एशियन गेम्स में एथलेटिक्स के इवेंट्स 29 सितंबर को खत्म हो गए. आखिरी दिन भारत ने पांच मेडल हासिल किए. पांच में से तीन मेडल रिले रेस में आए. वहीं गुलवीर सिंह और हाई जंपर पूजा सिंह ने भी मेडल हासिल किए. गुलवीर सिंह तीसरी बार ट्रैक पर उतरे. इस बार वह 5000 मीटर इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 मिनट 32.75 सेकंड का समय निकाला और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. यह पिछले चार दिनों में गुलवीर का तीसरा मेडल है. इससे पहले वह 10000 मीटर और 1500 मीटर में सिल्वर मेडल जीते थे.
एशियन गेम्स में गुलवीर सिंह की 'हैट्रिक', हाई जंपर पूजा सिंह ने 24 साल बाद दिलाया मेडल
भारत ने 2026 एशियाई खेलों में एथलेटिक्स में 24 मेडल के साथ अभियान का अंत किया. इनमें एक गोल्ड, नौ सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज शामिल हैं. हांगझोउ में 2023 खेलों में भारत ने एथलेटिक्स में छह गोल्ड, 14 सिल्वर और नौ ब्रॉन्ज समेत 29 मे़डल जीते थे.

गुलवीर अब ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले 1951 में दिल्ली में हुए पहले एशियन गेम्स में भारत के लेवी पिंटो ने 100 मीटर, 200 मीटर में गोल्ड और 4x100 मीटर रिले में सिल्वर मेडल जीता था. एक ही एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा मेडल जीतने का रिकॉर्ड दिग्गज खिलाड़ी पीटी उषा के नाम है. उन्होंने सियोल में 1986 एशियन गेम्स में चार गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता था. आपको बता दें कि एशियन गेम्स से पहले गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भी दो मेडल जीते थे.
पूजा सिंह ने जीता ब्रॉन्जभारतीय हाई जंपर पूजा सिंह ने भी देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता. पूजा ने पहले ही जंप में 1.70 मीटर की ऊंचाई तय की. इसके बाद वो 1.75 मीटर और फिर 1.80 मीटर तक पहुंच गईं. पूजा ने 1.84 मीटर का जंप लिया. इसके बाद उन्होंने 1.87 मीटर पर अटेम्प्ट लिया. तीन बार के प्रयास में भी वह उसे पार नहीं कर सकीं. इसी कारण उन्हें ब्रॉन्ज से संतुष्ट होना पड़ा. लेकिन वह 24 साल बाद भारत को हाई जंप में मेडल दिलाने में कामयाब रही. उनसे पहले बॉबी एलोयसियस ने 2002 का सिल्वर मेडल जीता था. यह हाई जंप में भारत का पहला मेडल था.
बता दें कि पूजा हाई जंप में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हैं. उन्होंने इसी साल अंडर-20 चैंपियनशिप में 1.91 मीटर के जंप के साथ यह खिताब अपने नाम किया था.
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स का शूटिंग गोल्ड जीतकर नीरू ढांडा ने भाई का 'अफसोस' दूर कर दिया
भारत के देव कुमार मीणा ने पुरुषों के पोल वॉल्ट में 5.50 मीटर के अटेंप्ट के साथ नेशनल रिकॉर्ड कायम किया. हालांकि वह सातवें स्थान पर रहे. महिलाओं की 800 मीटर में पूजा ओल्ला सातवें और पुरुष के 800 मीटर इवेंट में मोहम्मद अफजल आठवें स्थान पर रहे.
वीडियो: एशियन गेम्स के 7 वें दिन शूटिंग में भारत को एक और मेडल, एथलेटिक्स में पदकों की भरमार













