The Lallantop

रहाणे ने बताया विराट-रोहित का ना होना कैसे है टीम इंडिया के लिए अच्छा?

कप्तान ने एक और अहम सवाल का जवाब दिया है.

Advertisement
post-main-image
तस्वीर में अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली और रोहित शर्मा ( फोटो क्रेडिट : PTI)
सिर्फ एक रात बाद भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज़ का आगाज़ हो जाएगा. उस मैच से ठीक पहले टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे ( Ajinkya Rahane) ने केएल राहुल को लेकर बड़ा बयान दिया है. अजिंक्य रहाणे ने कहा है कि केएल राहुल इंजरी की वजह से टीम इंडिया से बाहर हुए हैं. और वह टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे. ऐसे में बाकी युवा खिलाड़ी मिले मौके को भुना सकते हैं. गौरतलब है कि केएल राहुल बाईं जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से टीम इंडिया से बाहर हुए हैं. और उन्हें ठीक होने में अभी वक्त लगेगा. राहुल का नेशनल क्रिकेट एकेडमी में इलाज हो रहा है. रिहैब से गुजरेंगे. ताकि साउथ अफ्रीका दौरे से पहले तक पूरी तरह से फिट हो जाएं. कानपुर टेस्ट से पहले अजिंक्य रहाणे प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए. बतौर कप्तान इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया के तमाम सवालों के जवाब दिये. रहाणे ने कहा,
'केएल राहुल की चोट से बड़ा झटका लगा है. केएल राहुल इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. उन्हें चोट लगी है. इंग्लैंड में राहुल ने अच्छा प्रदर्शन किया था. ज़ाहिर है कि हम उन्हें मिस करेंगे. लेकिन हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो उनकी जगह को भर सकते हैं. और इन खिलाड़ियों ने पहले भी अच्छा किया था. इसलिए ओपनिंग स्लॉट को लेकर ज्यादा चिंता करने की बात नहीं है.'
बता दें कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा के अलावा मोहम्मद शमी, बुमराह और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया गया है. साथ ही कप्तान विराट कोहली भी पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे. ऐसे में कई युवा खिलाड़ी हैं, जिन्हें मौका दिया जाना है. और वह खेलते हुए नजर आ सकते हैं. अजिंक्य ने इस पर कहा,
'सबसे पहले हम लोग विराट, ऋषभ और रोहित को मिस करने वाले हैं. लेकिन ये युवाओं के लिए अच्छा अवसर भी है. जिन्हें भी ये मौका मिलेगा. वह पूरी आजादी के साथ खेलेंगे. इस टीम का मुख्य मकसद ही एक दूसरे को बैक करना है. भारत और साउथ अफ्रीका की कंडीशंस में फर्क है. फ़िलहाल हम इस सीरीज के बारे में ही सोच रहे हैं.'
बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत के लिए इस मैच में श्रेयस अय्यर डेब्यू कर रहे हैं. न्यूज़ीलैंड टीम में कप्तान केन विलियमसन की वापसी होगी. उन्होंने T20I सीरीज में आराम लेने का फैसला किया था. कानपुर के बाद दूसरा टेस्ट मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. और इस मैच में विराट कोहली की वापसी होगी.

Advertisement
Advertisement