमान भी बुरे पिछड़े.

ऑरमैक्स मीडिया ने अगस्त 2026 की Most Popular Male Film Stars In India की लिस्ट जारी की है. इसमें पॉपुलैरिटी के आधार पर देश के टॉप 10 मेल एक्टर्स को रैंक किया जाता है. ये रैंकिंग किसी एक्टर के सोशल मीडिया फॉलोअर्स, फिल्मों की कमाई या फीस के आधार पर तय नहीं होती. बल्कि इसके लिए आम दर्शकों के बीच लगातार सर्वे और रिसर्च किया जाता है. उसी सर्वे के आधार पर स्टार्स की रैंकिंग की जाती है.

अगस्त 2026 के सबसे पॉपुलर स्टार प्रभास चुने गए हैं. उनकी लास्ट रिलीज़ 'द राजा साब' जनवरी 2026 में आई थी. फिर भी लोगों के बीच उनकी अच्छी हाइप है. इस हाइप की सबसे बड़ी वजह उनका एक साथ 'स्पिरिट', 'फ़ौजी' और 'कल्कि 2' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करना है. लिस्ट में दूसरे नंबर पर शाहरुख खान हैं. उनकी पिछली फिल्म ‘डंकी’ साल 2023 में रिलीज़ हुई थी. फिर भी पॉपुलर स्टार्स की रैंकिंग में उन्होंने अच्छी पकड़ बना रखी है. वो अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर लगातार चर्चाओं में हैं.
लिस्ट में तीसरा स्थान थलपति विजय को मिला है. कुछ समय पहले उनके करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' सिनेमाघरों में आई थी. साथ ही वो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री भी हैं. इससे लोगों के बीच उनकी तगड़ी पॉपुलैरिटी है. अल्लू अर्जुन को सूची में चौथा रैंक दिया गया है. वो लंबे समय से एटली की 'राका' पर काम कर रहे हैं. हाल ही में इस मूवी को गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह मिली है. हालांकि ये लिस्ट उससे पहले ही बन चुकी थी.
पांचवें रैंक पर हैं महेश बाबू. इन दिनों वो SS राजामौली के साथ 'वाराणसी' की शूटिंग कर रहे हैं. इसलिए महेश भी लंबे समय से लगातार चर्चा में बने हुए हैं. छठा रैंक मिला है सूर्या को. उनकी फिल्म 'विश्वनाथ एंड संस' अगस्त में ही रिलीज़ हुई थी और बड़ी हिट भी रही. इसका असर सूर्या की रैंकिंग पर दिख रहा है.
लिस्ट में सातवां रैंक मिला है यश को. उनका इतने नीचे रहना थोड़ा सरप्राइजिंग है. वो इसलिए क्योंकि वो 'रामायण' और 'टॉक्सिक' की वजह से लगातार खबरों में रहे हैं. 'टॉक्सिक' तो अगस्त में ही रिलीज़ हुई थी. मगर लगता है कि उससे यश की पॉपुलैरिटी में बहुत ज्यादा इजाफ़ा नहीं हुआ. आठवें नंबर पर हैं सलमान खान. इस साल उनकी कोई भी मेजर फिल्म रिलीज़ नहीं हुई. मगर स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान उनके सोशल मीडिया पोस्ट और 'मॉनस्टर' की हाइप ने उन्हें हर वक्त चर्चा में रखा. इसलिए उनका इस सूची के टॉप 5 में भी न आना चौंकाने वाली बात है.
खैर, ऑरमैक्स ने अपनी लिस्ट में 9वां स्थान राम चरण को दिया है. उनकी लास्ट रिलीज़ 'पेद्दी' बॉक्स ऑफिस पर सक्सेसफुल रही. पर उसे लोगों से बैकलैश भी मिला है. सूची में दसवें नंबर पर रणवीर सिंह हैं. 'धुरंधर 2' को रिलीज़ हुए पांच महीने से ज्यादा हो गए हैं. इस दौरान वो लगातार मीडिया से दूर रहे. साथ ही उन्होंने अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग भी शुरू कर दी है. इस लिस्ट में रणबीर कपूर को टॉप 10 में जगह नहीं मिल पाई है. वो भी तब, जब वो देश की सबसे महंगी फिल्म 'रामायण' को लीड कर रहे हैं.
वीडियो: 'स्पिरिट' के सेट पर प्रभास-वांगा में तनातनी? रुक गई फिल्म की शूटिंग!












