24 सितंबर 2007. साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम. जोगिंदर शर्मा की गेंद, मिस्बाह-उल-हक का स्कूप शॉट और शॉर्ट फाइन-लेग पर श्रीसंत का वो कैच. इसी मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था. अब ठीक 20 साल बाद, एक बार फिर इसी ऐतिहासिक शहर और मैदान पर भारत और पाकिस्तान (Ind vs Pak) की टीमें वर्ल्ड कप के महामुकाबले में आमने-सामने होंगी.
धोनी की ऐतिहासिक जीत वाले ग्राउंड पर फिर होगी IND vs PAK की जंग!
ODI World Cup 2027 Schedule : टीम इंडिया 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी. पाकिस्तान के खिलाफ टीम का मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्बर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होना है. ये वही मैदान है, जहां भारत ने पाकिस्तान को हराकर 2007 में T20 वर्ल्ड कप जीता था.

ICC ने 1 अक्टूबर को 2027 में होने वाले मेंस ODI World Cup 2027 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया. केप टाउन में इस शेड्यूल का ऐलान किया गया. इसके साथ ही ICC ने फैंस के लिए टिकट बैलेट भी शुरू कर दिया है.
टीम इंडिया अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केप टाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. यानी 2023 वर्ल्ड कप की दोनों फाइनलिस्ट टीमें ग्रुप स्टेज के पहले ही मुकाबले में टकराएंगी. इसके बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में भारत की भिड़ंत अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगी.
14 टीमों वाले इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे. टूर्नामेंट का आगाज 2 अक्टूबर को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में 'सुपर सीरीज' के साथ होगा. तीन टीमों के बीच होने वाली इस मिनी प्रतियोगिता से यह तय होगा कि ग्रुप स्टेज में जाने वाली आखिरी टीम कौन सी होगी.
दरअसल, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने सह-मेजबान (को-होस्ट) होने के नाते सीधे क्वालीफाई कर लिया है. वहीं, 8 अन्य टीमों ने 30 सितंबर, 2026 की कट-ऑफ तारीख तक ICC मेंस ODI टीम रैंकिंग के आधार पर अपनी जगह पक्की की है. बाकी बची 4 जगहों का फैसला क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर के जरिए होगा.
नियम कुछ ऐसा है कि क्वालीफायर में टॉप पर रहने वाली टीम सीधे मेन ग्रुप स्टेज में एंट्री कर लेगी. जबकि बाकी तीन टीमें 'सुपर सीरीज' खेलेंगी. सुपर सीरीज के तीन मुकाबले 2, 4 और 6 अक्टूबर को खेले जाएंगे, जहां हर टीम एक-दूसरे से एक-एक बार भिड़ेगी. इसमें जो टीम टॉप पर रहेगी, उसे ग्रुप स्टेज का आखिरी टिकट मिल जाएगा.
ग्रुप स्टेज की कुल 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप A में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफाइंग टीम है. वहीं, ग्रुप B में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और दूसरी क्वालीफाइंग टीम को रखा गया है.
ग्रुप स्टेज के कुछ अहम मैचों की बात करें तो:
7 अक्टूबर: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (केप टाउन)
8 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश (विंडहोक)
9/10 अक्टूबर: सह-मेजबान साउथ अफ्रीका अपने अभियान की शुरुआत केप टाउन में न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा.
10 अक्टूबर: भारत बनाम पाकिस्तान (जोहान्सबर्ग)
11 अक्टूबर: जिम्बाब्वे बनाम अफगानिस्तान (बुलावायो)
13 अक्टूबर: इंग्लैंड बनाम श्रीलंका (विंडहोक - यह नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर इस टूर्नामेंट का आखिरी मैच होगा).
24 अक्टूबर: जिम्बाब्वे अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच विक्टोरिया फॉल्स के नए वेन्यू पर भारत के खिलाफ खेलेगा.
'सुपर 7' राउंड और सीडिंग का पूरा नियमग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद हर ग्रुप की टॉप-3 टीमें यानी कुल 6 टीमें 'सुपर 7' राउंड में पहुंचेंगी. अब सवाल है कि सातवीं टीम कौन होगी? दोनों ग्रुप में चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों में से जिसके पॉइंट्स ज्यादा होंगे, वो सातवीं टीम बनकर सुपर 7 में जाएगी.
खास बात यह है कि सुपर 7 राउंड में जाने वाली सातों टीमें ग्रुप स्टेज का कोई भी पॉइंट अपने साथ आगे लेकर नहीं जाएंगी. यानी कहानी फिर जीरो से शुरू होगी. यहां हर टीम 25 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच कुल 6 मैच खेलेंगी.
