1. युसुफ पठान- मुझे पक्का पता है कि ये नाम सुनते ही यकीनन सोच रहे होंगे कि आपके जहन में भी ये नाम है. क्या हो गया है युसुफ पठान को? क्या इस ऑलराउंडर का टाइम खत्म हो गया है? 37 साल के युसुफ पठान ने बीते 6 मैचों में पता है कितने रन बनाए हैं. सिर्फ 32. उसमें भी एक मैच में 16 मारे हैं. बाकी पांच में 16. एक भी विकेट भी नहीं लिया है. युसुफ को हैदराबाद की टीम ने इस साल 1.9 करोड़ रुपए देकर रीटेन किया था. पिछले सीजन भी युसुफ ने पूरे 15 मैच खेले थे और 28 के औसत से 260 रन मारे थे. पूरे सीजन 1 विकेट ली थी. अब तक टीम यही सोच रही है कि कब खून खौलेगा रे तेरा युसुफ पठान.

सभी स्क्रीनग्रैब्स IPL की साइट से लिए गए हैं.
2. मनीष पांडे- अपनी पावरफुल हिटिंग के लिए मशहूर इस प्लेयर का बल्ला भी शांत हो चुका है. 2009 में बेंगलोर के लिए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 2009 में जब मनीष ने वो 114 रनों की पारी खेली थी तो दुनिया के कान खड़े हो गए थे. 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद ने मनीष पांडे को 11 करोड़ रुपए में खरीदा था. पूरे 11 11 करोड़ और 2019 के लिए भी रीटेन किया. 2018 में 15 मैचों में सिर्फ 284 रन बनाए थे और और इस बार पता है कितने रन बनाए हैं साहब ने? पूरे 54. वो भी 6 मैच में. 30 साल के मनीष पांडे को समझना चाहिए कि और भी यंगस्टर्स हैं जो अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.

3. कीरन पोलार्ड- 32 साल का ये विंडीज खिलाड़ी मुंबई इंडियन्स के लिए खेल रहा है. अभी तक 5 मैच खेल लिए हैं और बल्ले से सिर्फ 96 रन निकले हैं. इसमें एक मैच में 46 रनों की पारी है. बाकी चार में देख लीजिए क्या प्रदर्शन रहा है. पोलार्ड बहुत बड़े मैच विनर रहे हैं इसलिए इनका बल्ला न चलना मुंबई इंडियन्स के साथ-साथ उनके फैन्स के लिए दिल तोड़ने वाला है. बल्ले के साथ साथ पोलार्ड गेंदबाजी में भी कुछ नहीं कर पाए हैं. एक भी विकेट नहीं मिला है पोलार्ड को. पिछले सीजन भी पोलार्ड ने मुंबई के लिए 9 मैचों में सिर्फ 133 रन बनाए थे. बावजूद इसके उन्हें इस सीजन में 5.4 करोड़ रुपए की फीस देकर रखा गया और यहां भी खराब फॉर्म जारी है.

4. युवराज सिंह- हर क्रिकेटर का एक दौर होता है. युवराज सिंह का भी एक दौर था. आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल तो रहे हैं मगर जिस तरह के प्रदर्शन की युवी से उम्मीद है, वो नहीं दिख रहा है. अभी तक 4 मैच खेले हैं और 98 रन बनाए हैं. इनमें एक 53 रनों की पारी भी है जो पहले ही मैच में खेल ली थी. मगर उसके बाद युवी ने 23, 18 औऱ 4 रनों की पारियां खेलीं. पिछले मैच से ड्रॉप भी हो गए हैं. जब युवराज को कहीं कोई खरीददार नहीं मिल रहा था तो मुंबई ने उनके 1 करोड़ के बेस प्राइस पर खरीद लिया था. पिछले साल पंजाब के लिए खेलते हुए भी युवराज सिंह ने 8 मैचों में सिर्फ 65 रन बनाए थे.

5. जयदेव उनाडकट- आईपीएल में एक खिलाड़ी और है जो हर साल ऑक्शन के दौरान मोटी रकम पाने के लिए चर्चा में आता है. मगर प्रदर्शन हमेशा सामान्य से भी हल्का रहता है. नाम जयदेव उनाडकट है और अभी तक इस लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर ने सिर्फ तीन मैच खेले हैं और दो विकेट लिए हैं. पिछले सीजन भी उनाडकट ने 15 मैच खेले और सिर्फ 11 विकेट लिए यानी प्रति मैच एक विकेट का भी औसत नहीं रहा. 28 साल के उनाडकट को पहले राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज करने का प्लैन बना लिया था मगर फिर ऑक्शन के आखिर में फिर से 8.4 करोड़ रुपए में खरीद लिया. इस खिलाड़ी के बारे में एक बात कही जा सकती है कि नाम बड़े और दर्शन छोटे.

लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-













