The Lallantop

स्टोक्स गए, रूट की होगी वापसी! ECB पाकिस्तान सीरीज से पहले खेलेगा मास्टरस्ट्रोक

Joe Root Test Captain : इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान Ben Stokes के रिटायरमेंट के बाद अब ECB ने वापस Joe Root को कप्तान बनाने का मन बना लिया है. वो अगले साल एशेज सीरीज तक टीम की कमान संभाल सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद नई WTC साइकिल में बोर्ड लॉन्ग टर्म कप्तान अनाउंस करेगा.

Advertisement
post-main-image
जो रूट ने 2017 से 2022 के बीच इंग्लिश टीम की कप्तानी की है. (फोटो-PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने टेस्ट टीम के नए कप्तान के रूप में जो रूट को चुना है, जो पाकिस्तान के खिलाफ आगामी 3 मैचों की सीरीज से कमान संभालेंगे।
  • पिछले एक साल में इंग्लिश टेस्ट टीम के प्रदर्शन में गिरावट आई, जिसके कारण बेन स्टोक्स ने कप्तानी छोड़ दी तथा कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने भी रिटायरमेंट लिया।
  • जो रूट के फिर से कप्तान बनने से टीम को स्थिरता मिल सकती है, जबकि बोर्ड ने हैरी ब्रूक को भविष्य के लिए बैटिंग सुधारने और कप्तानी के लिए तैयार करने का निर्णय लिया है।

बेन स्टोक्स के अब इंग्लैंड का कप्तान कौन होगा? इंग्ल‍िश टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में पिछला एक साल काफी निराशाजनक रहा है. पहले एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 4-1 से रौंदा. फिर घर पर आकर न्यूजीलैंड ने 2-1 से हरा दिया. नतीजतन, पहले बेन स्टाेक्स ने रिटायरमेंट का ऐलान किया. फिर कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कह दिया.

Advertisement

माने इंग्लिश टीम को अब एक कप्तान के साथ-साथ एक कोच की भी दरकार है. कई नामों पर चर्चा चल रही है. लेकिन, इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ECB ने अपने नए कप्तान को चुन लिया है. वो कोई और नई टीम के अनुभवी प्लेयर और पूर्व कप्तान जो रूट हैं.

द एथलेटिक की रिपोर्ट के मुताबिक, जो रूट को फिर से इंग्लैंड की रेड बॉल टीम का कप्तान बनाया जा सकता है. यानी फिलहाल हैरी ब्रूक को रेड बॉल क्रिकेट की जिम्मेदारी सौंपने के पक्ष में ECB नहीं है. वो टीम के वाइट बॉल कैप्टन हैं. लेकिन, टेस्ट क्रिकेट में बोर्ड अनुभवी रूट के साथ ही जाना चाहता है.

Advertisement
रूट ने 5 साल की है कप्तानी

रूट ने 2017 से 2022 के बीच इंग्लैंड के टेस्ट टीम की कमान संभाली थी. अब बोर्ड उन्हें आगामी पाकिस्तान सीरीज से लेकर अगले साल होने वाली एशेज सीरीज तक कमान सौंपने के पक्ष में है. रिपोर्ट के मुताबिक, 19 अगस्त से पाकिस्तान के ख‍िलाफ होने वाली 3 मैचों की सीरीज को लेकर बोर्ड जल्द ही अनाउंसमेंट कर सकता है.

न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ हुई 3 मैचों की सीरीज के आख‍िरी मुकाबले के दौरान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. 2022 में उन्होंने जो रूट से ही टीम की कमान अपने हाथों में ली थी. इस दौरान पिछले 4 साल में स्टोक्स और मैक्कुलम की जोड़ी ने बैजबॉल क्रिकेट को खूब प्रमोट किया.

शुरुआत में इस आक्रामक शैली का टीम को खूब फायदा भी मिला. उन्होंने पहले न्यूजीलैंड, फिर पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के ख‍िलाफ शानदार जीत दर्जकर टेस्ट क्रिकेट का क्रेज वापस से बढ़ा दिया. लेकिन, पिछला एक साल इस जोड़ी और उनकी इस शैली के लिए अच्छा नहीं रहा. टीम ने लगातार डाउनफॉल ही देखा. पहले भारत की यंग ब्रिगेड से ड्रॉ, फिर एशेज में हार और अंत में कीवियों के हाथों होम सीरीज में हार.

Advertisement

ये भी पढ़ें : भारत में खेला जाएगा एशेज? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चौंकाने वाले बयान ने मचाया तहलका!

ब्रूक क्यों फर्स्ट चॉइस नहीं?

हालांकि, रूट के लिए ये जिम्मेदारी नई नहीं है. उन्होंने 2022 में कप्तानी छोड़ने से पहले 64 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली. इस दौरान उन्हें 27 मुकाबलों में जीत मिली. लेकिन, ये दौर इंग्लिश क्रिकेट के सबसे मुश्किल दौर के रूप में ही याद किया जाता है. इस दौरान टीम को अवे सीरीज में काफी हार का सामना करना पड़ा था. पहले ऑस्ट्रेलिया, फिर कैरिबियन आइलैंड्स में टीम उनकी अगुवाई में जीत नहीं दर्ज कर सकी थी.

रूट पिछले 4 साल में इंग्लिश टीम के सबसे अहम बैटर रहे हैं. उन्होंने हाल ही में अलेस्टर कुक का इंग्लैंड के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा था. इसी के साथ टेस्ट क्रिकेट इतिहास के वो ऑल टाइम हाईएस्ट रन गेटर की लिस्ट में भी टॉप 5 में शामिल हो गए थे. ये उनकी कंस‍िस्टेंसी ही है, जिसने उन्हें एक बार फिर फर्स्ट चॉइस कप्तान बना दिया है. माने हैरी ब्रूक भले ही टीम के वाइस कैप्टन हैं, रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड ने शॉर्ट टर्म के लिए रूट के साथ ही जाने का फैसला किया है.  

हाल ही में न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ दूसरे टेस्ट में रूट ने टीम की कमान संभाली थी. इस मुकाबले में बेन स्टोक्स नहीं खेले थे. वो डिसिप्ल‍िनरी एक्शन के कारण टीम से बाहर रहे थे. भले ही इंग्लिश टीम ये मुकाबला हार गई थी. बोर्ड ने इस ट्रांजिशन फेज में वापस रूट का रुख करने का मन बना लिया. रूट की वापसी से टीम को तत्कालीन स्टेबिलिटी जरूर मिल जाएगी. लेकिन, लॉन्ग टर्म प्लान के लिए हैरी ब्रूक को तैयार करना ही पड़ेगा. हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड चाहता है कि ब्रूक टीम की कमान संभालने से पहले अपनी बैटिंग पर ध्यान दें.

वीडियो: विराट कोहली का ऐसा कारनामा, स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन और जो रूट पूरे करियर में नहीं कर सके

Advertisement