The Lallantop

रोहित शर्मा ने साफ कर दिया, शुभमन करेंगे ओपन...मिडल ऑर्डर में खेलेगा ये बल्लेबाज़!

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ टीम इंडिया का विकेटकीपर कौन होगा?

Advertisement
post-main-image
रोहित शर्मा. फोटो: File Photo

श्रीलंका के खिलाफ़ जीत के बाद भारतीय टीम न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ खेलने वाली है. तीन मैच की वनडे सीरीज़ का आगाज़ बुधवार 18 जनवरी से हो रहा है. वनडे सीरीज़ से ठीक पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि वनडे टीम में ईशान किशन मिडल ऑर्डर में खेलेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

PTI ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी. PTI के हवाले से बताया गया कि रोहित शर्मा ने कहा है,

'विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ में मिडल ऑर्डर में खेलेंगे.'

Advertisement

रोहित शर्मा के इस बयान ये साफ हो गया है कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ में ईशान टीम में फर्स्ट-च्वॉइस विकेटकीपर होंगे. न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ के लिए जिस टीम का ऐलान किया गया है. उसमें केएल राहुल और श्रेयस अय्यर नहीं हैं. उन दोनों की जगह केएस भरत और रजत पाटीदार को टीम के साथ जोड़ा गया है. लेकिन ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम में मौजूद हैं. ऐसे में उनका प्लेइंग इलेवन में आना पहले से तय लग रहा है.

बांग्लादेश के खिलाफ़ वनडे में दोहरा शतक बनाने के बाद भी ईशान को श्रीलंका के खिलाफ़ वनडे की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी. उनसे पहले शुभमन गिल को पारी शुरू करने का मौका दिया गया. उन्होंने उस मौके का फायदा उठाया और सीरीज़ में 70, 21 और 116 रन की पारियां खेल डाली.

रोहित शर्मा के सीरीज़ से पहले ही ईशान के मिडल ऑर्डर में खेलने की बात से ये भी साफ हो गया है कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ़ कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल ही पारी की शुरुआत करेंगे.

Advertisement

ईशान किशन ने अब तक 10 वनडे मुकाबले खेले हैं. जिसमें उन्होंने तीन बार मिडल ऑर्डर में बल्लेबाज़ी की है. ऐसे में केएस भरत, ईशान के बैकअप विकेटकीपर रहेंगे.

सिराज की भी की तारीफ:

रोहित शर्मा ने ईशान के अलावा मोहम्मद सिराज पर कहा,

'हमने देखा है आखिरी दो साल में सिराज ने टीम के लिए कैसा परफॉर्मेंस किया है. वो हमारे लिए बहुत ज़रूरी प्लेयर है. उनका मैनेजमेंट बहुत ज़रूरी है. कैसे हम उन्हें मैनेज कर रहे हैं, कैसे उन्हें फ्रेश रख रहे हैं.'

कप्तान रोहित ने आगे सिराज की लेंथ की भी तारीफ की. उन्होंने कहा,

'पिछले दो सालों में उन्होंने लाइन और लेंथ में काफी सुधार किया है.और खासकर हमें जो देखने के लिए मिल रहा है, वो है उनकी आउट स्विंग. इसके लिए वो इतना नहीं जाने जाते थे, लेकिन पिछली सीरीज़ जो हमने खेली, उसमें उन्होंने लगातार नई गेंद से बॉ़ल स्विंग की है. अगर आप नई गेंद से बॉल स्विंग करते हैं तो दुनिया के सभी बल्लेबाज़ों को पेरशानी होती है.'

रोहित ने कहा,

'जहां तक सिराज का सवाल है, वो अपनी बोलिंग को काफी समझने लगे हैं. क्योंकि अपने गेम को समझना हर प्लेयर के लिए काफी ज़रूरी है. और ये भी समझना सबसे ज़रूरी है कि टीम उनसे क्या चाहती है.' 

भारतीय टीम के लिए साल 2023 की हर वनडे सीरीज़ बेहद अहम है. क्योंकि इसी साल के आखिर में टीम इंडिया घर में ही 50 ओवर का क्रिकेट वर्ल्डकप खेलेगी. 

वीडियो: टीम इंडिया इतना कंफ्यूज क्यों? वर्ल्डकप की तैयारियों का सच IND vs NZ में खुलेगा!

Advertisement