फैंस, टीमों और स्टेकहोल्डर्स को संभावित मैचों, स्टेडियम और ट्रैवल प्लान के बारे में पहले से साफ जानकारी रहे, इसके लिए ICC ने 7 टीमों की सीडिंग पहले से तय कर दी है :
A1: भारत
A2: ऑस्ट्रेलिया
A3: पाकिस्तान
A4 (AB4): इंग्लैंड
B1: न्यूजीलैंड
B2: साउथ अफ्रीका
B3: श्रीलंका
सुपर 7 राउंड 25 अक्टूबर को शुरू होगा, जहां जोहान्सबर्ग में A2 का मुकाबला B3 से होगा. आसान भाषा में समझें तो अगर ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका दोनों सुपर 7 के लिए क्वालीफाई करते हैं, तो 25 अक्टूबर का यह मैच ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका होगा.
लेकिन अगर कोई ऐसी टीम सुपर 7 में पहुंचती है जो पहले से सीडेड नहीं थी. और कोई सीडेड टीम बाहर हो जाती है, तो नई टीम बाहर होने वाली सीडेड टीम की जगह ले लेगी. उदाहरण के लिए: अगर बांग्लादेश सुपर 7 में पहुंच जाता है और श्रीलंका बाहर हो जाता है, तो बांग्लादेश को 'B3' की जगह मिल जाएगी और वो 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगा. ICC का कहना है कि सीडिंग सिस्टम इसलिए लाया गया है ताकि फैंस को मैचों के बारे में पक्की जानकारी मिल सके और क्वालीफिकेशन प्रोसेस की निष्पक्षता भी बनी रहे.
ये भी पढ़ें : क्या है ग्रीको रोमन रेसलिंग जिसमें नितेश सिवाच ने खत्म किया 64 साल का इंतजार?
कब और कहां होंगे सेमीफाइनल और फाइनल?सुपर 7 राउंड खत्म होने के बाद पॉइंट्स टेबल की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी.
पहला सेमीफाइनल (17 नवंबर, केप टाउन): नंबर-1 टीम बनाम नंबर-4 टीम.
दूसरा सेमीफाइनल (18 नवंबर, त्शवाने): नंबर-2 टीम बनाम नंबर-3 टीम.
फाइनल (21 नवंबर, जोहान्सबर्ग): खिताबी मुकाबला जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा.
बता दें कि दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखे गए हैं. वहीं, अगर फाइनल मैच के दिन बारिश या कोई और अड़चन आती है, तो 22 नवंबर को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है.
ICC चेयरमैन जय शाह ने क्या कहा?ICC चेयरमैन जय शाह ने इस शेड्यूल के ऐलान को टूर्नामेंट से पहले एक अहम पड़ाव बताया. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे व नामीबिया में होने वाले इस ग्लोबल टूर्नामेंट को लेकर उन्होंने अपना उत्साह जाहिर किया. जय शाह ने कहा,
शेड्यूल की घोषणा और टिकट बैलेट की शुरुआत ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की राह में बड़े पड़ाव हैं. ये फैंस को तीनों देशों में क्रिकेट के इस शानदार जश्न के और करीब लाते हैं. ICC अपने वर्ल्ड कप इवेंट्स को ज्यादा से ज्यादा फैंस तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसमें टिकट की सस्ती कीमतें और ऐसे विकल्प शामिल हैं.
जय शाह ने आश्वस्त किया कि साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया दुनिया की बेहतरीन टीमों के लिए एक यादगार मंच तैयार करेंगे. उन्हें पूरा भरोसा है कि इससे क्रिकेट के लिए गहरा जुनून और मेहमानों के स्वागत का मशहूर गर्मजोशी भरा अंदाज देखने को मिलेगा. उन्हाेंने दुनिया भर से फैंस को इसमें शामिल होने की अपील की है.
अब वर्ल्ड कप में सिर्फ एक साल बचा है. ऐसे में टीम इंडिया अपना अभियान शुरू करने से पहले यही चाहेगी कि जितने भी लूपहोल्स हों, वो भरे जा सकें. फिलहाल टीम अच्छी फॉर्म में है. लेकिन, आने वाले दौरे काफी अहम होने वाले हैं. सबसे पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड का दौरा करना है. इसके बाद, अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया को होस्ट करना है. ये सारी सीरीज वर्ल्ड कप के लिहाज से काफी अहम होंगी.
वीडियो: T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान मैच में हार के बाद अपने दामाद पर भड़के शाहिद अफरीदी?










