आर अश्विन 5 विकेट लेते ही भज्जी का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ देंगे?
अश्विन कानपुर टेस्ट में ही ये उपलब्धि हासिल कर लें तो फैन्स झूम उठेंगे.
Advertisement

तस्वीर में अश्विन और हरभजन सिंह ( फोटो क्रेडिट : PTI)
रविचंद्रन अश्विन. टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जब अश्विन (Ravichandran Ashwin) खेलने के लिए उतरेंगे तो उनका इरादा हरभजन सिंह को पीछे छोड़ने का होगा. इसके लिए उन्हें कानपुर टेस्ट में सिर्फ पांच विकेट लेने होंगे. दरअसल, आर अश्विन के नाम इस समय टेस्ट क्रिकेट में 413 विकेट दर्ज हैं. जबकि भज्जी ने 417 टेस्ट विकेट हासिल किए हैं. उनसे आगे निकलने के लिए अश्विन को केवल 5 विकेट और चाहिए. उम्मीद की जा रही है कि वो इसी मैच में ये उपलब्धि हासिल कर लेंगे. आर अश्विन अगर ऐसा कर पाते हैं तो वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर आ जाएंगे. और भज्जी चौथे नंबर पर खिसक जाएंगे. भारत के महान स्पिनर अनिल कुंबले पहले नंबर पर काबिज हैं. कुंबले ने 132 टेस्ट मैच खेलते हुए 236 पारियों में 29.6 की एवरेज से 619 विकेट चटकाए हैं. वहीं दूसरे नंबर पर भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव हैं. उन्होंने 131 टेस्ट मैच खेलते हुए 227 पारियों में 29.6 की एवरेज से 434 विकेट लिए हैं. इसके बाद हरभजन सिंह का नंबर आता है. उनके नाम 103 टेस्ट मैचों में 417 विकेट्स दर्ज हैं. जबकि आर अश्विन ने अब तक 79 टेस्ट मैच खेले हैं. और 148 टेस्ट पारियों में 25 के एवरेज से 413 विकेट अपने नाम किए हैं. बता दें कि भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 25 नवंबर से शुरू हो रही है. सीरीज का पहला मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. जबकि दूसरा टेस्ट मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा. पहले टेस्ट मैच के लिए टीम का ऐलान हो गया है. अजिंक्य रहाणे कप्तानी करेंगे. जबकि स्थायी कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है. वो दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया से जुड़ेंगे.
वहीं भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को भी टेस्ट सीरीज में आराम दिया गया है. हाल ही में रोहित ने T20I सीरीज में भारत की कप्तानी की थी. उन्हीं के नेतृत्व में टीम इंडिया ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 की शानदार जीत हासिल की थी. मैच को लेकर एक और ताजा अपडेट ये है कि केएल राहुल चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. और उनकी जगह सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल किया गया है.
Advertisement










