The Lallantop

गिल ने पकड़ा शानदार कैच, फिर क्या याद कर दुखी हो गए फ़ैन्स और सनी पाजी?

Shubman Gill ने धर्मशाला में बेहतरीन कैच पकड़ बेन डकेट को आउट किया. इस कैच को देख सुनील गावस्कर समेत तमाम फ़ैन्स को वनडे वर्ल्ड कप का फ़ाइनल याद आ गया. जहां ट्रेविस हेड ने ऐसा ही कैच पकड़ रोहित शर्मा को आउट किया था.

Advertisement
post-main-image
गिल का कैच देखकर गावस्कर को वर्ल्ड कप फ़ाइनल याद आ गया (स्क्रीनग्रैब)

19 नवंबर 2023. ये तारीख़ बीते सौ से ज्यादा दिन हो चुके हैं. लेकिन इस दिन अहमदाबाद में जो घटा, उसका दर्द जीवन से जा ही नहीं रहा है. रोहित शर्मा की टीम ने जो वर्ल्ड कप टॉप पर रहते हुए शुरू किया, इस तारीख पर उसका बुरा अंत हुआ. और ये चीज इंडियन फ़ैन्स के दिमाग से जा ही नहीं रही. 7 मार्च 2024 को बैटिंग ग्रेट सुनील गावस्कर ने एक बार फिर से वही ज़ख्म कुरेद दिया.

Advertisement

बात धर्मशाला टेस्ट के पहले दिन की है. ज़ैक क्रॉली और बेन डकेट टिके हुए थे. दोनों बल्लेबाजों ने क्रीज़ पर ठीकठाक वक्त बिता दिया था. लेकिन तभी शुभमन ने कमाल कर दिया. बात पारी के 18वें ओर की है. कुलदीप यादव बोलिंग कर रहे थे. उनके पहले ही ओवर की आखिरी गेंद. फ़्लाइटेड डिलिवरी. डकेट लालच में पड़कर लपके और गेंद को लेग साइड की ओर उड़ाना चाहा.

लेकिन गेंद उनके बल्ले पर सही से आई नहीं. गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और हवा में उड़ चली. कवर्स पर फ़ील्डिंग कर रहे शुभमन गिल ने इसे हवा में देखा और दौड़ लगा दी. वह भागते हुए लगभग उतनी दूरी तय कर गए, जितने में एक रन काउंट हो जाए. और भागते हुए डाइव मार बेहतरीन कैच लपका. इंग्लैंड का पहला विकेट 64 के टोटल पर गिरा और ये एफ़र्ट देख कॉमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर बोल पड़े,

Advertisement

'ऐसे कैच करने आसान नहीं होते हैं. पीछे की ओर भागना... यह वर्ल्ड कप फ़ाइनल में रोहित शर्मा के विकेट की याद दिलाता है. ट्रेविस हेड ने ठीक ऐसे ही उन्हें कैच किया था. साथियों का जश्न देखिए. उन्हें पता है कि ये कितना कठिन था. कमाल की बात, क्या क्रिकेटर हैं ये.'

डकेट को निपटाने के बाद कुलदीप ने चार और विकेट अपने नाम किए. उन्होंने ऑली पोप, ज़ैक क्रॉली, जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स को भी निपटाया. कुलदीप ने सात साल पहले, 2017 में इसी मैदान से टेस्ट डेब्यू किया था. उस टेस्ट में इन्होंने चार विकेट निकाले थे. हालांकि इसके बाद वह अभी तक कुल 12 टेस्ट ही खेल पाए हैं. इन टेस्ट मैचेज़ में उनके नाम 50 विकेट हैं.

यह भी पढ़ें: बेयरस्टो, रूट और स्टोक्स ने उड़वाया ऐसा मजाक, इंग्लैंड से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक बने जोक्स!

Advertisement

कुलदीप गेंदों के हिसाब से सबसे तेजी से पचास टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय बोलर हैं. उन्होंने 1871 गेंदों में ये कारनामा किया. पिछला रिकॉर्ड अक्षर पटेल के नाम था. उन्होंने पचास टेस्ट विकेट्स के लिए 2205 गेंदें फ़ेंकी थीं. जबकि जसप्रीत बुमराह ने 2465 गेंदों में पचास टेस्ट विकेट पूरे किए थे.

बात धर्मशाला टेस्ट की करें तो इंग्लैंड अपनी पहली पारी में 218 रन ही बना पाया. ओपनर क्रॉली ने 79 रन की पारी खेली. उनके अलावा कोई भी अंग्रेज 30 रन तक भी नहीं पहुंच पाया. भारत के लिए अपना सौवां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने चार जबकि रविंद्र जडेजा ने एक विकेट लिए. दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट खोकर 135 रन बना लिए थे.

वीडियो: सरफ़राज़ के पिता ने वीडियो बनाकर क्रिकेटर्स से किस मेहरबानी की अपील कर डाली!

Advertisement