The Lallantop

पाकिस्तान क्रिकेट को मिला है नया सईद अनवर

तीन वन-डे मैचों में तीन सेंचुरी. लगातार.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
बाबर आज़म. पाकिस्तानी क्रिकेटर. 18वां मैच खेल रहा था. सेंचुरी मार दी. और इतिहास में नाम दर्ज करवा लिया. दुनिया का आठवां बैट्समैन जिसने 3 मैचों में लगातार सेंचुरी मारीं. इससे पहले कुमार संगक्कारा, ज़हीर अब्बास, सईद अनवर, हर्शल गिब्स, डिविलियर्स, डि कॉक और रॉस टेलर. इसमें संगक्कारा एकमात्र ऐसे बैट्समैन हैं, जिन्होंने 4 लगातार सेंचुरी मारी हैं. पाकिस्तानी क्रिकेटर्स में सिर्फ ज़हीर अब्बास और सईद अनवर ही तीन सेंचुरी लगातार मार पाए हैं. मगर बाबर ने एक ही सीरीज़ में तीन सेंचुरी मारकर अपने इस रिकॉर्ड को और भी स्पेशल बना दिया. वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ 120, 123 और 117 रन मारकर क्रिकेट इतिहास में तीन मैचों की दो देशों की वन-डे सीरीज़ में सबसे ज़्यादा 360 रन बनाने का रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले ये रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के डि कॉक के पास था. बाबर आज़म, पाकिस्तान में लाहौर से आता है. और पहला पाकिस्तानी बल्लेबाज है जिसने वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ तीन सेंचुरियां मारी हैं. इससे पहले मोहम्मद यूसुफ़, रमीज़ राजा और सईद अनवर ने 2-2 सेंचुरीज़ मारी हैं. पाकिस्तान ने बाबर की बैटिंग के दम पर ही दूसरी बार शारजाह में तीन मैचों की सीरीज़ में सारे मैच जीते हैं. इसके पहले ये काम भी वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ ही हुआ था. साल था 2008. बाबर आज़म पहला प्लेयर है जिसने अपनी पहली तीन सेंचुरी लगातार इनिंग्स में मारी हैं. और यही बाबर आज़म साल 2012 में अंडर -19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तानी कर रहा था. क्वॉर्टर फाइनल में इंडिया से हारे और बाहर निकले. बाबर ने ओवरकास्ट कंडीशन में पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया. और कुछ देर बाद ही पाकिस्तान का स्कोर था 0 रन पर 2 विकेट. 50 रन पर पर्सनल स्कोर पहुंचाने के बाद बाबर खुद एक ख़राब शॉट खेलकर आउट हो गया. बाबा अपराजित की एक ऑफब्रेक गेंद को मिड विकेट पर खड़े उन्मुक्त चांद तक पहुंचा दिया. बाबर आउट हो गया. यहीं इस प्लेयर की मेहनत दिखती है. दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं. बार-बार गलती करने वाले. और गलती को पहली बार ही में नोटिस कर उसे सुधार देने वाले लोग. बाबर दूसरे लोगों की लिस्ट में है. पाकिस्तान की नेशनल टीम में आकर अपने पहले मैच में 50 रन बनाये. आज 18 मैचों में 3 सेंचुरी, 5 हाफ़ सेंचुरी, हज़ार के करीब रन और 93.5 का स्ट्राइक रेट. एक मज़े की बात. पाकिस्तान के लिए खेलने वाले कामरान अकमल, उमर अकमल और अदनान अकमल इनके भाई हैं. कज़िन भाई. बाबर के लिए अगला टार्गेट पाकिस्तान की टेस्ट टीम में शामिल होना होगा. हालांकि अगर वो वन-डे और टी-20 टीम में अपनी जगह बनाने पर फ़ोकस करना चाहते हैं तो भी उनके लिए बेहतर होगा. जैसी जिसकी सोच.

Advertisement
Advertisement