अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम अगले हफ्ते का है, तो तारीख पर एक बार जरूर नजर डाल लीजिए. 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक देशभर में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल है. ऐसे में बैंक की शाखाओं से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं. खास बात ये है कि इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी है. यानी लगातार पांच दिनों तक शाखा जाकर बैंकिंग काम कराने में दिक्कत आ सकती है.
28 से 30 सितंबर बैंक हड़ताल: SBI की सलाह, ATM से UPI तक क्या कर पाएंगे ग्राहक
Bank Strike: 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को लेकर SBI ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम पहले निपटाने की सलाह दी है. जानिए ATM, ADWM, CSP, UPI, YONO और इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी कौन सी सेवाएं इस्तेमाल की जा सकती हैं और पांच दिन का बैंकिंग गैप क्यों महत्वपूर्ण है.

SBI ने ग्राहकों से पहले काम निपटाने को कहा
‘आजतक’ के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI ने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा है कि हड़ताल की तारीखों से पहले जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर लें. SBI के मुताबिक बैंक जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश करेगा, लेकिन कर्मचारियों की भागीदारी के हिसाब से शाखाओं और कार्यालयों का काम प्रभावित हो सकता है. SBI की ये सलाह खास तौर पर उन कामों के लिए है जिनमें शाखा जाना या बैंक कर्मचारी की मदद जरूरी होती है.
इस हड़ताल का आह्वान United Forum of Bank Unions यानी UFBU ने किया है. UFBU कई बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठनों का साझा मंच है. बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर के अलावा आगे भी आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया गया है. 7 सितंबर को SBI ने भी शेयर बाजार को दी सूचना में बैंक यूनियनों की प्रस्तावित हड़तालों और संभावित परिचालन असर का जिक्र किया था.
कैश निकालना हो तो ATM और ADWM काम आएंगे
हड़ताल के दौरान नकदी की जरूरत पड़ने पर ग्राहक ATM और Automated Deposit and Withdrawal Machine यानी ADWM का इस्तेमाल कर सकते हैं. SBI ने Customer Service Points यानी CSP का विकल्प भी बताया है. हालांकि किसी खास सेवा की उपलब्धता संबंधित मशीन या CSP की सुविधा पर निर्भर कर सकती है.
UPI, YONO और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल
डिजिटल बैंकिंग करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की बात है. SBI ने Internet Banking, YONO, Mobile Banking और UPI जैसे डिजिटल चैनलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इन माध्यमों से सामान्य ऑनलाइन भुगतान और कई तरह के बैंकिंग ट्रांजैक्शन किए जा सकते हैं.
लेकिन हर बैंकिंग काम ऑनलाइन नहीं होता. जिन सेवाओं में मूल दस्तावेज, शाखा स्तर की जांच, कुछ चेक संबंधी प्रक्रिया या कर्मचारी की प्रत्यक्ष सहायता जरूरी है, उनमें देरी हो सकती है. इसलिए ऐसे कामों को आखिरी तारीख तक छोड़ना समझदारी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: SBI यूजर्स को बड़ा झटका, 4 बार से ज्यादा निकाला कैश तो देनी होगी फीस, जान लें नया नियम
पांच दिन का गैप क्यों महत्वपूर्ण है
28 से 30 सितंबर की हड़ताल अकेली बात नहीं है. उससे ठीक पहले 26 और 27 सितंबर को वीकेंड है. ऐसे में शाखा आधारित सेवाओं के लिहाज से ग्राहकों को 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों का गैप ध्यान में रखना चाहिए. जरूरी नकदी, दस्तावेजी काम, चेक संबंधी प्रक्रिया या शाखा से जुड़े दूसरे काम हैं तो उन्हें पहले निपटाना बेहतर रहेगा.
वीडियो: UPI पर MDR से किसे होगा फायदा? बैंकों से लेकर अमेरिका तक चर्चा









