The Lallantop

भारत की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत, अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से हराया

Manav Suthar को प्लेयर ऑफ द मैच मिला. उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट लिए. ये किसी भी भारतीय गेंदबाज का डेब्यू मैच में दूसरा बेस्ट फिगर है.

Advertisement
post-main-image
दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान संभल नहीं पाया. टीम 112 रन ही बना सकी. (फोटो- PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • भारतीय क्रिकेट टीम ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रनों से हराकर अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
  • अफगानिस्तान की टीम को भारतीय स्पिन गेंदबाज मनाव सुथार और अन्य गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन के कारण लगातार विकेट गिरने का सामना करना पड़ा।
  • इस जीत से भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में आत्मविश्वास बढ़ा है और टीम आगामी सीरीज की तैयारी में लगेगी।

भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट में एकतरफा मुकाबले में हरा दिया है (India defeats Afghanistan). मुल्लांपुर में खेले गए मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से शिकस्त दी. ये भारत की टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी जीत है.

Advertisement

मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. टीम ने पहली पारी में शानदार बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 564 रनों पर पारी डिक्लेयर कर दी. कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने सेंचुरी मारी. ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 81-81 रनों की पारियां खेलीं.

जवाब में अफगानिस्तान की टीम पहली इनिंग्स में सिर्फ 152 रन ही बना सकी. डेब्यू कर रहे स्पिनर मनाव सुथार ने कमाल का प्रदर्शन किया और 6 विकेट झटके. उनकी स्पिन बॉलिंग के आगे अफगानी बैटर्स स्ट्रगल करते दिखे.

Advertisement

भारत ने अफगानिस्तान को फॉलो-ऑन के लिए बुलाया. दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान संभल नहीं पाया. टीम महज 112 रन बना पाई. इस बार वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की. दोनों ने मिलकर 7 विकेट चटकाए. कुलदीप की गुगली और सुंदर की सटीक लाइन-लेंथ ने अफगानिस्तान को जल्दी समेट दिया. मैच तीसरे दिन ही खत्म हो गया.

अफगानिस्तान की बैटिंग इंडियन बॉलर्स के सामने संघर्ष करती नजर आई. एक्सपीरियंस की कमी और भारत के मजबूत स्पिन अटैक के सामने वो टिक नहीं पाए. अफगानिस्तान के बॉलर्स भी भारत की बैटिंग लाइन-अप के सामने ज्यादा असरदार साबित नहीं हो सके.

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भारत के लिए ये जीत अहम है. टीम इंडिया अब और आत्मविश्वास के साथ अगली सीरीज की तैयारी करेगी.

Advertisement
सुथार के नाम हुए कई रिकॉर्ड

मैच में मानव सुथार को प्लेयर ऑफ द मैच मिला. उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट लिए. ये किसी भी भारतीय गेंदबाज का डेब्यू मैच में दूसरा बेस्ट फिगर है. वो केवल नरेंद्र हिरवानी से पीछे हैं. हिरवानी ने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में 61 रन देकर 8 विकेट लिए थे.

अफगानिस्तान के खिलाफ किसी भी बॉलर का ये दूसरा बेस्ट बॉलिंग स्पेल है. इस सदी में सुथार, अमित मिश्रा के अलावा दूसरे ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने डेब्यू टेस्ट की एक पारी में पांच विकेट लिए हैं.

राजस्थान के इस गेंदबाज ने पहले ही मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. उन्होंने ये साबित कर दिया कि वह टीम इंडिया में लंबे समय तक नजर आने वाले हैं. सुथार बॉलिंग के अलावा बैटिंग करने में भी माहिर हैं. पहली इनिंग्स में उन्होंने 41 गेंदों पर 28 रन बनाए थे. जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे.

वीडियो: ODI कैप्टन शुभमन गिल ने बताया अपना सबसे बड़ा लक्ष्य

Advertisement