भारत और न्यूजीलैंड (Ind vs NZ) के बीच 4 नवंबर से 5 मैचों की ODI सीरीज शुरू हो गई. अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले, 37 साल के विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला पहले ODI में जमकर बोला. उन्होंने 51 गेंदों में 74 रनों की तूफानी पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने एक बड़ा माइलस्टोन हासिल कर लिया. कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में रिकी पोंटिंग के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. अब इस सीरीज के बाकी मैचों में उनकी नजरें पोंटिंग से आगे निकलने और सचिन तेंदुलकर का महारिकॉर्ड तोड़ने पर टिकी हैं.
बर्थडे से पहले गरजा कोहली का बल्ला! पोंटिंग के महारिकॉर्ड की बराबरी की
Ind vs Nz 1st ODI : ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले ODI में भारत ने DLS नियम के तहत न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया. Arshdeep Singh और Gurnoor Brar की शानदार गेंदबाजी के बाद Virat Kohli ने 74 रन ठोककर Ricky Ponting के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

50 ओवर के फॉर्मेट में कोहली ने बड़ा मुकाम छू लिया है. पहले ODI से पहले तक कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 36 ODI मैचों में 57.48 के शानदार औसत से 1,897 रन बनाए थे. इसमें 7 सेंचुरीज और 10 हाफ सेंचुरीज शामिल थीं. उन्हें रिकी पोंटिंग की बराबरी करने के लिए ठीक 74 रनों की जरूरत थी. पहले ODI में 74 रन जड़कर उन्होंने पोंटिंग की बराबरी कर ली. पोंटिंग के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 ODI मैचों में 1971 रन दर्ज हैं. अब कोहली भी 37 मैचों में 1971 रनों पर पहुंच गए हैं. उन्हें पोंटिंग को पीछे छोड़ने के लिए अब सिर्फ 1 रन की दरकार है.
इसके अलावा, कोहली एक और इतिहास रचने की दहलीज पर हैं. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में 2,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बैटर बनने से सिर्फ 29 रन दूर हैं. इस लिस्ट में 42 मैचों में 1750 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर हैं. उनके बाद, श्रीलंका के कुमार संगकारा और सनथ जयसूर्या का नंबर आता है.
पोंटिंग की बराबरी करने के बाद अब कोहली की नजरें सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड पर हैं. यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने का है. सीरीज शुरू होने से पहले कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 मैचों में 3167 इंटरनेशनल रन बनाए थे. इसमें 10 सेंचुरीज और 16 हाफ सेंचुरीज शामिल थीं. तब वह सचिन से 178 रन पीछे थे. पहले ODI में 74 रन बनाने के बाद अब कोहली के 61 मैचों में 3241 रन हो गए हैं. यानी अब वह सचिन तेंदुलकर के 3345 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 105 रन दूर हैं. सचिन ने ये रन 66 मैचों में बनाए थे. इस लिस्ट में इंग्लैंड के जो रूट 56 मैचों में 3268 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वहीं, रिकी पोंटिंग और जैक कैलिस भी टॉप 5 में शामिल हैं.
कोहली ने पूरे साल जमकर बनाए हैं रनसाल 2026 में कोहली का बल्ला जमकर बोल रहा है. बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कोहली पूरे आत्मविश्वास के साथ इस सीरीज में उतरे हैं. इस सीरीज से पहले उन्होंने इस साल ODI की नौ पारियों में 69 के औसत से 552 रन बनाए थे. इसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे. उनका सबसे बड़ा स्कोर वेस्टइंडीज के खिलाफ आया था. सितंबर में तिरुवनंतपुरम में खेले गए उस मैच में उन्होंने सिर्फ 88 गेंदों पर नाबाद 139 रन कूट दिए थे.
इसके बाद, उस सीरीज के बाकी दो मैचों में उन्होंने 29 और 0 रन बनाए थे. इससे तीन मैचों में उनके कुल 168 रन हो गए थे. साल की शुरुआत में भी कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम योगदान दिया था. भारत की तीन मैचों की घरेलू सीरीज में उन्होंने 93, 23 और 124 रन बनाए थे. इंदौर में तीसरे ODI में खेली गई उनकी 124 रनों की पारी ने सबका दिल जीत लिया था. यह दिखाती है कि कीवी टीम के खिलाफ बड़े स्कोर बनाने की उनकी भूख अभी भी बरकरार है.
यह सीरीज कोहली को न्यूजीलैंड की धरती पर अपना रिकॉर्ड और मजबूत करने का मौका देगी. इस सीरीज से पहले उन्होंने वहां 13 ODI मैचों में 49.66 के औसत से 596 रन बनाए थे. इसमें एक सेंचुरी और चार हाफ सेंचुरीज शामिल थीं. अब पहले ODI के 74 रनों के बाद यह आंकड़ा और मजबूत हो गया है. वह सीरीज के बाकी मैचों में अपने रनों की संख्या को और बढ़ाना चाहेंगे. साथ ही 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए भारत की तैयारियों में भी पूरी मदद करेंगे.
ये भी पढ़ें : मुझे फैसले ही नहीं लेने दिए... सचिन ने अब बताया क्यों नहीं बन पाए अच्छे कैप्टन
मैच में क्या हुआ?वहीं, मैच की बात करें, तो ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले ODI में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया. पहले बॉलिंग करते हुए भारतीय पेसर्स ने शानदार बॉलिंग की. अर्शदीप सिंह ने 4, गुरनूर बरार ने 3 और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट झटके. नतीजा ये हुआ कि पूरी कीवी टीम 40.2 ओवर में महज 185 रनों पर सिमट गई.
इसके बाद, मुकाबले में बारिश ने कई बार खलल डाला. इस वजह से भारत की पारी को घटाकर 32 ओवर का कर दिया गया. टीम इंडिया को DLS नियम के तहत 143 रनों का नया टारगेट मिला. रनचेज में चेज मास्टर विराट कोहली जीत के हीरो रहे. अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले 37 साल के कोहली ने 35 गेंदों में अपना 80वां ODI अर्धशतक पूरा किया.
यह विदेशी धरती पर ODI में उनकी दूसरी सबसे तेज फिफ्टी रही. कोहली की यह ताबड़तोड़ पारी 51 गेंदों में 74 रन पर खत्म हुई. मैच फिनिश न कर पाने की हल्की कसक के साथ वह मुस्कुराते हुए लौटे. लेकिन पूरे ईडन पार्क ने खड़े होकर 'बर्थडे बॉय' को स्टैंडिंग ओवेशन दिया. भारत ने यह टारगेट बेहद आसानी से हासिल कर लिया. अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा.
वीडियो: ‘Virat Kohli को 5 करोड़ मिले?’ प्रेमानंद महाराज आश्रम विवाद पर आया कोहली का जवाब










