भारतीय क्रिकेट टीम हाल के समय में बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबले बड़ी आसानी से जीत लिए हैं. इससे पहले टीम ने इस साल न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज़ भी अपने नाम की थी. हालांकि ICC ट्रॉफीज़ में टीम की नाकामी पर अभी भी सवाल हैं. और इसी मसले पर अब दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने भी कुछ कहा है.
भारत ने साल 2011 में आखिरी बार विश्व कप जीता था. वहीं साल 2013 में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी के तौर पर आखिरी बार ICC ट्रॉफी अपने नाम की थी. पिछले एक दशक में कई फेरबदल के बावजूद इंडियन टीम के हाथ कोई ICC ट्रॉफी नहीं लगी है. इस साल के अंत में भारत में ही वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है. और इससे पहले, पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि हम इस बार ट्रॉफी नहीं जीतने का कोई बहाना नहीं बना सकते.
'अगर आप अब नहीं जीत...' ICC टूर्नामेंट्स को लेकर इंडियन टीम पर फिर उठे सवाल
'अब तो रोहित-विराट वाला बहाना भी नहीं है.'
.webp?width=360)

हरभजन सिंह के मुताबिक टीम में अब टैलेंटेड और मैच विनर्स की भरमार है, ऐसे में इंडियन टीम अब किन्हीं एक-दो प्लेयर के भरोसे नहीं हैं. उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा,
‘हम कहते थे कि अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली रन बनाएंगे, तभी भारत जीत जाएगा. लेकिन अब हमारे पास हार्दिक पंड्या भी हैं. हमारे पास अब अधिक मैच विनर्स हैं और मुझे उम्मीद है कि यह ट्रेंड बदलेगा. मुझे लगता है कि हमारे पास जिस तरह का टैलेंट है, हमें ICC टूर्नामेंट्स जीतने चाहिए. इस टैलेंट के साथ अगर आप जीत नहीं सकते तो कब जीतोगे?’
इंडियन स्पिनर ने टीम में होने वाले फेरबदल को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा,
‘यह एक तरह का पैटर्न बन गया है. 2018-19 में हमने देखा कि टीम में काफी फेरबदल हुआ. कभी दिनेश कार्तिक खेल रहे थे, कभी ऋषभ पंत खेल रहे थे. बड़े मैच का प्रेशर अलग होता है. वर्ल्ड कप का दबाव बाइलेट्रल सीरीज से अलग होता है. टूर्नामेंट जितना बड़ा होगा, प्रेशर भी उतना ही ज्यादा होगा. बहुत कम लोग वास्तव में उस तरह का दबाव झेल पाते हैं.’
पिछले कई ICC टूर्नामेंट्स में इंडियन टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है. साल 2015 और 2019 वनडे वर्ल्ड में टीम को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. वहीं साल 2016 और 2022 के T20 वर्ल्ड कप में भी टीम को सेमीफाइनल में बाहर होना पड़ा. जबकि 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में भारत को पाकिस्तान ने हराया था. ऐसे में देखना होगा कि इस साल घर पर होने वाले टूर्नामेंट में टीम इंडिया क्या कमाल दिखा पाती है.
वीडियो: विराट कोहली ने अपनी कप्तानी और ICC ट्रॉफी नहीं जीतने पर क्या कहा?


















