पाकिस्तान की इंग्लैंड में खूब फजीहत हो रही है. पहले लीड्स, फिर लॉर्ड्स में हारने के बाद पाकिस्तानी टीम पर एजबेस्टन टेस्ट में भी हार का खतरा मंडरा रहा है. पहली इनिंग्स में 133 रनों पर सिमटने वाली पाकिस्तानी टीम दूसरी इनिंग्स में भी महज 52 रन पर दो विकेट गंवा चुकी है. पारी से हार टालने के लिए उन्हें अभी 268 रन और जोड़ने हैं. माने सीरीज में क्लीन स्वीप से टीम सिर्फ 8 विकेट दूर है. लेकिन, पाकिस्तानी के एक पूर्व कप्तान टीम की इस दुर्दशा का ठीकरा ऐसे कोच पर फाेड़ रहे हैं, जो सिर्फ इस मुकाबले से पहले टीम के साथ जुड़े हैं.
कोच हेसन को बता दिया इंडिया का एजेंट? पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने उठाया वफादारी पर सवाल
Pak vs Eng : पाकिस्तान के पूर्व कप्तान Rashid Latif ने कोच Mike Hesson की पाकिस्तानी टीम के प्रति वफादारी पर ही सवाल उठा दिए हैं. उन्होंने कोच के IPL से जुड़े होने का जिक्र करते हुए कहा है कि इससे शक पैदा हो रहा है. यह आरोप ऐसे समय में लगाया गया है, जब पाकिस्तान पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है.

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ की बातें हैरान करने वाली हैं. उन्होंने कोच माइक हेसन को इंडिया का एजेंट बता दिया है. उन्होंने कोच की वफादारी पर भी सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, क्योंकि हेसन पहले IPL से जुड़े रहे हैं. उन पर भरोसा करना मुश्किल है. लतीफ ने बॉब वूल्मर और जेफ लॉसन का उदाहरण भी दिया. उनके मुताबिक, इन कोच की वफादारी काबिले तारीफ थी. लेकिन, IPL में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ जुड़े रहे कोच हेसन पर उन्हें भरोसा नहीं है.
लतीफ ने हेसन के बारे में कहा,
उन पर हमेशा शक बना रहेगा. IPL से जुड़ाव के कारण किसी व्यक्ति का इस्तेमाल एजेंट के तौर पर किया जा सकता है. जो नुकसान वो नहीं कर पाए, शायद कोई और कर दे. जो व्यक्ति सीधे IPL से जुड़ा हो, वहां के लोग उसका इस्तेमाल कर सकते हैं. इसी तरह एजेंट बनते हैं.
ये पहली बार नहीं है जब लतीफ ने इस तरह का कंट्रोवर्शियल बयान दिया है. हालांकि, उन्होंने इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया. मजे की बात ये है कि हेसन का IPL में काम करना किसी से छिपी बात नहीं है. आज के दौर के किसी इंटरनेशनल कोच के लिए IPL में काम करना कोई असामान्य बात नहीं है. यही कारण है कि पूर्व कप्तान की ऐसी बातें हास्यास्पद ही लगती हैं. पाकिस्तान क्रिकेट को अभी क्लैरिटी की जरूरत है. लेकिन, पूर्व कप्तान इसे बिना मतलब साजिश का रुख देने में लगे हैं.
ये भी पढ़ें : शमी भी हो गए हैं वैभव के फैन! सूर्यवंशी का गिफ्ट देख हो गए इमोशनल
वैसे माइक हेसन के कार्यकाल की बात करें तो, उनके टेन्यॉर में पाकिस्तान क्रिकेट की हालत अच्छी नहीं रही है. साल की शुरुआत में उनकी कोचिंग में ही T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की जबरदस्त फजीहत हुई थी. टीम इस टूर्नामेंट में सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ पाई थी. लेकिन, इन सब के बावजूद वो एक साल से टीम के वाइट बॉल कोच बने हुए हैं.
कमाल की बात तो ये है कि इंग्लैंड सीरीज में जब पाकिस्तानी टीम शुरुआती दोनों मुकाबले हारी तो रातोंरात PCB ने दोनों कोच सरफराज अहमद और उमर गुल को वापस बुला लिया. उनकी जगह अंतिम मैच से पहले टीम की रेड बॉल की कमान भी माइक हेसन को सौंप दी. 7 प्लेयर्स को बदल दिया गया. लेकिन, इसके बाद भी पाकिस्तान के स्ट्रगल में कोई बदलाव नहीं आया है. इंग्लैंड 3-0 से सीरीज जीतने की कगार पर पहुंच गया है.
कोच बदलने में टॉप पर पाकिस्तानपाकिस्तान क्रिकेट की ये उथल-पुथल सिर्फ प्लेयर्स सेलेक्शन तक सीमित नहीं रही है. PCB ने प्लेयर्स के अनुशासन और व्यवहार की जांच भी शुरू कर दी है. हालांकि, 7 प्लेयर्स के रातोंरात बदलने के PCB के फैसले की भी खूब आलोचना हुई है. टीम के पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी ने सार्वजनिक रूप से PCB के इस फैसले की आलोचना की है.
वैसे कोच बदलने के मामले में भी पाकिस्तान नंबर वन है. पिछले तीन सालों में टीम ने 6 टेस्ट कोच बदल हैं. इसका असर उनके परफॉर्मेंस में भी नज़र आता है. उन्होंने अपनी पिछली 8 टेस्ट सीरीज में से सिर्फ एक जीती है. लेकिन, इन मेजर प्रॉब्लम्स को गंभीरता से डिस्कस करने की बजाय पूर्व कप्तान एक बार फिर नई कंट्रोवर्सी पैदा करने में ही लगे हैं.
हार से सिर्फ 8 विकेट दूरवहीं, टीम के प्रदर्शन की बात करें तो, पूरे इंग्लैंड दौरे पर टीम ने अब तक 7 पारियों में एक बार भी 200 का आंकड़ा पार नहीं किया. बर्मिंघम टेस्ट में भी टीम पहली इनिंग्स में महज 133 रनों पर सिमट गई थी. सऊद शकील के 43 रनों को छोड़ दें तो, टॉप 8 बैटर्स में से कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. इसमें कप्तान बाबर आजम भी शामिल थे.
पाकिस्तान के 133 रन के जवाब में इंग्लैंड ने पहली इनिंग्स में 453 रन बनाए. अब दूसरे दिन स्टंप्स तक पाकिस्तान ने दूसरी इनिंग्स में 2 विकेट पर 52 रन बना लिए हैं. पाकिस्तान अभी भी मुकाबले में 268 रनों से पिछड़ रहा है. ऐसे में ये देखने लायक होगा कि टीम पारी से हार बचा पाती है. या एक बार फिर लीड्स की तरह उन्हें पारी से हार का सामना करना पड़ता है.
वीडियो: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बाबर आजम का बल्ला खामोश, बासित अली ने जमकर सुनाई खरी-खोटी













