इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) भारत की महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा के आरोपों की जांच करेगा. असुंता ने हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोलानाथ सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. अब इस पूरे मामले की जांच के लिए IOA ने चार सदस्यों वाली एक इंडिपेंडेंंट जांच कमेटी बनाई है.
हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी पर लगे यौन उत्पीड़न के मामले की जांच करेगा IOA
इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) ने हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोलानाथ सिंह पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए चार सदस्यों वाली एक स्वतंत्र कमेटी बनाई है. ये आरोप असुंता लाकड़ा ने लगाए थे.

हाई कोर्ट की रिटायर्ड जज दीपा शर्मा की अध्यक्षता वाली यह कमेटी खेल मंत्रालय के निर्देश पर बनाई गई है. इस पैनल के अन्य सदस्यों में पूर्व ट्रैक-एंड-फील्ड एथलीट वंदना राव, भारत की महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान ममता खरब और वकील सितवत नबी शामिल हैं.
लाकड़ा ने लगाए थे आरोपलाकड़ा हॉकी इंडिया के एग्जीक्यूटिव बोर्ड की सदस्य भी हैं. उन्होंने हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी पर उन्हें धमकाने और परेशान करने का आरोप लगाया था. उन्होंने यह आरोप तब लगाए, जब उन्होंने झारखंड में स्थानीय कोच सुधीर गोला की ओर से लड़कियों के कथित यौन उत्पीड़न के बारे में चिंता जताई थी. इसके बाद खेल मंत्रालय ने IOA से लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिए एक स्वतंत्र पैनल बनाने को कहा था.
हॉकी इंडिया को लिखे लेटर में IOA की प्रेसिडेंट पीटी ऊषा ने कहा कि हॉकी इंडिया इस जांच कमेटी से जुड़े सभी जरूरी भुगतान के लिए जिम्मेदार होगा. इसमें सदस्यों का मानदेय, ट्रेवल, रहने की व्यवस्था और अन्य खर्च शामिल हैं. हॉकी इंडिया से यह भी कहा गया है कि वह जांच में पूरा सहयोग करे और पैनल को सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराए.
ऊषा ने अपने लेटर में लिखा,
हॉकी इंडिया से अनुरोध है कि वह कमेटी को पूरा सहयोग दे. यह सुनिश्चित करे कि सभी जरूरी दस्तावेज, जानकारी और जरूरत पड़ने पर अन्य सहायता समय पर कमेटी को उपलब्ध कराई जाए.
ये भी पढ़ें : सिराज से अब भी बेहतर हैं शमी! दिग्गज पेसर ने दिखाई फ्लैट पिच पर बॉलिंग की टेक्निक
क्या है लाकड़ा-हॉकी इंडिया विवाद?ये आरोप लाकड़ा और हॉकी इंडिया के बीच बढ़ते विवाद के बीच सामने आए हैं. फेडरेशन की एथिक्स कमेटी ने हाल ही में लाकड़ा को कारण बताओ नोटिस भेजा था. दरसअल, झारखंड की प्लेयर अलबेला रानी टोप्पो ने पूर्व कप्तान लाकड़ा पर उन्हें धमकाने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया था. टोप्पो ने आरोप लगाया था कि लाकड़ा ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की और उनका करियर खत्म करने की धमकी दी. कथित धमकियों के खास कारणों का खुलासा नहीं किया गया था. इसी मामले में कमेटी ने उनके खिलाफ जांच शुरू की थी.
लाकड़ा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था. उन्होंने अपने खिलाफ एथिक्स कमेटी की कार्रवाई को लगातार डराने-धमकाने और बदले की कार्रवाई बताया. इसके बाद, उन्होंने खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से संपर्क किया और अपने खिलाफ एथिक्स कमिटी की कार्यवाही को रोकने के लिए उनसे दखल देने की मांग की थी. विवाद बढ़ने और सिंह के खिलाफ लाकड़ा के आरोपों के बाद खेल मंत्रालय ने IOA को एक स्वतंत्र कमिटी बनाने का निर्देश दिया. अब नई बनी कमिटी अपनी जांच के तहत इन आरोपों और उनसे जुड़ी सामग्री की समीक्षा करेगी.
वीडियो: एशिया कप के बाद अब हॉकी वर्ल्ड कप से भी पीछे हटा पाकिस्तान, बताई ये वजह













