Ramayana की रिलीज़ में अब केवल 13 दिन बाकी हैं. फिल्म की अडवांस बुकिंग रफ़्तार पकड़ चुकी है. इसने अब तक वर्ल्डवाइड करीब 28 करोड़ से ज्यादा की सेल कर ली. इसमें डोमेस्टिक और ओवरसीज़, दोनों आंकड़े शामिल हैं. साथ ही अमेरिका के प्रीमियर शोज़ के लिए भी ये फिल्म लगभग 4 करोड़ रुपए के टिकट बेच चुकी है.
अडवांस बुकिंग में 'रामायण' का जलवा, रिलीज़ से दो हफ्ते पहले ही बेच डाले इतने लाख टिकट
'रामायण' ने भारत की तुलना में ओवरसीज़ मार्केट से दोगुनी कमाई कर ली है.

'रामायण' का इंटरनेशनल कैम्पेन 15 अक्टूबर को शुरू हुआ था. उस दिन विदेशी मार्केट में इसकी अडवांस बुकिंग भी खुल गई. फिल्म्स डिस्कोर्स के आंकड़ों के मुताबिक, पहले हफ्ते में इसने 1.3 लाख टिकट्स बेचकर 1.66 मिलियन डॉलर कमाए हैं. भारतीय रुपयों में ये 15.76 करोड़ रुपए के आसपास होगा. इसमें अमेरिका समेत छह देशों के आंकड़े शामिल हैं. मेकर्स ने वहां फिल्म के प्रीमियर शोज़ का प्रीसेल भी शुरू करवा दिया है. उसमें 19 हजार टिकटें बेच 'रामायण' ने 419.9 हजार डॉलर कमाए हैं. भारतीय रुपयों में ये लगभग 3.99 करोड़ होगा.
भारत में 'रामायण' की अडवांस बुकिंग 20 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर शुरू हुई थी. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, यहां फिल्म ने अब तक 1.51 लाख टिकट बेचे हैं. इससे करीब 8.55 करोड़ की आमदनी हुई, जिसमें ब्लॉक सीट्स के नंबर्स भी शामिल हैं. सबसे ज्यादा बुकिंग महाराष्ट्र में हुई है. वहां प्री-सेल बिजनेस से फिल्म ने 2.17 करोड़ रुपए कमाए हैं. लगभग 2.02 करोड़ रुपए के साथ राजधानी दिल्ली दूसरे नंबर पर है. वैसे, अभी देश के हर सिनेमाघर में फिल्म की प्री-बुकिंग शुरू नहीं हुई है. वहीं पेड प्रिव्यू शोज़ को लेकर भी मेकर्स ने कोई अपडेट नहीं दिया. फिर भी, अडवांस बुकिंग रफ़्तार पकड़ चुकी है. ऐसे में अगले कुछ दिनों में ये आंकड़ा बड़ी तेजी से बढ़ सकता है.
कुलमिलाकर, 'रामायण' ने प्रीमियर, डोमेस्टिक और ओवरसीज़ मार्केट मिलाकर लगभग 28 करोड़ की टिकटें बेची हैं. अभी ये फिल्म ज्यादातर जगहों पर प्रीमियम प्राइस पर लिस्ट की गई है. देश में सबसे महंगा टिकट मुंबई के लोअर परेल वाले PVR ICON, फीनिक्स पैलेडियम में मिल रहा. वहां IMAX स्क्रीन के रिक्लाइनर सीट से 'रामायण' देखने के लिए दर्शकों को 3170 रुपए चुकाने होंगे. दूसरी तरफ़, इसका सबसे सस्ता टिकट बेंगलुरु के डोड्डाबल्लापुरा स्थित KRG सौन्दर्य महल 4K डॉल्बी थिएटर में है. वहां कन्नड़ा वर्जन में ये मूवी देखने के लिए सेकेंड क्लास सीट्स की कीमत महज 200 रुपए है. हालांकि, पश्चिम बंगाल में 'रामायण' को टैक्स फ्री कर दिया है. इससे वहां दर्शकों को टिकट प्राइस में कुछ कटौती दिख सकती है.
वीडियो: यश और सैफ अली खान वाले रावण की तुलना पर क्या बोले आर्य बब्बर?













