The Lallantop

क्या गौतम गंभीर होंगे टीम इंडिया के अगले कोच? इस रिपोर्ट में 'BCCI सूत्र' ने दी बड़ी जानकारी

Gautam Gambhir टीम इंडिया के नए Head Coach हो सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में उनके नाम को लेकर बड़ा दावा किया गया है.

Advertisement
post-main-image
गौतम गंभीर बन सकते हैं टीम इंडिया के अगले कोच. (फोटो: PTI)

टीम इंडिया फिलहाल नए हेड कोच (Head Coach of Team india) की तलाश में जुटी हुई है. वजह है राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) का अपने कार्यकाल को और आगे बढ़ाने से इनकार कर देना. द्रविड़ का कार्यकाल T20 वर्ल्ड कप 2024 तक का है. ऐसे में BCCI हेड कोच के लिए वैकेंसी निकाल चुकी है. जब से ये बात सामने आई, तब से ही संभावित हेड कोच को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं. 

Advertisement

कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा कि ये रोल CSK के कोच स्टीफन फ्लेमिंग को मिल सकता है. कुछ रिपोर्ट्स में रिकी पॉन्टिंग, जस्टिन लैंगर और आशीष नेहरा के नाम का भी जिक्र किया गया. लेकिन जो एक नाम अब सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया है, वो है टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) का.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया है कि BCCI की लिस्ट में गौतम गंभीर का नाम टॉप पर है. हालांकि उनके अलावा स्टीफन फ्लेमिंग, जस्टिन लैंगर और महेला जयवर्धने के नाम पर भी बोर्ड विचार कर रहा है. लेकिन एक BCCI सूत्र के हवाले से बताया गया है कि गंभीर रेस में सबसे आगे हैं. सूत्र ने TOI को बताया,

Advertisement

“किसी भी संभावित कैंडिडेट के साथ कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है. लेकिन ऐसा लगता है कि गंभीर की लोकप्रियता थोड़ी बढ़ गई है. ऐसी संभावना है कि बोर्ड के अधिकारी अहमदाबाद में गंभीर से बात करेंगे, जहां वो KKR के साथ हैं.”

सूत्र ने आगे बताया,

“जो लोग गंभीर और विराट कोहली के विवाद से चिंतित हैं, तो ये साफ कर दूं कि दोनों के बीच ऑफ फील्ड रिश्ते काफी अच्छे हैं. दोनों के बीच IPL के दौरान जो विवाद हुआ था, इसके बाद उन्होंने बैठकर बात की थी और दोनों के बीच कोई आपसी मसले थे तो उनको हल किया था.”

Advertisement
गंभीर हो सकते हैं सफल कोच?

गंभीर के लिए अक्सर कहा जाता है कि वो काफी स्ट्रिक्ट हैं और अपने रोल को लेकर काफी सीरियस रहते हैं. ऐसे में कुछ फैन्स ये कयास भी लगा रहे हैं कि उनके कोच बनने के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल थोड़ा बिगड़ सकता है. इस आशंका को लेकर हमने इंडिया टुडे से जुड़े सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट निखिल नाज से बात की. उन्होंने बताया,

“जिस एक बात को लेकर लोगों के मन में डाउट है, वो है विराट कोहली के साथ उनके ऑन फील्ड संबंध. लेकिन दोनों के बीच जो हुआ था, वो सिर्फ 'दिल्ली बॉयज' का हीट ऑफ द मोमेंट वाला एग्रेशन था. इस सीजन हमने देखा है कि दोनों कितने अच्छे से एक दूसरे से मिले हैं. उनके बीच आपस में कोई दिक्कत नहीं है. और गंभीर के कोच बनने से विराट को कोई दिक्कत नहीं होने वाली है.”

ये भी पढ़ें: पॉन्टिंग, लैंगर या... कौन होगा टीम इंडिया का हेड कोच? लिस्ट का ये नाम चौंका देगा!

निखिल नाज ने आगे बताया,

“गंभीर को अपनी कप्तानी और अब मेंटॉरशिप, दोनों में काफी सफलता मिली है. वो कोई भी फैसला लेने से हिचकिचाते नहीं हैं. कप्तान रोहित शर्मा से भी उनके रिलेनशन काफी अच्छे रहे हैं. वो प्रतिभाशाली युवाओं को खोजकर लाते हैं और उन्हें निखरने का पूरा मौका देते हैं. जैसा कि हमने नवदीप सैनी और आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ियों के लिए देखा. गंभीर टीम इंडिया के लिए एक सफल कोच साबित हो सकते हैं.”

IPL में बढ़िया काम

गौतम गंभीर की बात करें तो फिलहाल वो कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटॉर हैं. उनके पास कोचिंग का कोई अनुभव नहीं है. लेकिन एक मेंटॉर के तौर पर उन्होंने IPL में बेहतरीन काम किया है. गंभीर पिछले दो सीजन लखनऊ सुपरजाएंट्स के साथ थे. और टीम ने दोनों सीजन में प्लेऑफ खेले. 

जबकि इस साल वो कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ बतौर मेंटॉर जुड़े और टीम को पहले ही सीजन में फाइनल तक पहुंचा दिया है. गंभीर सात साल तक KKR की कप्तानी कर चुके हैं. जहां उनके नेतृत्व में टीम ने दो बार IPL टाइटल जीता था. साथ ही साथ गंभीर टीम इंडिया की साल 2007 और 2011 की वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं. और शायद यही वजह है कि BCCI उन्हें राहुल द्रविड़ के रिप्लेसमेंट के तौर पर देख रही है.

वीडियो: प्लेऑफ के ये आंकड़े देख RCB के फैन्स पहले ही माथा पीटने लगेंगे…!

Advertisement