भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच तीसरे दिन के खेल में सबसे ज़्यादा गेंदबाज़ी किसी ने की तो वो रहे भारतीय स्पिनर्स. यानि रविचन्द्रन अश्विन, अक्षर पटेल और रविन्द्र जडेजा. अक्षर पटेल ने पांच विकेट चटकाकर किवी टीम को मुश्किल में डाला. अश्विन ने तीन विकेट चटकाए और अपना काम कर गए. लेकिन अश्विन मैदान पर हों और सबकुछ बिल्कुल शांत रहे ऐसा नहीं हो सकता. इस बार विरोधी खिलाड़ी से नहीं तो अश्विन मैदानी अंपायर नितिम मेनन से उलझ गए.
अंपायर से क्यों उलझे अश्विन?
दरअसल, मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड को गेंदबाजी कर रही थी. न्यूज़ीलैंड की पारी का 76वां ओवर था. स्ट्राइक पर थे किवी कप्तान केन विलियमसन. भारतीय टीम की तरफ से ओवर डाल रहे थे आर. अश्विन. ओवर की पहली तीन गेंदे डॉट चली गईं और फिर कुछ बदलाव करने के लिए अश्विन ने चौथी गेंद पर नए तरीके से रन-अप ले लिया. गेंद फेंकते समय वो अंपायर के काफी करीब से गुज़रते हुए उनके सामने आ गए. ये रन-अप देख अंपायर नितिन मेनन ने अश्विन को रोका और टोकते हुए कहा कि इस तरीके से उनका व्यू ब्लॉक हो रहा है. जिससे उनको फैसला लेने में दिक्कत होगी. लेकिन अश्विन अपनी बात पर अड़े रहे और इसी तरह से गेंदबाज़ी करते रहे. इसके बाद अश्विन से परेशान होकर अंपायर नितिन मेनन ने भारतीय कप्तान अंजिक्य रहाणे से भी बात की. हालांकि इसके बाद भी अश्विन ने इस फॉलो थ्रू से गेंदबाज़ी करना नहीं छोड़ा.
# सोशल मीडिया का रिएक्शन?
अश्विन की अंपायर से बहस के बाद सोशल मीडिया पर ढेर सारे ट्वीट्स किए गए. पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि इसका असर नितिन मेनन के ऑन फील्ड फैसलों पर पड़ सकता है. वैसे भी प्रतिष्ठित अंपायर के लिए ये टेस्ट मैच मुश्किल चल रहा है क्योंकि उनके कई फैसले DRS ने बदल दिए. अपनी बात रखते हुए आकाश ने ट्विट किया,
'अंपायर को डिस्ट्रेक्ट करने में कोई फायदा नहीं है. हां, आपके पास डीआरएस है. लेकिन ‘अंपायर कॉल’ के प्रभाव को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए.'
पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ और पूर्व भारतीय वुमेन टीम के कोच WV रमन ने कहा,
'अंपायर की ये दलील हो सकती है कि अश्विन के उनके नज़दीक से फॉलो थ्रू लेने में उनको देखने में समस्या हो रही है. बेशक, अश्विन डेंजर एरिया से दूर थे, जिसके कारण उनको वार्निंग नहीं दी जा सकती. अंपायर के लिए भी पहेली बनाने के लिए अश्विन पर भरोसा रखें.'
# मैच में क्या हो रहा है?
अश्विन और अक्षर के खेल की बदौलत भारत ने न्यूज़ीलैंड की टीम को 296 रनों पर समेट दिया है. इससे पहले पहली पारी में भारत ने 345 रन बनाए थे. किवी टीम के लिए पहली पारी में सबसे बढ़िया 95 रन की पारी टॉम लेथम और 89 रन की पारी विल यंग ने खेली. भारत के लिए अक्षर पटेल ने पांच, अश्विन ने तीन, उमेश यादव और जडेजा ने एक-एक विकेट निकाले. भारतीय टीम की दूसरी पारी शुरू हो गई है और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 14/1 रन बना लिए हैं.