एक्टर दीया मिर्जा का एक वीडियो वायरल है जिसमें वो दिवाली पर पटाखे न फोड़ने की अपील कर रही हैं. इसे BMC ने अपने पेज से हटा दिया था. सिर्फ इतना ही नहीं दीया के पटाखे वाले बयान पर बीजेपी, मुंबई की मेयर और NDA सहयोगी दल के कई नेताओं ने सवाल उठाए थे. हालांकि, अब इस पूरे विवाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन नेताओं को फटकार लगाई है, जो दीया के वीडियो को लेकर उन पर निशाना साध रहे थे.
दीया मिर्जा के वीडियो विवाद पर HC ने BMC को लगाई फटकार, 'दोबारा अपलोड करिए'
एक्टर दीया मिर्जा का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो पॉल्यूशन फ्री दिवाली मनाने की बात कर रही हैं. लेकिन इसपर बीजेपी, मुंबई की मेयर और NDA के कई नेताओं ने सवाल उठाए. अब बॉम्बे HC ने उन नेताओं को फटकार लगाई है.

हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब विपक्षी दलों को बीजेपी और BMC पर निशाना साधने का एक और मौका मिल गया है.
बॉम्बे हाईकोर्ट में जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की बेंच ने BMC को दीया मिर्जा के वीडियो को फिर से अपलोड करने का आदेश दिया है. बेंच ने कहा कि वो ‘कुछ नेताओं की ओर से की गई इक्का-दुक्का टिप्पणियों से परेशान है.’ अदालत ने उन्हें याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है.
जस्टिस गोखले ने कहा कि यह मामला पूरी तरह पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा है और इसे कोई दूसरा रंग नहीं दिया जाना चाहिए. जजों ने कहा, "हर कोई एक ही हवा में सांस ले रहा है, चाहे वह कोई भी हो." अदालत ने बीएमसी को हटाए गए वीडियो को दोबारा बहाल करने का निर्देश दिया.
पूरा विवाद क्या है?दरअसल, मुंबई में दिवाली से पहले BMC ने लोगों से पटाखे नहीं जलाने की अपील की थी. साथ ही, पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की अपील करने के लिए एक जागरूकता अभियान शुरू किया था. इस अभियान में फ़िल्म और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया. इनमें अभिनेत्री दीया मिर्ज़ा, माधुरी दीक्षित, मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल थे.
लेकिन एक नवंबर को बीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट पर दीया मिर्ज़ा का वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया. मामले की शुरुआत मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर किए गए एक पोस्ट से हुई. उन्होंने बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए लिखा कि हमें दिवाली मनाने के तरीके पर किसी से सीख लेने की जरूरत नहीं है.
इसके कुछ ही घंटे बाद BMC प्रशासन ने दीया मिर्जा के संदेश वाला वीडियो अपने एक्स और इंस्टाग्राम पेज से हटा दिया. हालांकि, बीएमसी ने इसी अभियान के तहत जारी किए गए माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बरकरार रखा है.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख ने दीया मिर्जा को 'बाहरी' कहा, BMC ने दिवाली वाला पोस्ट डिलीट ही कर दिया
मुंबई की मेयर ने जताया विरोधवीडियो हटाए जाने पर दीया ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि एयर पॉल्यूशन पब्लिक हेल्थ का मामला है और यह वीडियो बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत जनहित में बनाया गया था. वहीं, मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि दीया मिर्जा ने नर्मदा प्रोजेक्ट, UCC और पीएम मोदी के बयानों का हमेशा विरोध किया है. मेयर ने कहा कि बीएमसी ने उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है.
BMC के इस फैसले पर विपक्ष ने भी सवाल उठाए थे. अब कोर्ट के फैसले के बाद विपक्ष को बीजेपी नेताओं को निशाने पर लेने का एक और मौका मिल गया है. शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘बीजेपी जिस भी प्रशासन की कमान संभालती है, उसे तमाशा बना देती है.’ उन्होंने मेयर पर धार्मिक टिप्पणी करने और नागरिक के मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया है.
वीडियो: अभिनेत्री दिया मिर्ज़ा के पति वैभव रेखी कौन हैं?










