The Lallantop

मां को बचाने के लिए बेटा तेंदुए से भिड़ गया, आधे घंटे तक लड़ता रहा

Chhindwara Leopard attack mother son: मुजावर माल गांव में एक तेंदुए ने महिला पर हमला कर दिया था. मां की आवाज सुनकर बेटा तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां वो तेंदुए से काफी देर तक लड़ता रहा.

Advertisement
post-main-image
तेंदुए के हमले में मां-बेटा घायल हो गए है. (Courtesy- PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • छिंदवाड़ा के मुजावर माल गांव में 29 अक्टूबर की शाम 6 से 6:30 बजे के बीच तेंदुए ने गीता बट्टी और उनके बेटे सनोज पर हमला किया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
  • घटना के समय गीता खेत से वापस लौट रही थीं, तभी तेंदुआ बकरी के बाड़े के पास दिखा और उस पर अचानक हमला कर दिया; सुनकर सनोज ने बचाने के लिए तेंदुए से लगभग 25 मिनट तक लड़ाई की।
  • हमले के बाद सोनोज और गीता का अस्पताल में इलाज जारी है, वन विभाग के अधिकारी घटना की जानकारी पाकर अस्पताल में पहुंचकर हालचाल जानने आए।

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में तेंदुए ने एक महिला और उसके बेटे पर हमला कर दिया. बताया गया कि तेंदुए ने सबसे पहले महिला पर अटैक किया था. मां की चीख सुनकर बेटा तुरंत उनके पास पहुंचा और सीधा तेंदुए से भिड़ गया. करीब आधे घंटे तक उससे लड़ता रहा. आखिर में वो अपनी मां को बचाने में सफल रहा. लेकिन तेंदुए के हमलों से वो बुरी तरह घायल हो गया. 

Advertisement

हमले में दोनों को काफी चोटें आईं. उनका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर दोनों का हाल जाना.

महिला का नाम गीता बट्टी और बेटे का नाम सनोज है. वे सांवरी वन रेंज के तहत आने वाले मुजावर माल गांव में रहते हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार, 29 अक्टूबर की शाम 6 बजे से 6:30 बजे के बीच ये घटना हुई.

Advertisement

उस समय गीता खेतों से लौटकर आई थीं. तभी उन्हें बकरी के बाड़े के पास कुछ हलचल सुनाई दी. जब वह बाड़े के पास गईं तो वहां एक तेंदुआ पानी के कुंड के पास बैठा था. गीता को देखते ही उसने हमला कर दिया.

बेटा सनोज भी आसपास ही था. जैसे ही उसने मां के चीखने की आवाज सुनी, वो तुरंत बकरी के बेड़े की तरफ भागा. उसने देखा कि तेंदुए ने गीता को दबोच रखा था. उनके हाथों को जकड़ लिया था. वो उसकी मां को काट रहा था. टाइम्स से बात करते हुए सनोज ने बताया,

“मैंने अपने हाथों से तेंदुए को गर्दन से पकड़ा और मां से दूर खींच लिया. फिर उसके साथ मेरी हाथापाई हुई, जो लगभग 25 मिनट तक चली.”

Advertisement

उन्होंने बताया कि तेंदुए ने बार-बार उन्हें काटने की कोशिश की. गर्दन के पास भी. उसे रोकने के लिए उन्होंने अपना हाथ उसके मुंह में डाल दिया, जिसके बाद जानवर ने उनके हाथ को काट लिया.

दोनों का इलाज जारी

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में पिता-पुत्र एक साथ 23वीं मंजिल से गिरे, पूजा के फूल तोड़ रहे थे, दोनों की मौत

सनोज ने बताया कि उन्होंने तेंदुए को हिम्मत करके शेड में धकेला. लेकिन बुरी तरह घायल होने की वजह से दरवाजे की कुंडी नहीं लगा पाए. उनका हाथ खून से लथपथ था. कपड़े भी खून से सने हुए थे. सनोज एक बार को गिर भी गए थे. लेकिन उन्होंने किसी तरह उठकर मदद के लिए पुकार लगाई. इसी बीच परिवार के तीन कुत्ते भी वहां पहुंच गए. इसके बाद तेंदुआ वहां से निकल गया.

बाद में परिवार के लोग और पड़ोसी वहां पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले आए. घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी भी घायलों से मिलने के लिए हॉस्पिटल गए थे. दोनों का इलाज जारी है.  

वीडियो: IDBI Bank: राहुल गांधी ने बैंक एम्प्लॉईज को लिखी चिट्ठी, मोदी सरकार पर क्या कहा?

Advertisement