The Lallantop

भगवान कृष्ण पर दिए बयान के लिए धीरेंद्र शास्त्री ने माफी मांगी, 'हाथ जोड़कर क्षमा चाहता हूं'

धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर माफी मांगी है. उनके इस बयान पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया था. अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गजों ने बयान की कड़ी निंदा की थी.

Advertisement
post-main-image
धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर माफी मांगी. (Courtesy- ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को 'टेढ़ा' बताने वाले बयान पर माफी मांगी और कहा कि उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।
  • धीरेंद्र शास्त्री ने 29 अक्टूबर को श्रीराम कथा के दौरान भगवान कृष्ण के बारे में विवादित बयान दिया था, जिसके बाद विभिन्न नेताओं और संत समाज द्वारा उनका विरोध हुआ।
  • बयान के बाद कई राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों ने उनकी कड़ी आलोचना की, साथ ही बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले बयान पर हाथ जोड़कर माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी तरह का भेद या बंटवारा करना नहीं था. किसी के मन को ठेस पहुंची है, तो वे क्षमा मांगते हैं. धीरेंद्र शास्त्री की ये माफी तब आई है, जब चारों ओर से उन पर सवाल उठने लगे थे. नेता से लेकर संत समाज तक के लोग उनके विरोध में आ गए थे.

Advertisement

मध्य प्रदेश के शिवपुरी ज‍िले के करैरा में  29 अक्टूबर को श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि तु्म्हारे ठाकुर जी हर फोटो में इधर-उधर देखते नजर आते हैं. खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े. पांव के ऊपर पांव. कमर कहीं लचकाएं. फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं. जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं. उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे. तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े.'

धीरेंद्र शास्त्री ने आगे कहा कि हमारे भगवान का धाम भी एकदम सीधा- आयोध्या और तुम्हारे वाले का वृंदावन. वृंदावन शब्द उन्होंने जोर देते हुए कहा और अपने दोनों हाथ फैला दिए. उनके इसी बयान पर विरोध हुआ था.

Advertisement
अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस सांसद दिग्विजिय सिंह ने सवाल उठाए. वहीं मथुरा के संत भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भड़क गए.

एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, ‘मानवीय भूलों के लिए तो क्षमा किया जा सकता है, ‘ईशनिंदा’ के लिए कभी नहीं. पूरे देश में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किये जाएं, नई अनुमति नहीं दी जाए और सार्वजनिक जीवन में हर सच्चा सनातनी इनका पूर्ण बहिष्कार करे, यही इनके अक्षम्य पाप का दंड होना चाहिए, नहीं तो वो भी ईशनिंदा के पाप का भागी बनकर अपना लोक-परलोक बिगाड़ लेगा.’ अखिलेश ने आगे लिखा कि मनुष्य का दंभ इतना भी नहीं होना चाहिए कि वो अपने को ईश्वर से ऊपर समझने लगे. 

Akhilesh Yadav Tweet
अखिलेश यादव ट्वीट

वहीं तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में धीरेंद्र शास्त्री को निशाने पर लेते हुए लिखा, ‘यह नफरती लोग पहले इंसान को बांटते थे, अब भगवान को बांटने लगे. राजनीतिक लोभ में और कितना नीचे गिरेंगे?’

Advertisement
The Lallantop: Image Not Available
तेजस्वी यादव ट्वीट
सुप्रिया श्रीनेत और भूपेश बघेल ने भी की आलोचना

कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी धीरेंद्र शास्त्री को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि लोगों को बांटने से मन नहीं भरा कि आराध्यों को भी बांटने लगे? ठाकुर जी को टेढ़ा मेढ़ा कहना पाप है. वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने तो धीरेंद्र शास्त्री ने ढोंगी बाबा करार दिया. एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘कोई तो 'केमिकल लोचा' है. इनकी रेबीज़ वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा. हिंदू-हिंदू करते करते अब यह ढोंगी बाबा हिंदुओं के आराध्य देवी देवताओं की खिल्ली उड़ाने लगा. कहां हो हिंदू धर्म के कायर ठेकेदारों??? भावनाएं आहत नहीं हो रही हैं???’ 

यह भी पढ़ें: शराबबंदी वाले गुजरात में दारू पीकर फॉर्च्यूनर से लोगों को कुचला, मां-बेटे की मौत

पप्पू यादव FIR दर्ज कराने पहुंचे 

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ गुस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ. बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने संसद मार्ग थाने पहुंचे. वैसे ये कोई पहली बार नहीं जब धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों को लेकर सवालों के घेरे में आए हो. इससे पहले भी वो कई बार ऐसे बयान दे चुके है, जिसे लेकर सवाल उठ थे. फिर चाहे वो संत तुकाराम की पत्नी पर टिप्पणी हो या साईं बाबा को लेकर दिया बयान हो या फिर अली और बजरंगबली वाला विवाद हो. और इस बार राम-कृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी. 

वीडियो: राजधानी: पंजाब वाला 'ऑपरेशन लोटस' बिहार में क्यों फेल?

Advertisement