बांग्लादेश के युवा पेसर हसन महमूद ने 11 अक्टूबर को इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया. महमूद टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले पेसर बन गए. 26 साल के इस पेसर ने अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मैच के तीसरे दिन यह भौकाल काटा. उन्होंने मेजबान टीम की पहली पारी के दौरान लगातार तीन गेंदों पर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया.
अबू धाबी में हसन महमूद का भौकाल! हैट्रिक लेकर बांग्लादेश के लिए रच दिया इतिहास
Afg vs Ban Test Series : बांग्लादेश के पेसर Hasan Mahmud ने Abu Dhabi Test में अफगानिस्तान के खिलाफ इतिहास रच दिया. लगातार तीन गेंदों पर Ismat Alam, Qais Ahmad और Zia-ur-Rehman को आउट कर वह टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले देश के पहले पेसर बन गए.

महमूद ने ये जादुई स्पेल 83वें ओवर में डाला. उन्होंने सबसे पहले इस्मत आलम को एक ऐसी गजब की गेंद डाली, जो उनके डिफेंस को चीरते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई. अगली ही गेंद पर उन्होंने कैस अहमद का शिकार किया, विकेट के पीछे लिटन दास ने एक नीचा लेकिन शानदार कैच लपका.
इसके बाद बारी थी जिया-उर-रहमान की, जिनके विकेट के साथ महमूद की हैट्रिक पूरी होनी थी. महमूद की गेंद रहमान के पैड पर लगी, जोरदार LBW की अपील हुई, लेकिन ऑन-फील्ड अंपायर ने उंगली नहीं उठाई. यहां बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने अक्लमंदी दिखाई और तुरंत रिव्यू ले लिया. बॉल-ट्रैकिंग में साफ दिखा कि गेंद ऑफ स्टंप पर जाकर लग रही थी. अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा और इसी के साथ महमूद की ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी हो गई.
ये भी पढ़ें : रणजी में टेस्ट बैटर्स फ्लॉप! केएल राहुल 4 तो यशस्वी बिना खाता खोले लौटे
महमूद ने खाेला 'पंजा'हसन महमूद टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के सिर्फ तीसरे बॉलर हैं. उनसे पहले, साल 2003 में आलोक कपाली ने पेशावर में पाकिस्तान के खिलाफ और 2013 में सोहाग गाजी ने चटगांव में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी. चूंकि ये दोनों स्पिनर थे, इसलिए महमूद इस मुकाम तक पहुंचने वाले बांग्लादेश के पहले पेसर बन गए.
महमूद ने 21 ओवर की बॉलिंग में 55 रन देकर 5 विकेट झटके. अफगानिस्तान की पूरी टीम 240 रन पर सिमट गई. बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 346 रन बनाए थे. इस तरह उन्हें 106 रनों की अहम लीड मिल गई.
अफगानिस्तान ने तीसरे दिन की शुरुआत चार विकेट पर 211 रन से की थी और उनकी नजरें बड़ा स्कोर खड़ा करने पर थीं. लेकिन 83वें ओवर में महमूद के कातिलाना स्पेल ने अफगानी निचले क्रम की ऐसी कमर तोड़ी कि वे दोबारा उबर ही नहीं पाए.
टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट के इस हॉल ने महमूद के रिकॉर्ड को और तगड़ा कर दिया है. साल 2024 में अपना टेस्ट डेब्यू करने के बाद से ही वे बांग्लादेशी पेस अटैक की जान बने हुए हैं.
वीडियो: टीम इंडिया के पेसर्स वेस्ट इंडीज के सामने हुए फ्लॉप?











