The Lallantop

रोहित शर्मा ने बताया किन खिलाड़ियों ने जिताई सीरीज़?

रोहित ने अपनी कमियों पर भी बात की है.

Advertisement
post-main-image
तो ऐसी टीम इंडिया बनाएंगे रोहित शर्मा (फोटो – पीटीआई)
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सीरीज़ 3-0 से अपने नाम कर ली है. कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए सीरीज के तीसरे और अंतिम T20 मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड को 73 रन से हरा दिया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर्स में 184 रन बनाए थे, जिसका पीछा करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम 111 रन पर ऑल आउट हो गई. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ मिली इस जीत का क्रेडिट भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने गेंदबाजों के साथ नए खिलाड़ियों को दिया है. पोस्ट मैच में गेंदबाजों पर बात करते हुए रोहित ने कहा,
पूरी सीरीज में स्पिनरों ने हमारे लिए काम किया है. अश्विन ने जिस तरह से गेंदबाज़ी की, अक्षर और चहल ने जिस तरह से वापसी की. वेंकटेश अय्यर को उनकी स्किल्स के साथ गेंदबाज़ी करते हुए देखकर अच्छा लगा.’
मैच के बाद रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी पर भी बात की. उन्होंने कहा,
अच्छी शुरुआत करना महत्वपूर्ण है. हमेशा से यही मेरी मानसिकता रही है. एक बार जब आप पिच देख लेते हैं तो आप जानते हैं कि आपको क्या करना है. ओस जल्दी आने के कारण गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी. हमने बल्लेबाज़ी ग्रुप के रूप में कुछ योजना बनाई थी. यह नहीं कहूंगा कि हमने उस पर पूरी तरह अमल किया है. मिडल ऑर्डर में सुधार की ज़रुरत है. हालांकि उनको आज के अलावा ज्यादा मौके भी नहीं मिले है.
इसके साथ रोहित शर्मा ने टीम में बैटिंग की गहराई पर भी बात की. उन्होंने कहा,
आगे बढ़ने के लिए हमारे लिए गहरी बल्लेबाज़ी महत्वपूर्ण है. दुनिया भर की टीमों को देखा जाए तो वो काफ़ी गहरी बल्लेबाज़ी करती है. नंबर आठ और नंबर नौ के खिलाड़ी बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. हर्षल पटेल, जब वो हरियाणा के लिए खेलते हैं, तो उनके लिए बल्लेबाज़ी की शुरुआत करते है. और फिर दीपक, हमने देखा कि उसने श्रीलंका में क्या किया. चहल भी बल्लेबाजी करने के लिए उत्सुक थे.
अपना उदाहरण देते हुए रोहित ने कहा,
‘मैं कंक्रीट पिच पर खेलते हुए बड़ा हुआ हूं. जब मैंने ओपनिंग करनी शुरु की थी, तब से मेरे लिए काफी चीज़ें बदल गई. ये नहीं कहूंगा कि पुल शॉट खेलना स्वाभाविक रुप से आया है. मैंने उन शॉट्स को खेलने के लिए काफी प्रैक्टिस की है. कुछ दिन ये शॉट्स काफी अच्छे लगते है लेकिन मैं यहीं शॉट खेलने के चक्कर में आउट भी हुआ हूं. इसलिए मैं हमेशा कहता हूं, जब आपके पास कोई ताकत हो, आपको उसको बैक करना चाहिए.
#मैच में क्या हुआ? भारत और न्यूज़ीलैंड मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम के लिए बल्लेबाज़ी की शुरुआत रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ने की. दोनों खिलाड़ियों के बीच 69 रन की साझेदारी हुई. रोहित शर्मा के 56 और दीपक चाहर के 8 गेंद में 21 रन की पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 20 ओवर्स में 184 रन बनाए. मैदान पर 185 रन का लक्ष्य लेकर उतरी न्यूज़ीलैंड को शुरुआत में ही झटके लगने शुरु हो गए. अक्षर पटेल ने लगातार अंतराल पर न्यूज़ीलैंड की शुरुआती तीन विकेट निकाल दिए. इसके बाद मार्टिन गुप्टिल 51 और टिम साइफर्ट 17 के बीच छोटी साझेदारी ज़रूर हुई लेकिन वो भी जल्दी ही टूट गई. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन भी बनाए. 17.2 ओवर में टीम 111 रन पर ऑल-आउट हो गई. बताते चलें, अब न्यूज़ीलैंड भारत के साथ दो टेस्ट मैच की सीरीज खेलेगा, जिसकी शुरुआत 25 नवम्बर से होगी.

Advertisement
Advertisement