Salman Khan का Bigg Boss 20 वाला शर्टलेस मोमेंट न केवल सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, बल्कि उसने व्यूअरशिप का नया रिकॉर्ड भी बना दिया. पिछले हफ्ते सलमान की वजह से इस शो को 21 मिलियन यानी 2.1 करोड़ बार देखा गया. ये गैर-क्रिकेट कॉन्टेन्ट में नया व्यूअरशिप रिकॉर्ड है.
'बिग बॉस' पर सलमान के शर्टलेस मोमेंट ने व्यूअरशिप के रिकॉर्ड्स तोड़ दिए!
जियो-हॉटस्टार पर किसी भी नॉन-क्रिकेट कॉन्टेन्ट को एक हफ्ते में इतने व्यूज़ नहीं मिले.

'बिग बॉस 20' का हालिया 'वीकेंड का वार' एपिसोड 19-20 सितंबर को जियो-हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ था. उसमें सलमान ने वरुण धवन, कटरीना कैफ और सोहेल खान जैसे एक्टर्स को बॉडी शेम करने वाले ट्रोल्स को खूब लताड़ा था. साथ ही उन्होंने उस बात का जवाब भी दिया, जहां लोग सलमान के बढ़े हुए वजन, उम्र और बालों का मजाक उड़ा रहा थे. बातों-बातों में उन्होंने गुस्से में ऑन कैमरा अपनी शर्ट उतारकर ट्रोल्स को चैलेंज तक कर दिया.
कहने की जरूरत नहीं कि सलमान का ये अंदाज़ इंटरनेट पर आग की तरह फैल चुका है. इसका सबसे बड़ा फायदा जियो-हॉटस्टार को मिला. ऑरमैक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते 'बिग बॉस 20' को 2.1 करोड़ व्यूज़ मिले हैं. ये आंकड़ा सोमवार से रविवार तक की व्यूअरशिप के आधार पर तैयार किया जाता है. इसमें किसी शख्स का व्यू तभी जुड़ता है, जब उसने कम-से-कम 30 मिनट तक शो देखा हो. फिलहाल BARC ने TRP जारी करने पर रोक लगाई है. लेकिन ऑरमैक्स का ये व्यूअरशिप आंकड़ा ‘बिग बॉस 20’ को मिली हाइप को साफ़ दर्शाता है.
वैसे, शो में सलमान ने उस अफ़वाह को भी एड्रेस किया जहां ये कहा जा रहा था कि उन्होंने बज़ कट इसलिए रखा क्योंकि वो हेयर ट्रांसप्लांट करवा रहे हैं. सलमान ने इस बात से साफ़ इन्कार किया है. उन्होंने बताया कि ये उनकी नई फिल्म (मॉन्स्टर) का लुक है. मगर उन्होंने अपने बाल इसलिए छोटे करवाए क्योंकि दो महीने पहले उनके एक दोस्त का निधन हो गया था. हालांकि सलमान ने साफ़ कहा कि उन्हें लोगों की ट्रोलिंग से कोई फर्क नहीं पड़ता. फिर भी सोशल मीडिया पर एक्टर्स के खिलाफ़ भद्दा कमेंट करने वालों पर लगाम कसने की जरूरत है. उनकी बात को आम लोगों के अलावा वरुण धवन, रोहित शेट्टी, नेहा धूपिया, ऋचा चड्ढा, मीका सिंह और कुणाल कोहली जैसे फिल्म कलाकारों ने खूब सपोर्ट किया है.
वीडियो: सलमान खान की 'कर्ण' करेगी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड्स का शिकार?












