भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम की. इस पूरी सीरीज में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया. लेकिन, फैंस वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखने का इंतजार करते रहे. वैभव को एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला. अब टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने कुछ ऐसा कहा है, जिससे शायद वैभव फैंस निराश हो जाएं. गंभीर ने साफ कर दिया कि वैभव को अपने मौके के लिए इंतजार करना होगा. फिलहाल टीम मैनेजमेंट उन खिलाड़ियों को प्रायॉरिटी देगा, जो लंबे समय से टीम के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं.
वैभव को अभी नहीं मिलेगा मौका! कोच गंभीर ने साफ-साफ कह दिया
वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. फैंस और कई दिग्गज खिलाड़ी इससे नाराज हैं.

संजू सैमसन ने इस सीरीज के तीनों मैच खेले और दो अर्धशतक लगाए. गौतम गंभीर भी संजू के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा,
मुझे पता है कि संजू सैमसन क्या कर सकते हैं. वर्ल्ड कप में कोई भी खिलाड़ी ऐसे ही प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट नहीं बन जाता. उन्होंने बहुत कुछ किया है. इंग्लैंड दौरे से पहले संजू सैमसन को बाहर करना मेरे करियर के सबसे मुश्किल फैसलों में से एक था. इंग्लैंड से पहले उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था. इसी वजह से मुझे वह फैसला लेना पड़ा.
गंभीर ने बताया कि वह वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहते थे. उनके मुताबिक, केवल तीन-चार मैच में खराब प्रदर्शन करने से कोई खिलाड़ी खराब नहीं हो जाता. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम 2024 में वर्ल्ड चैंपियन बनी थी. इसके बाद भी टीम ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. उनके मुताबिक, एक-दो सीरीज के खराब प्रदर्शन के बाद ऐसी टीम खराब नहीं हो जाती.
वैभव सूर्यवंशी को कब मिलेगा मौका?गंभीर से वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी सवाल किया गया. उनसे पूछा गया कि वैभव को इस सीरीज में मौका क्यों नहीं मिला? इस पर उन्होंने कहा,
वैभव की बात करूं तो उनको लेकर हमारा प्लान साफ है. उन्हें इंतजार करना होगा. हमें पता है कि उनमें कितनी प्रतिभा है. हम जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं. लेकिन वह अभी-अभी टीम में आए हैं. हम उस खिलाड़ी को पहले मौका देंगे, जो कई सालों से टीम के लिए प्रदर्शन कर रहा है. उन्हें जब भी मौका मिलेगा, लंबे समय के लिए ही मिलेगा.
गंभीर ने आगे कहा कि भारतीय क्रिकेट में काफी कॉम्पिटिशन है. वह चाहते हैं कि ड्रेसिंग रूम में ऐसा ही टैलेंट बना रहे. लेकिन सभी खिलाड़ियों को एक साथ मौका नहीं दिया जा सकता. कई बार खिलाड़ियों को अपने मौके का इंतजार करना पड़ता है, चाहे वे 15 साल के हों या 30 साल के.
यह भी पढ़ें- नितीश रेड्डी ने साबित कर दी फिटनेस, ODI सीरीज में होंगे हार्दिक का विकल्प
भारतीय टीम अब एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना होगी. 22 सितंबर को टीम जापान के खिलाफ टी20 मैच खेलेगी. इसके बाद, 28 सितंबर को भारतीय टीम एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करेगी. भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलना है. इसी दौरान भारत की दूसरी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी. इस सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर, दूसरा 30 सितंबर और तीसरा 3 अक्टूबर को खेला जाएगा.
वीडियो: खर्चा-पानी: अमेरिका में महंगाई का भारत पर क्या असर पड़ेगा?













