The Lallantop

विराट-बल के दम पर भारत पुन: विजय-पथ पर

उम्र 27, शतक 26

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

रिकॉर्ड आंकड़ों से सजी और दूसरे-तीसरे-फिर टॉप गियर में खेली गई विराट कोहली की 154* रन की पारी की बदौलत मौहाली में भारत न्यूज़ीलैंड को फिर हार की पटरी पर ले आया और 10 गेंदे शेष रहते हुए 7 विकेट से मैच जीत लिया. 286 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आज फिर भारत के ओपनर भौरे-भौरे पेवेलियन लौट गए. रोहित शर्मा ने 13 और रहाणे ने सिर्फ 5 रन बनाए. 8.4 ओवर में भारत का स्कोर हो गया था 41-2. धोनी आज नंबर 4 पर उतर आए और यहीं से मैच एकतरफा होता चला गया.

Advertisement

धोनी ने 91 गेंदों पर 80 रन की पारी में वो शॉट दिखाए जिनको हम पिछले एक साल में कम ही देख पाए हैं. इस पारी में धोनी ने अपने 9000 रन पूरे किए, 3 छक्के लगाकर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी और कप्तान भी बन गए. 9000 रन बनाने वाले धोनी 5वें खिलाड़ी हैं. लेकिन धोनी के 9000 इस मायने में खास हैं कि आमतौर पर नंबर 6-7 पर आकर बैटिंग की है. इस पोजीशन पर आकर दे घूमा के करना होता है, लंबे स्कोर्स का चांस कम ही होता है. दोनों के बीच 151 रन की साझेदारी हुई. लेकिन 6 रन पर कैच छूटने के बाद महफिल के ध्रुव तारे बने विराट कोहली.

India's captain Mahendra Singh Dhoni raises his bat after scoring half a century during the third one-day international cricket match against New Zealand in Mohali, India, Sunday, Oct. 23, 2016. (AP Photo/Tsering Topgyal)

विराट कोहली ने अपनी 154* की पारी में टी 20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई पारी की याद दिला दी. वह मैच भी यही मौहाली में खेला गया था. शुरूआत में मंद-मंद, मध्यम में थोड़ा-थोड़ा और आखिर में पुरज़ोर स्ट्रोक प्ले के साथ कोहली 4, 4, 6, 2 लगाकर अपने 150 रन पर पहुंचे. कोहली अपने देश में सबसे तेज़ 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. सिर्फ 27 साल के कोहली के 26 शतक हो गए हैं. कोहली में शतक बनाकर विकेट फेंकने की आदत नहीं है. मैच को खत्म करके ही आए. इनका साथ दिया मनीष पांडे ने जो 34 गेंदों पर 28 रन बनाकर जीत के साथ पैवेलियन वापिस आए.  धोनी कवर्स में एक चिप शॉट पर कैच दे बैठे तब न्यूज़ीलैंड टीम की आंखें उम्मीद से टिमटिमाईं थीं स्कोर था 192-3 लेकिन मनीष पांडे ने वक्त-वक्त पर स्ट्राइक बदली और जब चौका लगाना था चौका लगाया.

Advertisement

न्यूज़ीलैंड की पारी लगभग ऐसे ही स्कोर से धड़ाम गई थी. एक समय कीविज़ का स्कोर 28.2 ओवर में 153-2 था. लेकिन लुप्त प्राय गेंदबाज़ी कला लेग-स्पिन के माहिर अमित मिश्रा और केदार जाधव की जुगलबंदी ने स्कोर 199-8 कर दिया. लाथम ने 61 रन बनाकर कीवी पारी को बढ़िया मंच दे दिया था. लॉअर ऑर्डर में जिम्मी नीशम के 57 और मैट हैनरी के 39 फटाफट रनों के दम पर कीवी 285 तक पहुंच गए और 2 गेंद पहले ही ऑल आउट हो गए. पहले मैच की तरह ही केदार जाधव को छोटा स्पेल मिला लेकिन उसमें ही कमाल कर दिया, 5 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट. अगला मैच 26 को धोनी के घर रांची में है.

संक्षिप्त स्कोर:

न्यूज़ीलैंड : 285 ऑल आउट 49.4 ओवर (लाथम 61, नीशम 57, जाधव 5-0-29-3, मिश्रा 10-0-46-2)

Advertisement

भारत: 289-3, ओवर 48.2 (कोहली 154*, धोनी 80, मैट हैनरी 9.2-0-56-2)

Advertisement