The Lallantop

2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित-विराट? कोच गंभीर के बयान ने साफ कर दी तस्वीर

Ind vs WI : टीम इंडिया के हेड कोच Gautam Gambhir की बातें Rohit Sharma और Virat Kohli के फैंस को राहत देगी. वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ ODI सीरीज से पहले इंडियन कोच ने दोनों स्टार बैटर्स की तारीफ की है.

Advertisement
post-main-image
हेड कोच गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ की है. (Courtesy : PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • टीम इंडिया ने 27 सितंबर से तिरुअनंतपुरम में शुरू होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की ODI सीरीज के साथ 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारियां प्रारंभ की हैं।
  • शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने पिछले साल से निर्णायक मैचों में मिश्रित परिणाम प्राप्त किए हैं, जिससे उनकी अगुवाई में सुधार आवश्यक माना जा रहा है।
  • रोहित शर्मा और विराट कोहली के अनुभव का लाभ उठाते हुए गिल इस सीरीज में टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसके बाद टीम की प्रदर्शन क्षमता और रणनीतियों का विश्लेषण होगा।

टीम इंडिया 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारियां शुरू कर चुकी है. इसी कारण वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ ODI सीरीज टीम के लिए काफी अहम है. 27 सितंबर से तिरुअनंतपुरम में 3 मैचों की ये सीरीज शुरू होगी. कप्तान शुभमन गिल के लिए खुद को प्रूव करने का ये बढ़‍िया मौका होगा.

Advertisement

पिछले साल टीम की कमान लेने के बाद से ODI में गिल का रिकॉर्ड बतौर कप्तान अच्छा नहीं रहा है. लेकिन, कोच गंभीर ने उनके डेवलपमेंट में विराट कोहली और रोहित शर्मा के असर की तारीफ की है. उनके मुताबिक, गिल के लिए ये काफी अच्छा है कि टीम के दो सबसे अनुभवी प्लेयर्स उनके साथ होंगे.

शुभमन गिल ने पिछले साल ही चैंपियंस ट्रॉफी के बाद ODI की कमान संभाली है. इसके बाद से उनकी अगुवाई में भारतीय टीम सिर्फ अफगानिस्तान के ख‍िलाफ सीरीज जीतने में सफल रही है. ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के ख‍िलाफ उन्हें 2-1 से हार का सामना करना पड़ा है. अब वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ एक बार फिर टीम को लीड करते दिखेंगे. इंग्लैंड में सीरीज गंवाने के बाद से ये रोहित और विराट की पहली सीरीज होगी.

Advertisement
गंभीर ने इंटरव्यू में क्या-क्या कहा?

गंभीर ने JioStar के साथ एक इंटरव्यू में इस सीरीज को लेकर बातें की. उन्होंने कहा,

गिल बहुत भाग्यशाली हैं. उन्हें ODI क्रिकेट में मैदान पर और मैदान के बाहर रोहित और विराट जैसे खिलाड़ियों की मदद मिलती है. मुझे लगता है कि दूसरी सबसे जरूरी चीज है शांत रहना. जब आप यंग होते हैं, तो कभी-कभी भावनाओं में बह सकते हैं.

2027 ODI वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर ही गिल को टीम की कमान सौंपी गई थी.  गंभीर ने इंटरव्यू के दौरान गिल के लीडरश‍िप स्टाइल की भी काफी तारीफ की. साथ ही उन्होंने गिल की क्वालिटीज पर भी बात कीं. उनके मुताबिक,

Advertisement

गिल ने सभी जरूरी चीजें की हैं. वह शांत रहे हैं. निस्वार्थ रहे हैं. आक्रामक रहे हैं. उन्होंने सही बातें कही हैं. वह सिर्फ रन बनाकर ही नहीं, बल्कि मिसाल बनकर टीम की अगुवाई करते हैं. इसलिए मुझे लगता है कि उन्होंने सब कुछ सही किया है. उम्मीद है कि उन्हें रिजल्ट्स भी मिलेंगे. ODI क्रिकेट में उनका समय थोड़ा मुश्किल रहा है. लेकिन, मुझे यकीन है कि हालात बदलेंगे क्योंकि उन्होंने सब कुछ सही किया है.

ये भी पढ़ें : आगरकर नहीं लेंगे एक्सटेंशन! नए चीफ सेलेक्टर को लेकर BCCI सचिव ने क्या बताया?

रोहित-कोहली सीरीज में होंगे अहम

रोहित और कोहली के होने से भारत की ODI बैटिंग लाइन-अप काफी मजबूत हो जाती है. वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भी दोनों अनुभवी प्लेयर्स टीम में शामिल हैं. गिल के कप्तान बनने के बाद से बल्ले से सबसे ज़्यादा रन भी इन्हीं दोनों ने बनाए हैं. अभी इंग्लैंड के ख‍िलाफ भी लॉर्ड्स में हुए अंतिम ODI में टीम इंडिया हार गई थी. लेकिन, इस दौरान रोहित शर्मा ने सेंचुरी लगाकर अपनी जगह पक्की कर ली थी. अब वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ भी ये दोनों अहम होंगे.

शुभमन गिल के लिए बतौर कप्तान ये सीरीज काफी अहम होगी. लेकिन, बतौर बैटर अगर बात करें तो, वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ उनका रिकॉर्ड अब तक शानदार रहा है. 6 मुकाबलों में उन्होंने वेस्टइंडीज के ख‍िलाफ 66.2 के औसत और 92.71 के स्ट्राइक रेट से 331 रन बनाए हैं. इसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 98 रहा है. रोहित और कोहली के अनुभव का साथ मिलने पर, गिल भारत के ODI कप्तान के तौर पर अपनी ज़िम्मेदारियों को निभाते हुए इस रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे.

सीरीज की बात करें तो, 27 सितंबर को पहला मुकाबला तिरुअनंतपुरम में, दूसरा मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी में और 3 अक्टूबर को अंतिम मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में होगा. इसके बाद वेस्टइंडीज को 5 मैचों की T20I सीरीज भी खेलना है. वेस्टइंडीज का पूरा दौरा 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खत्म होगा.

वीडियो: इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में रोहित ने लगाई अफवाहों पर लगाम, यंगस्टर्स हुए फेल

Advertisement