डेनमार्क के फेमस बैडमिंटन प्लेयर एंडर्स एंटनसन (Anders Antonsen) इन दिनों दिल्ली में हैं. वह BWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2026 में हिस्सा ले रहे हैं. वह तीन साल बाद दिल्ली में कोई टूर्नामेंट खेलने आए हैं. इससे पहले वह यहां पर होने वाले इंडिया ओपन का विरोध कर चुके हैं. उन्होंने ये विरोध दिल्ली में पॉल्यूशन के चलते किया था. एंटनसन दिल्ली में प्रदूषण की वजह से पिछले तीन साल से इंडिया ओपन नहीं खेले. इसके लिए उन पर 5 हजार US डॉलर का फाइन भी लगा था. इस फाइन से उन्हें एतराज नहीं हैं. उन्होंने हर सीजन ये जुर्माना दिया लेकिन, अब ऐसा क्या बदल गया, जो वह दिल्ली में BWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप खेलने आ गए?
दिल्ली आने से बचने के लिए फाइन भरा, अब वहीं BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप खेल रहे एंटनसन
डेनमार्क के मशहूर बैडमिंटन प्लेयर एंडर्स एंटनसन (Anders Antonsen) इन दिनों दिल्ली में हैं. वह BWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने आए हैं. एंटनसन ऐसे प्लेयर हैं जिन्होंने दिल्ली में होने वाले इंडिया ओपन से लगातार तीन बार अपना नाम वापस लिया है. लेकिन, इस बार उन्होंने दिल्ली तारीफ कर दी.

एंडर्स एंटनसन ने साल की शुरुआत में हुए इंडिया ओपन सुपर 750 में भाग नहीं लिया था. उन्होंने दिल्ली में एयर पॉल्यूशन को इसकी वजह बताया. टूर्नामेंट में नहीं खेलने पर उन्हें 5 हजार US डॉलर का जुर्माना भरना पड़ा था. अब BWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भाग लेने आए एंटनसन दिल्ली के एटमॉस्फेयर से खुश हैं. उन्होंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दिल्ली के वातावरण पर बात की. उनका कहना है कि इस समय दिल्ली की हालत काफी बेहतर है. उन्होंने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम की सुविधाओं पर भी संतोष जताया.
एंटनसन ने मीडिया से बात करते हुए कहा,
मैं करीब साढ़े तीन साल से दिल्ली नहीं आया था. पिछली बार मैं 2023 में यहां आया था. जहां तक मुझे पता है दिल्ली में प्रदूषण का लेवल हर मौसम में काफी बदलता है. आमतौर पर दिल्ली में पॉल्यूशन ज्यादा होता है. लेकिन अभी स्थिति ठीक है. मैंने इससे भी ज्यादा खराब पॉल्यूशन दिल्ली में देखा है.
उन्होंने आगे कहा कि अभी उन्हें कोई परेशानी नहीं है. स्टेडियम काफी अच्छा है. प्रैक्टिस की सुविधाएं भी अच्छी हैं. कुल मिलाकर मैं अभी तक यहां आकर खुश हूं.
इंडिया ओपन के शेड्यूल से खुश नहींBWF वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मौजूदा व्यवस्था को देखकर एंटनसन खुश हैं. लेकिन, उन्होंने कहा अगर फ्यूचर में इंडिया ओपन जनवरी या फरवरी में होता है तो वह इसमें खेलने से पहले कई बार सोचेंगे. BWF के नए कैलेंडर में इंडिया ओपन को फरवरी में रखा गया है. ये शेड्यूल दुनिया के नंबर-4 खिलाड़ी एंटनसन को पसंद नहीं आया. इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की.
उन्होंने कहा,
ईमानदारी से कहूं तो मैं यह देखकर खुश नहीं था. अगर कोई प्लेयर सुपर 750 या उससे बड़े टूर्नामेंट में नहीं खेलता है तो BWF उस पर फाइन लगाता है. हर साल जब मैं कैलेंडर देखता हूं, तो मुझे लगता है ये ठीक है. अब मुझ पर 5 हजार डॉलर का जुर्माना लगने वाला है. मुझे नहीं पता कि अगले साल ऐसा होगा कि नहीं. अभी मैं यहां आने के लिए हंड्रेड पर्सेंट श्योर नहीं हूं.
एंटनसन के मुताबिक, जनवरी-फरवरी में दिल्ली में बहुत ज्यादा पॉल्यूशन होता है. मुझे नहीं लगता कि BWF का जनवरी या फरवरी में दिल्ली में टूर्नामेंट कराने का सही डिसीजन है. अगर ये टूर्नामेंट अगस्त या सितंबर में होता तो बहुत बेहतर रहता.
ये भी पढ़ें: देवदत्त पडिक्कल की पारी ने इस खिलाड़ी का टेस्ट करियर चौपट कर दिया?
फिलहाल, एंडर्स एंटनसन BWF चैम्पियनशिप 2026 में अपनी ताकत दिखाएंगे. वह टूर्नामेंट में फेवरेट प्लेयर माने जा रहे हैं. पूर्व वर्ल्ड चैंपियन विक्टर एक्सेलसन इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं. ऐसे में डेनमार्क को एंटनसन से मेन सिंगल्स में मेडल जीतने की उम्मीद है.
वीडियो: श्रीसंत ने हरभजन सिंह को ओपन चैलेंज कर दिया










