एशिया कप में रनों की बरसात करती आ रही शेफाली वर्मा का जादू फाइनल में भी कायम रहा. श्रीलंका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उन्होंने रिकॉर्ड फिफ्टी लगाई. वह मैदान में हर तरफ शॉट खेल रही थीं. श्रीलंकाई गेंदबाज समझ ही नहीं पा रहे थे कि वह शेफाली नाम के तूफान को रोकें. शेफाली ने साथ-साथ स्मृति मंधाना ने भी अर्धशतक जमाया. इस साझेदारी ने भारत को 183 तक पहुंचा दिया. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 111 रनों पर ही सिमट गई. भारत ने ये मुकाबला 72 रनों से जीत लिया. ये 8वीं बार है, जब भारतीय महिला टीम ने एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की.
भारतीय विमेंस टीम ने 8वीं बार जीती एशिया कप ट्रॉफी, शेफाली-स्मृति ने तोड़े कई रिकॉर्ड
शेफाली वर्मा के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास रहा. उन्होंने इस टूर्नामेंट के पांच मैचों में 47.20 के औसत से 236 रन बनाए हैं. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं.

शेफाली इस पूरे टूर्नामेंट में ही अच्छी लय में दिखीं. फाइनल में भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी. शेफाली और स्मृति क्रीज पर आईं और आते ही तूफान मचा दिया. पावरप्ले में दोनों ने जमकर हिटिंग की. पांचवें ओवर में चमारी अट्टापट्टू के खिलाफ शेफाली ने 19 रन बनाए. इसमें दो छक्के और एक चौका शामिल था. पावरप्ले खत्म होने पर दोनों ने 57 रन जोड़ लिए थे. इसके बाद भी शेफाली रुकी नहीं और अगले ओवर में बैक टू बैक टू दो चौके लगा दिए. महज 24 गेंदों में शेफाली ने अर्धशतक लगा दिया था.
यह एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक है. उन्होंने भारत की ही स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ा. स्मृति ने 2022 में खेले गए एशिया कप में श्रीलंका के खिलाफ ही 25 गेंदों में अर्धशतक लगाया था. इतना ही नहीं एशिया कप में टी20 फॉर्मेट में सबसे तेज पांच अर्धशतक भारतीय खिलाड़ियों ने ही लगाए हैं.
11वें ओवर में शेफाली और स्मृति मंधाना की शतकीय साझेदारी पूरी हो गई. महिला टी20 इंटरनेशल में यह शेफाली और स्मृति की छठी शतकीय साझेदारी है. वह ऐसा करने वाली दुनिया की केवल दूसरी ही जोड़ी है. उनके अलावा, यूएई की ईशा ओजा और तीर्था सतीश ने ऐसा किया है.
यह भी पढ़ें- वैभव पहले T20I में क्यों नहीं खेले? वजह ईशान किशन तो नहीं?
शेफाली वर्मा आखिरकार चमुडी प्रबोदा की गेंद पर आउट हुईं. वह कवर्स की ओर खेलने की कोशिश कर रही थींं, लेकिन चमारी अट्टापट्टू को कैच दे बैठीं. स्मृति मंधाना के साथ उन्होंने 77 गेंदों में 129 रन की साझेदारी की. यह साझेदारी भी एशिया कप के इतिहास की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले, सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के नाम थी. दोनों ने साल 2022 में हुए एशिया कप में यूएई के खिलाफ 128 रन की साझेदारी की थी.
शेफाली की बात करें तो, यह टूर्नामेंट उनके लिए बेहद खास रहा. उन्होंने थाईलैंड के 64 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा, सेमीफाइनल में भी 64 रन बनाए. पाकिस्तान के खिलाफ वह बल्ले से कुछ नहीं कर पाईं. लेकिन, एक विकेट अपने नाम किया. उन्होंने इस टूर्नामेंट के पांच मैचों में 47.20 के औसत से 236 रन बनाए हैं. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं.
वीडियो: फिक्सिंग में फंसा पाकिस्तान, मोहसिन नक़वी और मोहम्मद रिज़वान पर टिकी नजर









