इंग्लैंड ने वनडे और T20 क्रिकेट खेलने के अंदाज को पूरी तरह से बदल दिया है. और ये बदलाव तब आया, जब उन्होंने खिलाड़ियों और टीम की प्राथमिकता तय की. टेस्ट के लिए अलग टीम और लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के लिए अलग टीम. साथ ही कप्तानी भी बांट दी गई. टेस्ट में जो रूट और लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में ऑयन मॉर्गन. और ऐसा भी नहीं है कि टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ी लिमिटेड ओवर नहीं खेलते. लेकिन ECB सेलेक्टर्स वर्कलोड मैनेज के लिए फॉर्मेट के हिसाब से खिलाड़ियों को चुनते हैं. और अब ज्यादातर टीमें यही फॉर्मूला अपनाने की कोशिश कर रही हैं. विराट कोहली के T20 कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा को कप्तान बनाया गया. टीम इंडिया को राहुल द्रविड़ के रूप में नया कोच भी मिला. जबकि सपोर्टिंग स्टाफ भी जल्दी ही चुना जाएगा. ऐसे में सवाल ये उठ रहा है कि क्या इंग्लैंड की तर्ज पर भारत भी अलग फॉर्मेट-अलग टीम वाला फॉर्मूला अपनाएगा? टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ से भी यह सवाल पूछा गया. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ 17 नवंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की T20I सीरीज के पहले मैच की पूर्वसंध्या पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में द्रविड़ ने कहा,
'इस समय मैं अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग-अलग टीम की तरफ नहीं देख कर रहा हूं. कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं. और कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो तीनों फॉर्मेट खेलते हैं. रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी के लिए मैं जरूर चाहूंगा कि वह तीनों फॉर्मेट खेलें. जाहिर तौर पर हम खिलाड़ियों की भलाई को प्राथमिकता देंगे. मैं ये भी चाहता हूं कि खिलाड़ी रीफ्रेश रहें और ये काफी चुनौतीपूर्ण समय है. इसलिए मैं सुनिश्चित करना चाहता हूं कि खिलाड़ियों को आराम मिले.'
वहीं खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी राहुल द्रविड़ ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा,
'वर्कलोड मैनेजमेंट बहुत महत्वपूर्ण है. खिलाड़ी मशीन नहीं हैं. ऐसा नहीं हो सकता है कि वे हमेशा मैदान पर आए और खेलें. उन्हें भी आराम की जरूरत होती है. अगर आप केन विलियमसन को भी देखें तो वह इस सीरीज में नही खेल रहे हैं और ये भी वर्कलोड मैनेजमेंट का ही हिस्सा है. तो ये सिर्फ टीम इंडिया के लिए नहीं बल्कि बाकी टीमों के लिए आज सबसे बड़ी चुनौती है. हम वैसा प्लान करेंगे जिससे खिलाड़ी फिट और फ्रेश रहे.
बता दें कि बतौर कोच राहुल द्रविड़ की ये पहली सीरीज है. साथ ही रोहित शर्मा भी पहली बार परमानेंट T20I कप्तान के तौर पर खेलेंगे. इससे पहले कोहली के आराम लेने पर ही उन्हें लीड करने का मौका मिलता था. भारत और न्यूज़ीलैंड की टीमें 17 नवंबर से तीन मैचों की T20I सीरीज में आमने-सामने हो रही है. पहला T20I मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा रांची और तीसरा T20 मैच कोलकाता के इडन गार्डन में खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमें दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलेगी. सीरीज का पहला मैच कानपुर और दूसरा टेस्ट वानखेड़े में खेला जाएगा.