The Lallantop

रोहित ने बताया जिन्हें मौका नहीं मिला उनके साथ क्या होगा?

हर्षल को लेकर रोहित की बात दिल जीत लेगी.

Advertisement
post-main-image
तस्वीर में रोहित शर्मा और टीम इंडिया के खिलाड़ी ( फोटो क्रेडिट : AP/PTI)
हर्षल पटेल. टीम इंडिया के तेज गेंदबाज़. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ दूसरे T20 मैच में हर्षल को डेब्यू करने का मौका मिला. और अपने पहले ही मैच में इस गेंदबाज़ ने दिल जीत लिया. लाजवाब गेंदबाज़ी की. चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट हासिल किये. और प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाज़े गए. हर्षल पटेल की गेंदबाजी से खुद कप्तान रोहित शर्मा काफी इम्प्रेस हुए. और मैच के बाद तो उन्होंने तारीफों के पुल बांध दिए. हर्षल की गेंदबाजी पर रोहित शर्मा ने कहा,
'हर्षल ने समय के साथ हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है. वह काफी स्किलफुल गेंदबाज़ हैं. इस परिस्थिति में भी हर्षल पटेल ने स्लोअर गेंदों को शानदार तरीके से इस्तेमाल किया.'
बता दें कि रांची में भारत और न्यूज़ीलैंड ( India vs New Zealand) के बीच दूसरा T20 मैच खेला गया. इस मैच में टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. टॉस जीता कप्तान रोहित शर्मा ने और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूज़ीलैंड ने शुरुआत अच्छी की. पहले विकेट के लिए मार्टिन गप्टिल और डेरिल मिचेल ने 48 रन जोड़े. गप्टिल 15 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए. जबकि मिचेल ने भी इतने ही रन का योगदान दिया. किसी तरह मेहमान टीम ने 20 ओवर में 153 रन जोड़े. और भारत को जीत के लिए 154 रन का टार्गेट मिला. हर्षल ने सबसे ज्यादा दो विकेट. भुवी, दीपक चाहर, अक्षर पटेल और अश्विन ने एक-एक विकेट अपने नाम किये. #KLRahul-Rohit Sharma लक्ष्य का पीछा करने उतरी सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और केएल राहुल ने धुआंधार बल्लेबाजी की. पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों ने 117 रन जोड़े. केएल राहुल ने 49 गेंदों में 65 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए. जबकि रोहित शर्मा ने एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 36 गेंदों में 55 रन ठोके. बाद में ऋषभ पंत ने लगातार दो छक्के लगाकर टीम को मैच जिता दिया. और इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने T20 सीरीज भी जीत ली. ऐसे में जब मैच के बाद रोहित से पूछा गया कि क्या वह आखिरी T20 मैच में बेंच स्ट्रेंथ को आजमाएंगे? तो इस पर रोहित ने कहा,
'बेंच स्ट्रेंथ की क्वालिटी शानदार है. जब भी मौका मिलता है, खिलाड़ी निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं. इसलिए मेरे लिए ज्यादा महत्वपूर्ण है कि उन्हें आजादी दूं. बाकी बाहरी चीजों का वे लोग खुद ध्यान रख लेंगे. ये युवा टीम है. और लड़कों ने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं. इसलिए महत्वपूर्ण ये है कि उन्हें मिडल में वक्त बिताने का मौका मिले. अगले मैच में बदलाव के बारे में सोचना, ये थोड़ी जल्दबाजी होगी. जो भी टीम के लिए सही होगा वो हम करेंगे. ज़रूरत है कि जो लड़के खेल रहे हैं, उनका ध्यान रखूं. इन्हें भी ज्यादा मौके नहीं मिले हैं. और जो लोग बेंच पर बैठे हैं. उनका भी टाइम आएगा. आगे कई T20 मैच और खेलने हैं.'
बता दें कि युजवेंद्र चहल, आवेश खान, ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ ऐसे चार खिलाड़ी बचे हैं. जिन्हें इस सीरीज में मौके नहीं मिले हैं. ऐसे में रोहित ने साफ़ कर दिया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है. सभी को बराबर मौके मिलेंगे. भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीसरा और आखिरी T20 मैच कोलकाता के इडेन गार्डन में खेला जाएगा. देखने वाली बात ये होगी कि टीम इंडिया न्यूज़ीलैंड का 3-0 से सूपड़ा साफ़ कर पाती है या नहीं?

Advertisement
Advertisement