न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज 1 नवंबर को खत्म हो गई. टीम इंडिया ने ये सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली. हालांकि, टीम इंडिया की असली टेंशन अब शुरू होने वाली है. इस टेंशन का नाम है ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips). 4 नवंबर से भारत और न्यूजीलैंड (Ind vs NZ) के बीच 5 मैचों की ODI सीरीज शुरू हो रही है. इस सीरीज से पहले फिलिप्स ने इंडियन बॉलर्स की नींद उड़ा दी है.
फिलिप्स ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड! ODI सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए बने सबसे बड़े सिरदर्द
IND vs NZ 5th T20I: भारत के खिलाफ 38 गेंदों पर नाबाद 65 रन बनाकर न्यूजीलैंड के Glenn Phillips ने इतिहास रच दिया. वह 341 रनों के साथ किसी भी बाइलेटरल T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए.

5 मैचों की T20I सीरीज में इस कीवी बैटर ने जो गदर काटा है, वो किसी बुरे सपने जैसा है. हैमिल्टन के सेडोन पार्क में खेले गए आखिरी T20I में भी फिलिप्स का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने महज 38 गेंदों पर नाबाद 65 रनों की तूफानी पारी खेल दी. इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के उड़ाए. इसी के साथ बना दिया एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड, जिसे तोड़ना किसी भी बैटर के लिए आसान नहीं होगा.
सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ाग्लेन फिलिप्स अब T20I इतिहास में एक बाइलेटरल सीरीज में सबसे ज्यादा रन कूटने वाले बैटर बन गए हैं. फिर चाहे वो सीरीज कितने भी मैचों की क्यों न रही हो. उन्होंने इस 5 मैचों की सीरीज में कुल 341 रन जड़ दिए. क्रिकेट इतिहास में आज तक किसी भी बैटर ने एक बाइलेटरल टी20 सीरीज में इतने रन नहीं बनाए थे.
इससे पहले, ये महारिकॉर्ड इंग्लैंड के फिल सॉल्ट के नाम था. सॉल्ट ने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों में 331 रन बनाए थे. फिलिप्स को ये रिकॉर्ड तोड़ने के लिए आखिरी मैच में 56 रनों की दरकार थी. उन्होंने न सिर्फ ये आंकड़ा पार किया, बल्कि विनिंग रन जड़ते हुए नाबाद 65 रन बना दिए. इसी के साथ उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम सबसे ऊपर लिखवा लिया है.
ये भी पढ़ें : भुवनेश्वर कुमार के पास खुद को साबित करने का आखिरी मौका!
हर इंडियन बॉलर दिखा क्लूलेसइस पूरी सीरीज में फिलिप्स का भौकाल किस कदर रहा, ये उनके आंकड़ों से समझ आता है. 5 मैचों में एक सेंचुरी और तीन हाफ सेंचुरी. तीसरे T20I को छोड़ दें, तो उन्होंने हर मुकाबले में भारतीय बॉलिंग अटैक की बखिया उधेड़ी है. हर मैच में 65 या उससे ज्यादा का स्कोर. चौथे T20I में तो उन्होंने महज 49 गेंदों पर 107 रन ठोक दिए थे. उसी शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की थी. अब 5वें मैच में भी उन्होंने टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया.
अब सवाल ये है कि 4 नवंबर से शुरू हो रही ODI सीरीज में टीम इंडिया उन्हें रोकेगी कैसे? टीम में सिराज को छोड़कर कोई भी अनुभवी बॉलर नहीं हैं. प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह को उन्होंने T20I सीरीज में खूब कूटा है. अंशुल कंबोज के पास भी ज्यादा अनुभव नहीं है. ऐसे में बुमराह की कमी खलनी तय है. अगले साल अफ्रीका में ODI वर्ल्ड कप भी होना है. उसके लिहाज से ये सीरीज बेहद अहम है. ऐसे में इस प्रचंड फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स इंडियन बॉलर्स के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बनने वाले हैं.
मैच में क्या हुआ?वहीं, अगर इस आखिरी T20I मुकाबले की बात करें, तो न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से एकतरफा अंदाज में हरा दिया. टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए जीत के लिए 192 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था. जवाब में उतरी कीवी टीम को भारत ने शुरुआती झटका भी दिया. फिन एलन जल्दी पवेलियन लौट गए. इसके तुरंत बाद टिम साइफर्ट का भी विकेट मिल जाता, लेकिन नमन धीर ने उनका कैच टपका दिया.
बस फिर क्या था. साइफर्ट ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई. शुरुआत में स्ट्रगल कर रहे साइफर्ट ने महज 50 गेंदों में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेल डाली. उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के जड़े. पहले डैरिल मिचेल और फिर ग्लेन फिलिप्स ने उनका भरपूर साथ निभाया.
नतीजा ये रहा कि न्यूजीलैंड ने 192 रनों का टारगेट दो ओवर बाकी रहते ही हासिल कर लिया. फिलिप्स ने ही मैच का विनिंग शॉट लगाया. हालांकि, न्यूजीलैंड की इस धमाकेदार जीत के बावजूद भारतीय टीम ने यह सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली.
वीडियो: संजू सैमसन 13 पारियों में 7 बार फ्लॉप, क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?









