अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका ने ईरान के साथ एक शानदार समझौता कर लिया है. उन्होंने कहा कि तेहरान के साथ बातचीत आगे बढ़ी है और ईरान के टॉप लीडरशिप से इसे मंजूरी भी मिल गई है. ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई इस डील के लिए सहमत हो गए हैं. हालांकि, ईरान की फार्स समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि तेहरान ने अभी तक अमेरिका के साथ किसी समझौते के मसौदे को मंजूरी नहीं दी है.
क्या मोजतबा खामेनेई ने US-ईरान डील को मंजूरी दे दी है? ट्रंप झूठ बोल गए
US-Iran Peace Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei इस डील के लिए सहमत हो गए हैं. अब इस पर ईरान का जवाब आया है.


गुरुवार, 11 जून को ईरान पर ‘जोरदार’ हमला करने की धमकी देने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपना रुख बदल लिया. 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में उन्होंने ऐलान किया कि तेहरान के साथ बातचीत अंतिम दौर से गुजर रही है, इसलिए बमबारी रद्द की जाती है.
ट्रंप यह भरोसा भी जता रहे हैं कि ईरान के साथ समझौता हो सकता है. वाइट हाउस में उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ एक बड़ा समझौता कर लिया है और अब बस इस पर हस्ताक्षर होना बाकी है. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि समझौते पर साइन होने से पहले सिर्फ फाइनल पेपरवर्क बाकी है और यह काम अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाना चाहिए.
डॉनल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया कि प्रस्तावित समझौते को ईरान के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन मिल गया है. यह पूछे जाने पर कि क्या ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई इस डील के लिए सहमत हो गए हैं, ट्रंप ने कहा, “मैं समझता हूं कि इसका जवाब हां है.”
ईरान ने क्या कहा?ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़ी अर्धसरकारी न्यूज एजेंसी 'फार्स' ने लिखा,
"अमेरिका के साथ शुरुआती समझौता ज्ञापन (MoU) के लिए किसी भी मसौदे को मंजूरी नहीं दी गई है."
फार्स ने ईरान की बातचीत करने वाली टीम के करीबी एक जानकार सूत्र के हवाले से यह बात कही. वहीं, ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने ट्रंप के ऐलान को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने पहले भी ऐसे बयान दिए हैं जिनका कोई नतीजा नहीं निकला. एजेंसी ने कहा,
"जब तक ईरान किसी संभावित समझौते के बारे में घोषणा नहीं करता, तब तक इस विषय पर ट्रंप की किसी भी खबर को उनके पुराने संदेशों जैसा ही माना जाना चाहिए."
हालांकि, बाद में सरकारी मीडिया ने खबर दी कि वाशिंगटन ने तेहरान के ‘प्रस्तावित मसौदे’ को मंजूर कर लिया है, इसलिए ईरान समझौते पर एक बार फिर विचार कर सकता है.
ईरान ने संकेत दिया है कि अमेरिका के साथ अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है, भले ही किसी बड़ी कामयाबी की अटकलें लगाई जा रही थीं. सरकारी टेलीविजन पर बोलते हुए, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इन दावों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा,
"ईरान अभी तक समझौते को लेकर किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचा है."
बघाई ने कहा कि प्रस्तावित समझौते के ज्यादातर हिस्सों पर सहमति बन चुकी है. उन्होंने बातचीत के दौरान वॉशिंगटन पर ‘बहुत ज्यादा मांगें’ रखने और ‘नई मांगें’ जोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ईरान दबाव में आकर झुकेगा नहीं और न ही अपनी 'रेड लाइन्स' से पीछे हटेगा.
ये भी पढ़ें: ईरान डील पर राजी हुआ, साइन यूरोप में होंगे... ट्रंप ने ये कहते हुए जंग रोक दी
इस वीकेंड हो सकती है US-ईरान डील
डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि यूरोप में इस वीकेंड ही डील पर साइन करने का औपचारिक कार्यक्रम हो सकता है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह खुद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, लेकिन उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे. उन्होंने कहा कि जैसे ही हम इस पर साइन करेंगे, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल जाएगा. ट्रंप के मुताबिक, प्रस्तावित समझौते का एक मुख्य हिस्सा ईरान का न्यूक्लियर हथियार न बनाने का वादा है.
वीडियो: डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को क्या धमकी दे दी?






















