अभी तक मुझे ऐसा लगता था कि कठिन मैच को आसान बनाकर उसे जीतना एक कला होती है. लेकिन आज मुझे एक नई आर्ट के बारे में मालूम चला. एक जीता हुआ मैच हारने की कला. ऐसे तो भतेरे मैच हुए हैं जिसमें टीम्स जीतने की सिचुएशन से हार जाती हैं. लेकिन आज जिस तरह से दिल्ली हारी है, बिना कला के ऐसा करना पॉसिबल ही नहीं है. मतलब, 21 गेंदों में 23 रन जीतने के लिए चाहिए और 7 विकेट हाथ में है. ऐसे में कौन मैच हार सकता है? इस सवाल का जवाब है - डेल्ही कैपिटल्स. किंग्स इलेवन पंजाब 14 रनों से मैच जीत गई. पंजाब की जीत और दिल्ली की हार की कुछ बातें:
1. पंजाब की बड़ी पार्टनरशिप

डेविड मिलर और सरफराज़ खान की पार्टनरशिप. 62 रन 40 गेंदों में. इस पार्टनरशिप के दौरान मिलर ने 24 गेंदों में 33 रन और सरफराज़ ने 16 गेंदों में 22 रन बनाए. एक वक़्त जब पंजाब के तीन विकेट 58 रन पर गिर गये थे, इस पार्टनरशिप ने इनिंग्स को संभाला. हालांकि इस पहले दूसरे विकेट के लिए सैम करन और मयंक अग्रवाल के बीच 12 गेंद में 21 रन बने जिसमें सैम ने 10 गेंद में 20 रन मारे लेकिन वो पार्टनरशिप ज़्यादा देर तक नहीं चली और सरफराज़ खान को आना पड़ा. दूसरी तरफ़ मयंक अग्रवाल थोड़ा स्ट्रगल करते हुए दिख रहे थे. 9 गेंदों में सिर्फ़ 6 रन ही बना पाए. इसके बाद आना हुआ डेविड मिलर का और पंजाब यहां से थोड़ी बेहतर हालत में पहुंचा.
2. दिल्ली की दो बढ़िया पार्टनरशिप्स

सबसे पहले बात शिखर धवन और श्रेयस अय्यर की पार्टनरशिप. दोनों ने मिलकर 53 गेंदों में 61 रन बनाए. पहला विकेट पहली ही गेंद पर गिर गया था. इसके बाद दिल्ली को एक अच्छी शुरुआत मिली. दूसरी पार्टनरशिप बनी कोलिन इनग्राम और ऋषभ पंत के बीच. 41 गेंदों में 62 रन. इसी पार्टनरशिप ने दिल्ली को जीतने की कगार पर पहुंचा दिया. ऐसा लग रहा था जैसे ये दोनों ही जीता ले जायेंगे. लेकिन फिर धवन आउट हुए और विकेट्स की झड़ी लग गई.
3. दिल्ली का भरभरा कर ढहना

डेल्ही कैपिटल्स जीत के दरवाज़े पर खड़ी थी. 21 गेंदों में 23 रन जीत के लिए चाहिए थे. लेकिन तभी ऋषभ पंत आउट हो गए. इसके बाद विकेट्स ऐसे गिरे जैसे दिल्ली की टीम शिल्पा शेट्टी हो, पंजाब की टीम शाहरुख खान और मैच नहीं बल्कि बाज़ीगर फ़िल्म चल रही हो. 17 गेंदों में 7 विकेट्स गिरे. रन बने मात्र 8. इतने कम अंतर पर इतने सारे रन्स इससे पहले आईपीएल के इतिहास में कभी भी नहीं गिरे थे. डेल्ही कैपिटल्स ने न चाहते हुए भी एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो कि शायद सालों तक बरक़रार रहेगा. मैन ऑफ़ द मैच सैम करन ने हैट्रिक मारी. उन्होंने 2 ओवर और 2 गेंदों में यानी कुल 14 गेंदों में 11 रन दिए और 4 विकेट्स लिए. सैम ने अपने दूसरे ओवर की आख़िरी गेंद पर हर्शल पटेल को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच करवाया और फिर अगली ओवर की पहली दो गेंदों पर 2 विकेट्स लिए. पहले रबाडा और फिर लमीछन्ने को बोल्ड किया. इस तरह से आईपीएल 2019 की ये पहली हैट्रिक साबित हुई. पॉइंट्स टेबल में अपने सारे मैच जीतकर 6 पॉइंट्स के साथ चेन्नई सबसे ऊपर है. दूसरे नंबर पर पंजाब है जो कि एक मैच हारी है और उसके कुल 6 पॉइंट्स हैं. डेल्ही कैपिटल्स पांचवें नंबर है. डेल्ही ने 4 मैच खेले हैं और 2 ही जीते हैं.