The Lallantop

अब टेस्ट मैच में भी खेलते दिखेंगे दीपक चाहर और ईशान किशन?

साउथ अफ्रीका दौरे के लिए आया बुलावा!

Advertisement
post-main-image
दीपक चाहर और ईशान किशन को साउथ अफ्रीका दौरे के लिए 'इंडिया ए' की टीम में शामिल किया गया (पीटीआई)
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ दीपक चाहर और विकेट कीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. दोनों ही खिलाड़ियों को 'इंडिया ए' टीम के लिए पुकार लगाई गयी है, जो साउथ अफ्रीका जाकर तीन मैचों की चार दिवसीय टेस्ट सीरीज़ खेलेगी. चाहर और ईशान, 23 नवंबर को साउथ अफ्रीका के ब्लूमफोंटेन शहर के लिए रवाना होंगे. अफ्रीका टूर के लिए टीम की घोषणा 9 नवंबर को ही कर दी गई थी, जिसमें अब ये दो नाम और जोड़े गए हैं. चाहर और ईशान का 'इंडिया ए' में चयन क्यों हुआ? इस घोषणा के बाद माना जा रहा है कि ईशान को टीम में इसलिए चुना गया है, क्योंकि अफ्रीका टूर के लिए जो टीम चुनी गई थी, उसमें केवल एक ही विकेट कीपर का चयन हुआ था. पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ चेतन शर्मा की अगुवाई वाली कमेटी ने जिस टीम का चयन किया था, उसमे केवल 'रेलवेज' के लिए खेलने वाले उपेंद्र यादव ही एकमात्र विकेट कीपर थे. अगर चाहर के सिलेक्शन की बात करें, तो उन्हें उनकी शानदार फॉर्म के चलते 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया गया है. उनके चयन की एक और वजह भारतीय क्रिकेट बोर्ड द्वारा उन्हें एक टेस्ट गेंदबाज़ के विकल्प के तौर पर देखना भी है. पीटीआई से बातचीत में BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इन दोनों खिलाड़ियों के सिलेक्शन की पुष्टि करते हुए कहा,
"हां, दीपक और ईशान को अफ्रीका टूर के लिए टीम में शामिल किया गया है. न्यूज़ीलैंड के साथ T20 सीरीज़ का आखिरी मैच खेलने के बाद दोनों 'इंडिया ए' टीम के साथ जुड़ेंगे.'
BCCI के एक अन्य अधिकारी ने चुनी गई टीम में एक विकेट कीपर की कमी होने की पुष्टि की और ईशान को इसके लिए एक बेहतर विकल्प बताया. इस अधिकारी ने ये संकेत भी दिया कि हो सकता है ईशान इस अफ्रीका टूर पर भारतीय टीम के फर्स्ट चॉइस विकेट कीपर बन जाएं. उन्होंने कहा,
'साफ़ सी बात है कि टीम को दूसरा विकेट कीपर चाहिए था और इसके लिए ईशान किशन से बेहतर और क्या विकल्प हो सकता था. हो सकता है वो टीम में फर्स्ट-चॉइस विकेट कीपर की तरह खेलें और जो सही भी है.'
कब शुरू होगी दक्षिण अफ्रीका सीरीज भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच T20 सीरीज़ समाप्त होने के बाद अब भारत की नैशनल टीम न्यूज़ीलैंड के साथ टेस्ट सीरीज़ में दो-दो हाथ करेगी. उधर, इसी दौरान 'इंडिया ए' टीम साउथ अफ्रीका जाकर चार दिनों वाले तीन टेस्ट मैच खेलेगी. दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पहला मैच 23 नवंबर से खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मैच 29 नवंबर और 6 दिसंबर से शुरू होगा. बताते चलें कि दीपक चाहर और ईशान किशन से पहले हनुमा विहारी को भी 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया जा चुका है. साउथ अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम कुछ इस प्रकार होगी:- प्रियांक पांचाल (कप्तान), पृथ्वी शॉ, हनुमा विहारी, अभिमन्यु ईश्वरन, देवदत्त पडिकल, सरफ़राज़ खान, बाबा अपराजिथ, उपेंद्र यादव (विकेट कीपर), कृश्नप्पा गोथम, राहुल चाहर, सौरभ कुमार, नवदीप सैनी, उमरान मलिक, ईशान पोरेल, अर्जन नगवासवाला, ईशान किशन (विकेट कीपर) और दीपक चाहर.

Advertisement
Advertisement