दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन अब यात्रियों के लिए पूरी तरह खुल गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने रविवार, 26 जुलाई को इसका ऐलान किया. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया. इसके बाद यह कदम उठाया गया. अब मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट दोनों गेट चालू हैं.
दिल्लीवालों को बड़ी राहत, मेट्रो के सभी स्टेशन आज से पूरी तरह से खोले गए
Delhi Metro के सभी स्टेशन यात्रियों के लिए पूरी तरह खुल गए हैं. Jantar Mantar Protest खत्म होने के बाद DMRC ने रविवार, 26 जुलाई को सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट खोलने का ऐलान किया है.

विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा इंतजामों के तहत ये अस्थायी पाबंदियां लगाई गई थीं. DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा,
"दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशन यात्रियों की सेवा के लिए खुले हैं. एंट्री और एग्जिट दोनों गेट चालू हैं."
इससे पहले DMRC ने सेंट्रल दिल्ली में CJP प्रोटेस्ट के दौरान 18 अहम स्टेशनों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था. DMRC के मुताबिक, सुरक्षा इंतजामों के तहत ये फैसला लिया गया, क्योंकि जंतर मंतर के पास भारी भीड़ जमा हो रही थी. बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों में जनपथ, राजीव चौक, नई दिल्ली, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत 18 स्टेशन शामिल थे.
शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद DMRC ने एक पोस्ट में बताया था कि सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट फिर से खोल दिए गए हैं. 26 जुलाई को DMRC ने सारे स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट दोनों गेट खोलने का ऐलान कर दिया.
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर छात्रों की मदद कर रहे जुनैद का दावा- 'पिता और रिश्तेदारों को उठा ले गई UP पुलिस'
NEET-UG पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर करीब एक महीने तक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन चला. धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा प्रदर्शनकारियों की सबसे प्रमुख मांगों में से एक थी. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी इसे लेकर 26 दिनों तक भूख हड़ताल की थी. प्रधान के इस्तीफे के साथ यह प्रोटेस्ट खत्म हो गया. उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी अब देश के शिक्षा मंत्री का भी काम देखेंगे. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी गई है.
वीडियो: CJP Protest में छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने मांगा जवाब









