The Lallantop

फाइनल के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट फै़न्स क्यों बोले, 'हमारे साथ धोखा हुआ है'

वॉर्नर के साथ घिसटे BCCI और इंडिया भी.

Advertisement
post-main-image
डेविड वॉर्नर औऱ बाबर आज़म. फोटो: AP
ICC T20 विश्वकप 2021 का समापन हो गया है. ऑस्ट्रेलिया ने न्यूज़ीलैंड को आठ विकेट से हराकर पहला T20 खिताब जीत लिया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया के खाते में आठवीं ICC ट्रॉफी आ गई है. ऑस्ट्रेलिया की टीम चैंपियन बनी और उनके स्टार बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर बने प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट. और ये बात पाकिस्तानी क्रिकेट फ़ैन्स हज़म नहीं कर पा रहे हैं. दरअसल डेविड वॉर्नर को प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट खिताब मिलने के बाद पाकिस्तानी फ़ैन्स ने सोशल मीडिया पर एक कैम्पेन छेड़ दिया. वे लगातार सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि हमारे लिए तो बाबर आज़म ही प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट हैं. आइए देखते हैं सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फैंस ने क्या कहा. सबसे पहले बात पूर्व पाकिस्तानी पेसर शोएब अख़्तर की. जैसे ही वॉर्नर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. अख़्तर ने लिखा,
'मैं सच में ये देखने के लिए उत्सुक था कि बाबर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट मिलेगा. निश्चित तौर पर अनुचित निर्णय.'
शोएब के बाद तो सोशल मीडिया पर कई पाकिस्तानी फ़ैन्स ऐसे ट्वीट्स की बाढ़ ले आए. अब्दुल्लाह नाम के यूज़र ने लिखा,
'मेरे किंग बाबर आजम का प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट अवॉर्ड लूट लिया गया.'
जवेरिया शाहिद राणा ने लिखा,
'कौन परवाह करता है, बाबर आज़म मेरे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट हैं.'
हारून ने लिखा,
'वार्नर के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जीतने से ये फैक्ट नहीं बदलेगा कि यहां सिर्फ एक किंग है बाबर आज़म.'
खलीज नाम के एक पेज ने लिखा,
'रीट्वीट कीजिए अगर आपको भी लगता है कि BCCI के पक्षपातपूर्ण रवैये के चलते बाबर आज़म मैन ऑफ द टूर्नामेंट बनने से चूक गए.'
फैसल खान ने भी ऐसा ही कुछ ट्वीट किया. उन्होंने लिखा,
'बाबर आज़म ने छह मैचों में 303 रन बनाए, वॉर्नर ने सात मैचों में 289 रन बनाए. लेकिन ICC ने फिर भी वॉर्नर को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना. ये ICC का अनुचित व्यवहार है.'
क्यों उठ रहे हैं ये सवाल? दरअसल इस विश्वकप में सबसे ज़्यादा रन बाबर आज़म के ही नाम हैं. बाबर आज़म ने 303 रन बनाए. उन्होंने छह पारियों में चार अर्धशतकों के साथ ये कारनामा किया. जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर हैं. वॉर्नर ने इस विश्वकप में 289 रन बनाए. उन्होंने सात पारियों में 48 की औसत से तीन अर्धशतक भी लगाए. पाकिस्तानी फै़न्स का सवाल ये है कि वॉर्नर के बाबर से 14 रन कम हैं. ऐसे में फिर क्यों उन्हें प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट दिया गया? हालांकि वह इस बात पर ध्यान नहीं दे रहे कि डेविड वॉर्नर ने टूर्नामेंट के दो नॉकआउट मैचों में बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया. पहले सेमीफाइनल में उन्होंने चेज़ करते हुए मुश्किल परिस्थिति में 49 रनों की पारी खेली. इसके बाद फाइनल में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भी उन्होंने 53 रन बनाकर टीम की जीत लिखी. जिसकी वजह से वॉर्नर को ये अवॉर्ड दिया गया.

Advertisement
Advertisement